TRENDING TAGS :
वर्ल्ड कप जिताने के बाद भी टीम इंडिया से हुए बाहर, सूर्यकुमार यादव का छलका दर्द; बताया क्या है अगला प्लान?
सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया में मौके नहीं मिलने को लेकर अपना दर्द बयां किया है। SKY ने घरेलू क्रिकेट, बल्लेबाजी फॉर्म और भारतीय टीम में वापसी को लेकर क्या कहा, जानिए।
Suryakumar Yadav
Suryakumar Yadav Comeback: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने को लेकर बड़ी बात कही है। सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को टी20 का वर्ल्ड कप जिताया। इसके बावजूद उनसे कप्तानी छीनकर उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसको लेकर उन्होंने पहली बार अपना दर्द बयां किया है। सूर्यकुमार ने स्वीकार किया कि भारत के लिए नहीं खेल पाना उन्हें काफी तकलीफ देता है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी है और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं।
‘सुरंग के अंत में हमेशा रोशनी होती है’
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम से दूर रहना निश्चित रूप से दर्दनाक है। उन्होंने कहा, "आप लगातार पांच साल तक भारत के लिए खेलते हैं और फिर अचानक देश के लिए नहीं खेल पाते। यह दुख देता है, लेकिन खेल ऐसा ही है।"
सूर्यकुमार ने आगे कहा कि पिछले दो सालों में क्रिकेट ने उन्हें काफी कुछ सिखाया है। आईपीएल के बाद भी उन्हें कई नई चीजें सीखने को मिली हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुश्किल समय के बाद अच्छा वक्त जरूर आएगा। उनके मुताबिक, 'सुरंग के अंत में हमेशा रोशनी होती है। तब तक खेल जारी रहना चाहिए।'
‘मेरी बल्लेबाजी में कुछ गलत नहीं है’
टीम इंडिया से बाहर होने के पीछे सूर्यकुमार यादव की खराब बल्लेबाजी फॉर्म को भी एक बड़ी वजह माना गया। हालांकि, सूर्यकुमार इससे पूरी तरह सहमत नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनकी बल्लेबाजी में कुछ गलत हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच साल से उनका खेलने का अंदाज एक जैसा रहा है। भारत और मुंबई दोनों के लिए बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने हमेशा अपने खेल का आनंद लिया है।
सूर्यकुमार ने यह भी बताया कि पिछले 8 से 10 हफ्ते में उन्होंने बल्लेबाजी का काफी अभ्यास किया है और अब उसकी झलक मैदान पर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जितनी ज्यादा मेहनत की जाती है, किस्मत भी उतना ही साथ देती है।
घरेलू क्रिकेट पर पूरा फोकस, IPL की नहीं कर रहे चिंता
फिलहाल सूर्यकुमार यादव मुंबई की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में उनके बल्ले से अब तक दो अर्धशतक निकल चुके हैं। वह घरेलू क्रिकेट में अपनी लय हासिल करने में सफल रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल वह आईपीएल के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद विजय हजारे ट्रॉफी और फिर रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण के मुकाबले खेले जाने हैं। सूर्यकुमार ने कहा कि उनका मौजूदा लक्ष्य सुपर लीग का हर मुकाबला जीतना और फिर टूर्नामेंट का फाइनल अपने नाम करना है।
उनके इस बयान से साफ है कि सूर्यकुमार फिलहाल किसी जल्दबाजी में नहीं हैं। वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाकर अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचना चाहते हैं।


