TRENDING TAGS :
पृथ्वी शॉ की टीम को मिली हार, सूर्यकुमार यादव ने खेली तूफानी पारी; भुवनेश्वर कुमार रहे फ्लॉप
Syed Mushtaq Ali Trophy 2026-27: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार यादव ने 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए। जबकि पृथ्वी शॉ की टीम को शिकस्त का सामना करना पड़ा।
Image Source - Social Media
Syed Mushtaq Ali Trophy 2026-27: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के पहले दिन कई बड़े भारतीय क्रिकेटर मैदान पर उतरे। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में सूर्यकुमार यादव ने अपने बल्ले से धमाका किया, जबकि पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली महाराष्ट्र टीम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
पृथ्वी शॉ ने बनाए 32 रन, टीम को मिली हार
पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली महाराष्ट्र की टीम को पुद्दुचेरी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में पुद्दुचेरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 204 रन बनाए। 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 189 रन ही बना सकी। इस तरह पुद्दुचेरी ने 15 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पृथ्वी शॉ ने 25 गेंदों में 32 रन बनाए। उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला। वहीं, साहिल परख ने 29 गेंदों में 57 रन की पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। पुद्दुचेरी की जीत के हीरो 17 वर्षीय बादल रावत रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
सूर्यकुमार यादव ने बनाए नाबाद 60 रन
वहीं मुंबई और हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय सूर्यकुमार यादव ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 21 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। सूर्यकुमार ने केवल 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उनके अलावा मुशीर खान ने 24 गेंदों में 51 रन की शानदार पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में मुंबई ने 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 174 रन बना लिए और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।
भुवनेश्वर कुमार को नहीं मिला एक भी विकेट
उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच हुए मुकाबले में राजस्थान ने बाजी मारी। यूपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रन बनाए। समीर रिजवी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। सिद्धार्थ यादव ने भी 37 रनों का योगदान दिया।
जवाब में राजस्थान ने अभिजीत तोमर की 34 गेंदों में 63 रनों की पारी और रोहन राजबर के 48 रनों की बदौलत 15.4 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में भुवनेश्वर कुमार को 2 ओवर गेंदबाजी करने का मौका मिला। उन्होंने 15 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। जबकि उनका इकॉनमी रेट भी 7.50 का रहा।


