200MP camera vs DSLR: 200MP कैमरा DSLR से बेहतर क्यों नहीं? मेगापिक्सल का पूरा खेल

200MP camera vs DSLR Explained: 200MP कैमरा होने के बावजूद स्मार्टफोन DSLR जैसी फोटो क्यों नहीं लेता? जानिए मेगापिक्सल, सेंसर साइज, पिक्सल साइज, लेंस, पिक्सल बिनिंग, HDR और कम्प्यूटेशनल फोटोग्राफी का तस्वीर की गुणवत्ता पर असली असर।

Neel Mani Lal
Published on: 9 Sept 2026 1:53 AM IST
200MP camera vs DSLR Explained in Hindi
X

200MP camera vs DSLR Explained in Hindi

200MP camera vs DSLR Explained: किसी फोन के डिब्बे पर अगर 200MP कैमरा लिखा हो तो पहली नजर में लगता है कि इससे ज्यादा शानदार कैमरा भला क्या होगा। आखिर 200 मेगापिक्सल यानी 20 करोड़ पिक्सल। दूसरी तरफ कई महंगे कैमरों में 24MP, 26MP या 45MP का सेंसर मिलता है। ऐसे में सीधा सवाल उठता है कि 200MP वाला फोन 24MP वाले कैमरे से बेहतर क्यों नहीं होता? और अगर 200MP इतना बड़ा आंकड़ा है तो फोन से खींची तस्वीर कई बार उस पुराने डीएसएलआर (DSLR) जैसी क्यों नहीं दिखती, जिसके कैमरे पर मेगापिक्सल का आंकड़ा इससे कई गुना कम हो सकता है?

यहीं से कैमरे का सबसे बड़ा भ्रम शुरू होता है। दरअसल, मेगापिक्सल तस्वीर की बारीकी बताता है, तस्वीर की पूरी गुणवत्ता नहीं। अच्छी फोटो बनाने के लिए सिर्फ ज्यादा पिक्सल नहीं, बल्कि सेंसर का आकार, हर पिक्सल का आकार, लेंस, रोशनी, फोकस, तस्वीर को संभालने वाला प्रोसेसर, सॉफ्टवेयर और कैमरे की पूरी बनावट मिलकर काम करती है। स्मार्टफोन की दुनिया में तो सॉफ्टवेयर और एआई ने इस खेल को और भी जटिल बना दिया है।

तो आखिर 200MP कैमरा कहां काम आता है, 50MP कैमरा 108MP से बेहतर कैसे हो सकता है और डीएसएलआर की कम मेगापिक्सल वाली तस्वीर कई बार ज्यादा अच्छी क्यों दिखाई देती है? इसे समझने के लिए पहले यह समझना जरूरी है कि मेगापिक्सल आखिर होता क्या है।

मेगापिक्सल आखिर है क्या?

डिजिटल तस्वीर छोटे-छोटे बिंदुओं से मिलकर बनती है। इन्हीं बिंदुओं को ‘पिक्सल’ कहा जाता है। एक मेगापिक्सल में लगभग 10 लाख पिक्सल होते हैं। इसलिए 50MP कैमरा करीब 5 करोड़ पिक्सल की तस्वीर बना सकता है, जबकि 200MP कैमरा करीब 20 करोड़ पिक्सल की तस्वीर।

इसका सीधा फायदा यह है कि तस्वीर में ज्यादा बारीकी दर्ज की जा सकती है। मसलन, अगर आप किसी इमारत की दूर से फोटो लेते हैं और बाद में उस तस्वीर के एक हिस्से को काटकर बड़ा करते हैं, तो ज्यादा मेगापिक्सल वाली तस्वीर में उस हिस्से को ज्यादा विस्तार के साथ बचाए रखने की क्षमता होती है। 200MP तस्वीर में 50MP तस्वीर की तुलना में चार गुना ज्यादा पिक्सल होते हैं। सैमसंग भी अपने 200MP सेंसर के बारे में यही बताता है कि ज्यादा रिजॉल्यूशन तस्वीर को काटकर बड़ा करने पर ज्यादा जानकारी बचाए रखने में मदद करता है। लेकिन यहां एक बहुत महत्वपूर्ण बात है - ज्यादा पिक्सल का मतलब ज्यादा वास्तविक जानकारी तभी है, जब कैमरे का सेंसर और लेंस उस बारीकी को वास्तव में दर्ज करने में सक्षम हों। यही वह जगह है जहां 200MP का चमकदार आंकड़ा थोड़ा फीका पड़ने लगता है।

