TRENDING TAGS :
Vinesh Phogat News: विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, एशियन गेम्स ट्रायल में खेलने की मिली मंजूरी!
Vinesh Phogat News: सुप्रीम कोर्ट ने महिला पहलवान विनेश फोगाट को 2026 एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है. कोर्ट ने कहा कि मातृत्व किसी खिलाड़ी के करियर में बाधा नहीं बन सकता.
Vinesh Phogat News: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने उन्हें 2026 एशियन गेम्स के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है. ये ट्रायल्स 30 और 31 मई को आयोजित किए जाएंगे. इस फैसले के बाद विनेश अब ट्रायल्स में उतर सकेंगी.
सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई
यह मामला उस याचिका से जुड़ा है, जिसे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर किया था. सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने इस पर सुनवाई की. सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखते हुए विनेश फोगाट को ट्रायल्स में भाग लेने की इजाजत दे दी. साथ ही अदालत ने WFI से जुड़े पक्षों से जवाब भी मांगा है. अब इस मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होगी.
कोर्ट ने विनेश की उपलब्धियों का किया जिक्र
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि विनेश फोगाट का मामला सामान्य खिलाड़ियों जैसा नहीं है. अदालत ने माना कि उन्होंने कई बार देश का नाम रोशन किया है और भारतीय कुश्ती को नई पहचान दिलाई है. कोर्ट ने कहा कि अगर यह मामला किसी अन्य खिलाड़ी का होता तो स्थिति अलग हो सकती थी. जजों ने यह भी कहा कि विनेश एक शानदार पहलवान हैं और उन्होंने देश को गर्व महसूस कराया है. हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि खेलों से जुड़े मामलों में बार-बार न्यायिक हस्तक्षेप सही नहीं माना जा सकता, क्योंकि इससे पूरे खेल कार्यक्रम और व्यवस्था पर असर पड़ता है.
हाईकोर्ट के फैसले पर भी उठे सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के तरीके पर भी सवाल उठाए. अदालत का कहना था कि खेल प्रशासन से जुड़े मामलों में जल्दबाजी में दखल देने से ट्रायल्स और प्रतियोगिताओं का पूरा शेड्यूल प्रभावित हो सकता है. जस्टिस नरसिम्हा ने सुनवाई के दौरान कहा कि देश सबसे पहले आता है और खेल संस्थाओं के कामकाज को भी ध्यान में रखना जरूरी है.
मातृत्व को नहीं बनाया जा सकता बाधा
दरअसल, पिछले हफ्ते दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि किसी महिला खिलाड़ी के मातृत्व को उसके करियर में रुकावट या अयोग्यता का कारण नहीं माना जा सकता. इसी आधार पर हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ को निर्देश दिया था कि विनेश फोगाट को एशियन गेम्स ट्रायल्स में हिस्सा लेने दिया जाए. अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद विनेश फोगाट के लिए ट्रायल्स का रास्ता साफ हो गया है. हालांकि, मामले पर अंतिम फैसला अभी बाकी है और अदालत में सुनवाई आगे भी जारी रहेगी.


