T20 World Cup: पॉइंट्स टेबल में जैसे-तैसे खुला न्यूजीलैंड खाता, ग्रुप-ए में टीम इंडिया की बादशाहत बरकरार, देखें पूरा समीकरण

T20 World Cup: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को हराकर पहली जीत दर्ज की, लेकिन सेमीफाइनल की राह अब भी कठिन बनी हुई है। वहीं ग्रुप-ए में भारत और ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है।

Vineeta Pandey
Published on: 20 Jun 2026 3:15 PM IST (Updated on: 20 Jun 2026 3:27 PM IST)
Womens T20 World Cup
X

Womens T20 World Cup

T20 World Cup: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैदान पर रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है. खिताब बचाने उतरी डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने आखिरकार टूर्नामेंट के पॉइंट्स टेबल में अपनी जीत का स्वाद चख लिया है. वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में करारी शिकस्त झेलने वाली कीवी टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी. आयरलैंड के खिलाफ खेले गए अपने तीसरे मैच में भी न्यूजीलैंड को जीत के लिए लोहे के चने चबाने पड़े. इस सांसें रोक देने वाले बेहद करीबी मुकाबले में कीवी टीम ने आयरलैंड को महज 4 रनों से मात देकर अपनी लाज बचाई. हालांकि, इस इकलौती जीत के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम के लिए सेमीफाइनल का रास्ता अभी भी कांटों से भरा हुआ है और उनकी आगे की राह बेहद मुश्किल नजर आ रही है.

ग्रुप-बी का रोमांच

आयरलैंड को हराने के बाद भी न्यूजीलैंड की टीम पॉइंट्स टेबल के ग्रुप-बी में चौथे स्थान से ऊपर नहीं उठ पाई है. इस ग्रुप में उनसे ऊपर स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का कब्जा बरकरार है. स्कॉटलैंड की टीम ने अब तक इस महाकुंभ में दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक में उन्हें शानदार जीत मिली, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ एक कांटे के मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. बेहतर नेट रन रेट की बदौलत स्कॉटलैंड तीसरे नंबर पर बनी हुई है. वहीं, मजबूत इंग्लैंड की टीम पहले और वेस्टइंडीज की टीम दूसरे स्थान पर राज कर रही है. नियम के मुताबिक, इस ग्रुप की केवल टॉप-2 टीमें ही सेमीफाइनल के लिए आगे का टिकट कटाएंगी. न्यूजीलैंड के अगले दो मुकाबले स्कॉटलैंड और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों से होने हैं, जहां एक भी छोटी चूक उन्हें सीधे टूर्नामेंट से बाहर कर देगी.

ग्रुप-बी के ताजा आंकड़े: कौन कहां खड़ा है?

इंग्लैंड की टीम ने 2 मैच खेले हैं, दोनों जीते हैं और 2.763 के नेट रन रेट के साथ उनके पास 4 पॉइंट्स हैं. वेस्टइंडीज की टीम ने भी 2 मैच खेलकर दोनों जीते हैं और +0.233 के नेट रन रेट के साथ 4 पॉइंट्स हासिल किए हैं. स्कॉटलैंड की टीम 2 मैच में 1 जीत और 1 हार के साथ +0.825 के रन रेट पर 2 पॉइंट्स लेकर तीसरे स्थान पर है. न्यूजीलैंड की टीम 3 मैच खेल चुकी है, जिसमें से उसे 1 में जीत और 2 में हार मिली है, और उसका रन रेट -0.063 है जिसके साथ उसके 2 पॉइंट्स हैं. श्रीलंका की टीम 2 मैच में 1 जीत और 1 हार के साथ -2.040 के रन रेट पर 2 पॉइंट्स पाकर पांचवें नंबर पर है. आयरलैंड की टीम अपने तीनों मैच हारकर बिना किसी पॉइंट के सबसे नीचे छठे स्थान पर है.

ग्रुप-ए में टीम इंडिया का जलवा

दूसरी तरफ, अगर बात ग्रुप-ए की करें तो वहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया की टीम का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिल रहा है. दोनों ही दिग्गज टीमों को अब तक इस टूर्नामेंट में कोई भी शिकस्त नहीं दे पाया है. भारतीय टीम ने अपने पहले ही महा-मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को धूल चटाई थी, जिसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने नीदरलैंड्स को चारों खाने चित कर दिया. वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश को हराकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है. हालांकि, शानदार नेट रन रेट होने की वजह से हमारी टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहले स्थान पर काबिज है, जबकि ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है.

आज साउथ अफ्रीका से महामुकाबला

भारतीय टीम का अगला बड़ा मुकाबला 21 जून को साउथ अफ्रीका के खिलाफ होना है. अगर हरमनप्रीत कौर की सेना इस मैच को जीतकर अपनी जीत की हैट्रिक पूरी कर लेती है, तो सेमीफाइनल में उनकी जगह लगभग पक्की हो जाएगी. इसके बाद भारत को लीग स्टेज में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो और मैच खेलने हैं.

इस ग्रुप में भारत 2 मैच में 2 जीत और 3.975 के लाजवाब रन रेट के साथ 4 पॉइंट्स लेकर शीर्ष पर है. ऑस्ट्रेलिया के भी 2 मैच में 2 जीत के साथ 4 पॉइंट्स हैं, लेकिन उसका रन रेट 3.875 है. साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश की टीमें 2-2 पॉइंट्स के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे नंबर पर बनी हुई हैं, जबकि पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीम को अभी भी अपने पहले पॉइंट्स का इंतजार है.

Vineeta Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey is an News Publisher at Newstrack.com.

Next Story