कैमरे में सिर्फ पिक्सल नहीं होते, रोशनी भी चाहिए

कैमरा असल में रोशनी पकड़ने वाली मशीन है। सामने की चीज से आने वाली रोशनी लेंस से होकर सेंसर तक पहुंचती है और सेंसर उस रोशनी को इलेक्ट्रिकल संकेतों में बदलकर तस्वीर बनाता है। इसलिए कैमरे के लिए सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि उसके पास कितने पिक्सल हैं। पहला सवाल यह है कि हर पिक्सल तक पर्याप्त रोशनी पहुंच रही है या नहीं। इसे एक आसान उदाहरण से समझिए। मान लीजिए आपके पास एक बाल्टी है। बड़ी बाल्टी में एक बार में ज्यादा पानी आ सकता है। छोटी बाल्टी में कम पानी आएगा। कैमरे का पिक्सल भी कुछ हद तक ऐसा ही है। बड़ा पिक्सल ज्यादा रोशनी पकड़ सकता है। छोटा पिक्सल कम रोशनी पकड़ता है। अब समस्या यह है कि फोन के कैमरे का सेंसर छोटा होता है। उसी छोटे सेंसर में अगर 200 मिलियन पिक्सल भर दिए जाएं तो हर पिक्सल के लिए मिलने वाली जगह छोटी करनी पड़ेगी। यानी ज्यादा पिक्सल डालने का एक रास्ता यह है कि पिक्सल छोटे कर दिए जाएं। यहीं से 50MP और 200MP के बीच का असली खेल शुरू होता है।

एक ही आकार के सेंसर पर पिक्सल की संख्या बढ़ाने पर हर पिक्सल छोटा हो सकता है। छोटे पिक्सल कम रोशनी पकड़ते हैं और कम रोशनी में शोर, रंगों की गड़बड़ी और बारीकी खोने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। यही कारण है कि कैमरा सेंसर का आकार कई बार मेगापिक्सल से ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है।

24MP का डीएसएलआर 200MP फोन को टक्कर दे सकता है

अब उस सवाल पर आइए जो सबसे ज्यादा लोगों को परेशान करता है। 24MP का डीएसएलआर 200MP फोन से अच्छी फोटो कैसे खींच सकता है? जवाब है कि दोनों कैमरों में 24 और 200 की तुलना करना पूरी कहानी नहीं है। एक सामान्य फुल फ्रेम कैमरे का सेंसर लगभग 36×24 मिलीमीटर का होता है। इसके मुकाबले फोन का सेंसर काफी छोटा होता है। उदाहरण के लिए निकोन (Nikon) के एक फुल फ्रेम कैमरे में 24.5 मेगापिक्सल का सेंसर 35.9×23.9 मिलीमीटर का है। यानी 24.5MP होने के बावजूद उसके सेंसर का क्षेत्रफल काफी बड़ा है। बड़ा सेंसर ज्यादा रोशनी पकड़ सकता है। ज्यादा रोशनी का मतलब सिर्फ चमकदार फोटो नहीं है। इसका असर तस्वीर के रंग, छाया, आसमान में बची बारीकी, कम रोशनी में शोर और कुल तस्वीर की सफाई पर पड़ता है। बड़े सेंसर से तेज रोशनी और अंधेरे हिस्से दोनों में ज्यादा जानकारी बचाने की क्षमता भी बढ़ती है। इसलिए अगर एक 24MP कैमरे के पास बड़ा सेंसर, शानदार लेंस और अच्छी रोशनी पकड़ने की क्षमता है, तो वह 200MP वाले छोटे फोन सेंसर से कई परिस्थितियों में बेहतर तस्वीर दे सकता है। यानी मेगापिक्सल तस्वीर की गिनती है, कैमरे की पूरी ताकत नहीं।

फिर फोन कंपनियां 108MP और 200MP के पीछे क्यों भागती हैं?

