TRENDING TAGS :
वर्ल्ड रिकॉर्ड के बाद मिली हार, वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार नहीं रहा कप्तानी डेब्यू
Vaibhav Sooryavanshi Captaincy Debut: वैभव सूर्यवंशी के लिए उनका कप्तानी डेब्यू अच्छा नहीं रहा। उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड जरूर बनाया लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा।
Vaibhav Sooryavanshi Captaincy
Vaibhav Sooryavanshi Captaincy Debut: वैभव सूर्यवंशी के लिए उनकी कप्तानी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महज 15 साल की उम्र में वह पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान तो बन गए। हालांकि, उनकी कप्तानी का पहला मुकाबला नतीजे के लिहाज से अच्छा नहीं रहा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में बिहार को सौराष्ट्र के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वहीं वैभव सूर्यवंशी बल्ले से भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए।
15 साल की उम्र में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी संभाली। इसके साथ ही वह पुरुष टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में टी20 में कप्तानी की थी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने वैभव को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम की जिम्मेदारी सौंपी थी। सौराष्ट्र के खिलाफ इंदौर के होल्कर स्टेडियम में उन्होंने पहली बार बतौर कप्तान टॉस किया और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
18 रन बनाकर आउट हुए वैभव
कप्तानी डेब्यू में वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने पारी की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। हालांकि, वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके। वैभव ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। सौराष्ट्र के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच लेकर पवेलियन भेजा।
वैभव के आउट होने के समय बिहार का स्कोर 35 रन पर दो विकेट था। इससे पहले ओपनर आलोक कुमार रन आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे।
137 रन ही बना सकी बिहार की टीम
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। वैभव के अलावा पृथ्वी राज ने 27 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। अल्तमिश अशरफ ने 20 गेंदों में 24 रन बनाए। सौराष्ट्र की ओर से प्रेरक मांकड़ और चेतन सकारिया ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। क्रेन्स फुलेत्रा को एक सफलता मिली।
सौराष्ट्र ने 21 गेंद शेष रहते हासिल किया लक्ष्य
138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। टीम ने 16.3 ओवर में ही पांच विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सौराष्ट्र की जीत में हर्षित पांगलिया ने 11 गेंदों में 33 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं हेमांग देसाई ने 18 गेंदों में 21 और प्रेरक मांकड़ ने 14 गेंदों में 16 रन बनाए।
इस तरह वैभव सूर्यवंशी के लिए कप्तानी का पहला दिन दो अलग-अलग वजहों से यादगार रहा। उन्होंने पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे युवा कप्तान बनने का विश्व रिकॉर्ड बनाया, लेकिन उनकी टीम को पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
अब रेलवे के खिलाफ होगी अगली चुनौती
बिहार की टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना अगला मुकाबला 16 नवंबर को रेलवे के खिलाफ खेलना है। वैभव सूर्यवंशी को शुरुआती दो मैचों के लिए कप्तान बनाया गया है। इसके बाद वह राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे।


