TRENDING TAGS :
अभी तक भारत नहीं आई एशिया कप की दोनों ट्रॉफी, बीसीसीआई सचिव ने भी खड़े कर दिए हाथ
भारतीय पुरुष टीम और महिला टीम ने एशिया कप का खिताब 2025 में जीता था। पर दोनों ही ट्रॉफी अभी तक भारत नहीं आई है। इसे लेकर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि आखिर एशिया कप की दोनों ट्रॉफी भारत कब तक आएगी।
साल 2025 में भारतीय पुरुष टीम और भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप के खिताब पर अपना कब्जा जमाया था, जहां श्रीलंका को फाइनल में 72 रनों हराकर भारतीय महिला टीम चैंपियन बनी थी। चैंपियन बनने के बाद भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। उस वक्त इस पूरे मामले को लेकर काफी विवाद भी हुआ। हालांकि अभी तक दोनों ट्रॉफी भारत नहीं आई है। अब इस पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भारत कब आएगी एशिया कप की दोनों ट्रॉफी?
बीसीसीआई की मीटिंग में जब देवजीत सैकिया से ट्रॉफी को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 'हमें उम्मीद है कि एशिया कप की दोनों ट्रॉफी एक दिन भारत जरूर आएगी। मैं आपको कोई फिक्स डेट नहीं बता सकता हूं, लेकिन यह विश्वास जरूर दिलाता हूं कि दोनों ट्रॉफी भारत जरूर आएगी और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई के मुख्यालय में पहुंचेगी'। आपको बता दें कि मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार करने के कारण ही बीसीसीआई के पास अभी तक पुरुष और महिला दोनों ही एशिया कप की ट्रॉफी नहीं आई है। हालांकि मोहसिन नक़वी का कार्यकाल अप्रैल 2027 में बतौर एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष पद से समाप्त होने वाला है। ऐसे में बीसीसीआई सचिव को यह उम्मीद है कि इसके बाद ट्रॉफी को भारत लाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
पाकिस्तान पर सख्त है बीसीसीआई
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि हमने एशियाई क्रिकेट काउंसिल को यह पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच जो मौजूदा स्थिति है, देश की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उसे लेकर भारतीय टीम ट्रॉफी वितरण समारोह में भाग नहीं लेगी। आपको बता दें कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही बीसीसीआई पाकिस्तान पर सख्त है और इसके बाद जो भी मैच हुए उसमें दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच हाथ नहीं मिलने की परंपरा शुरू हो गई। मुंबई में आयोजित बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक में बीसीसीआई द्वारा कई बड़े फैसले लिए गए। इस दौरान बीसीसीआई ने घरेलू अंपायर और मैच रेफरी की फीस में भी बढ़ोतरी की। साथ ही साथ आईपीएल 2027 को भव्य बनाने की बात कही गई।