इसलिए कि मेगापिक्सल समझाना आसान है। किसी फोन के विज्ञापन में यह कहना आसान है कि इसमें 200MP कैमरा है। लेकिन सेंसर का आकार, पिक्सल की गुणवत्ता, लेंस की क्षमता, गतिशील रेंज (dynamic range), फोकस प्रणाली और तस्वीर को तैयार करने वाले सॉफ्टवेयर की गुणवत्ता समझाना उतना आसान नहीं है।

लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि 200MP बेकार है। ऐसा कहना भी गलत होगा। अच्छी रोशनी में ज्यादा रिजॉल्यूशन वास्तव में उपयोगी हो सकता है। दूर की चीजों में ज्यादा बारीकी बच सकती है और तस्वीर को काटकर छोटा हिस्सा निकालने पर ज्यादा जानकारी मिल सकती है। सैमसंग के 200MP सेंसर इसी वजह से ऊंचे रिजॉल्यूशन का इस्तेमाल करते हैं। समस्या तब आती है जब हम मान लेते हैं कि 200MP हर परिस्थिति में 50MP से बेहतर होगा। ऐसा बिल्कुल जरूरी नहीं है।

50MP कैमरा 108MP से बेहतर कैसे हो सकता है?

यह सुनने में अजीब लगता है, लेकिन बिल्कुल संभव है। मान लीजिए दो फोन हैं। पहले फोन में 108MP सेंसर है और दूसरे में 50MP सेंसर। दोनों के सेंसर का आकार अलग है। 50MP वाले फोन में बड़ा सेंसर लगा है और उसके पिक्सल बड़े हैं। दूसरी तरफ 108MP सेंसर उसी या करीब-करीब उतने ही क्षेत्र में बहुत ज्यादा पिक्सल ठूंस रहा है। अच्छी रोशनी में 108MP का फायदा हो सकता है। लेकिन रोशनी कम होते ही छोटे पिक्सल की सीमा सामने आने लगती है। 50MP सेंसर के बड़े पिक्सल ज्यादा रोशनी पकड़ सकते हैं और तस्वीर में कम शोर आ सकता है। यही वजह है कि कैमरा खरीदते समय सिर्फ यह देखना कि 50MP है या 108MP, बहुत अधूरी जानकारी है। सेंसर का आकार और पिक्सल का आकार भी देखना चाहिए।

एक आसान नियम याद रखिए - एक ही आकार के सेंसर में ज्यादा मेगापिक्सल का मतलब अक्सर छोटे पिक्सल होता है। लेकिन बड़ा सेंसर हो तो ज्यादा मेगापिक्सल के बावजूद पिक्सल का आकार बड़ा रखा जा सकता है। यानी 50MP और 108MP की तुलना अकेले संख्या देखकर करना वैसा ही है जैसे दो घरों में कमरों की संख्या देखकर तय करना कि कौन सा घर बड़ा है। कमरों का आकार और पूरे घर का क्षेत्रफल भी तो देखना पड़ेगा। फोन में पिक्सल को जोड़ दिया जाता है, जिसे Pixel Binning कहते हैं।

क्या है पिक्स़ल बिनिंग?

अब आता है स्मार्टफोन कैमरों का सबसे दिलचस्प खेल - पिक्सल बिनिंग। मान लीजिए आपके पास 200MP सेंसर है। उसमें बहुत छोटे-छोटे पिक्सल हैं। कम रोशनी में कैमरा इन छोटे पिक्सल के डेटा को आपस में जोड़ सकता है ताकि वे एक बड़े पिक्सल की तरह काम करें। इसे ही पिक्सल बिनिंग कहा जाता है। सैमसंग के 200MP सेंसर में चार पिक्सल को मिलाकर 50MP तस्वीर बनाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर 16 पिक्सल को मिलाकर करीब 12.5MP का आउटपुट भी बनाया जा सकता है। यानी 200MP सेंसर होने के बावजूद फोन हर बार 200MP की तस्वीर नहीं लेता। यह बात पहली बार सुनने पर अजीब लग सकती है। फोन के अंदर 200MP कैमरा है और फोटो 12MP की बन रही है। लेकिन यही समझदारी है।

कम रोशनी में हर छोटे पिक्सल को अलग-अलग इस्तेमाल करने के बजाय कई पिक्सल की जानकारी जोड़ने से कैमरा रोशनी के प्रति ज्यादा संवेदनशील बन सकता है और शोर (noise) कम करने में मदद मिलती है। सैमसंग के कुछ सेंसरों में 200MP से 50MP और फिर 12.5MP तक अलग-अलग बिनिंग मोड दिए गए हैं ताकि रोशनी के हिसाब से सेंसर काम कर सके। यानी 200MP सिर्फ 200MP तस्वीर खींचने के लिए नहीं है। वह कैमरे को अलग-अलग परिस्थितियों में अलग तरीके से काम करने की गुंजाइश भी देता है।

200MP फोटो कई बार उतनी शानदार क्यों नहीं दिखती?

