यूथ ओलंपिक में लहराया भारत का परचम, मणिपुर के मुक्केबाज ने जीता गोल्ड; 16 साल का इंतजार हुआ खत्म

Youth Olympics 2026: मणिपुर के लैरेंलाकपम अंबेकर मीतेई ने यूथ ओलंपिक 2026 में आयरलैंड के मुक्केबाज को 3-2 से हराकर भारत को पहला बॉक्सिंग गोल्ड मेडल दिलाया।

Sawan Gupta
Published on: 12 Nov 2026 7:19 PM IST
Lairenlakpam Ambekar Meetei
X

Lairenlakpam Ambekar Meetei

Youth Olympics 2026: भारत के युवा मुक्केबाज लैरेंलाकपम अंबेकर मीतेई ने डकार यूथ ओलंपिक 2026 में इतिहास रच दिया है। मणिपुर के इस बॉक्सर ने पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से हराया। इसके साथ ही अंबेकर यूथ ओलंपिक के इतिहास में बॉक्सिंग में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले मुक्केबाज बन गए हैं।

फाइनल में कांटे की टक्कर, 3-2 से दर्ज की जीत

गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में अंबेकर मीतेई का सामना आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी से हुआ। दोनों मुक्केबाजों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारतीय बॉक्सर ने आखिरी तक हार नहीं मानी और 3-2 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह जीत उनके साथ-साथ भारतीय बॉक्सिंग के लिए भी ऐतिहासिक रही।

16 साल बाद यूथ ओलंपिक बॉक्सिंग में भारत को बड़ी कामयाबी

अंबेकर की इस उपलब्धि का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि भारत को यूथ ओलंपिक में बॉक्सिंग के फाइनल तक पहुंचने के लिए 16 साल का इंतजार करना पड़ा था। इससे पहले शिव थापा ने 2010 में सिंगापुर में आयोजित पहले यूथ ओलंपिक में पुरुषों के 54 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था। अब 16 साल बाद मणिपुर के अंबेकर ने फाइनल में जगह बनाकर उस उपलब्धि को आगे बढ़ाया और गोल्ड जीतकर नया इतिहास बना दिया।

यह यूथ ओलंपिक में भारत का बॉक्सिंग में पहला गोल्ड मेडल है। यानी अंबेकर ने न सिर्फ लंबे इंतजार को खत्म किया, बल्कि भारतीय मुक्केबाजी के लिए एक नया अध्याय भी लिख दिया।

सेमीफाइनल में कोलंबिया के बॉक्सर को दी थी मात

गोल्ड मेडल तक पहुंचने के लिए अंबेकर ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में उन्होंने कोलंबिया के इज्जोन जेफरी गालेआ अरेवालो को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ ही उनका सिल्वर मेडल पक्का हो गया था। इससे पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल में सेनेगल के फाये शेख इब्राहिमा फॉल को 5-0 से मात दी थी। वहीं, शुरुआती दौर में नामीबिया के अब्राहम कालेन्गा के खिलाफ रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट (RSC) के जरिए जीत दर्ज की थी।

मणिपुर से निकलकर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमके अंबेकर

लैरेंलाकपम अंबेकर मीतेई मणिपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने इम्फाल स्थित नेशनल स्पोर्ट्स अकादमी में कोच जीतन सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। महज नौ साल की उम्र से उन्होंने उनके साथ अभ्यास शुरू किया था। अंबेकर की यह कामयाबी मणिपुर सहित पूरे देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। डकार में गोल्ड जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि भारतीय बॉक्सिंग में नई पीढ़ी के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का दम रखते हैं।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story