इसलिए कि फोटो में सिर्फ सेंसर का डेटा नहीं आता। लेंस भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मान लीजिए आपके पास 200MP सेंसर है, लेकिन उसके सामने लगा लेंस उस स्तर की बारीकी को साफ तरीके से सेंसर तक पहुंचा ही नहीं पा रहा। तब सेंसर के पास लाखों पिक्सल होने के बावजूद उन पिक्सल में दर्ज होने वाली वास्तविक बारीकी सीमित रहेगी। इसे ऐसे समझिए। आपके पास बहुत बढ़िया कागज है, लेकिन लिखने के लिए खराब कलम है। कागज की क्षमता बड़ी होने से लिखावट अपने आप अच्छी नहीं हो जाएगी। कैमरे में भी यही होता है। सेंसर और लेंस एक साथ काम करते हैं। लेंस रोशनी को सेंसर तक पहुंचाता है और यह तय करता है कि दृश्य कितना साफ और सही तरीके से सेंसर पर बनेगा।

इसलिए किसी फोन का 200MP सेंसर अपने आप 200MP की वास्तविक उपयोगी बारीकी की गारंटी नहीं देता। लेंस की गुणवत्ता भी उसकी सीमा तय करती है। बहुत छोटे सेंसर और बहुत छोटे पिक्सल के साथ प्रकाशिकी की सीमाएं भी महत्वपूर्ण हो जाती हैं।

डीएसएलआर की फोटो में वह अलग तरह की गहराई क्यों दिखती है?

यहां सिर्फ मेगापिक्सल ही नहीं, सेंसर का आकार और लेंस का खेल भी सामने आता है। आपने देखा होगा कि अच्छे कैमरे से खींची गई तस्वीर में व्यक्ति साफ दिखाई देता है और पीछे की चीजें बहुत खूबसूरती से धुंधली हो जाती हैं। इसे पृष्ठभूमि धुंधलापन या बोकैह (Bokeh) कहा जाता है। फोन भी आजकल ऐसा कर सकता है। लेकिन फोन में इसका बड़ा हिस्सा सॉफ्टवेयर की मदद से बनाया जाता है। कैमरा व्यक्ति और पृष्ठभूमि को पहचानकर अनुमान लगाता है कि किस हिस्से को साफ रखना है और किस हिस्से को धुंधला करना है। बड़े सेंसर और बड़े अपर्चर वाले कैमरे में यह प्रभाव वास्तविक प्रकाशिकी के कारण पैदा होता है। Nikon और Canon दोनों बताते हैं कि बड़ा सेंसर और चौड़ा अपर्चर कम गहराई वाला फोकस बनाने में मदद करता है, जिससे विषय को पृष्ठभूमि से अलग करना आसान होता है। इसी वजह से फोन का पोर्ट्रेट मोड बहुत अच्छा होने के बावजूद कई बार बालों, चश्मे, उंगलियों या पेड़ की पतली शाखाओं के आसपास गलती कर देता है। वह असल में तस्वीर को समझकर अनुमान लगा रहा होता है। कैमरे में वही काम प्रकाशिकी अपने तरीके से करती है।

फोन की असली ताकत Megapixel नहीं, Computational Photography है

आज का स्मार्टफोन सिर्फ फोटो खींचता नहीं है। वह फोटो को समझने की कोशिश भी करता है। आपने कैमरा खोला, तस्वीर खींची और शटर दबाया। कई बार फोन एक ही क्षण में कई फ्रेम या अलग-अलग स्तर की रोशनी वाली तस्वीरों से जानकारी लेकर अंतिम तस्वीर तैयार करता है। फिर वह रंग, रोशनी, छाया, शोर, चेहरे और कई दूसरे हिस्सों को पहचानकर तस्वीर को बेहतर बनाने की कोशिश करता है। इसी को सामान्य तौर पर कम्प्यूटेशनल फोटोग्राफी कहा जाता है। यही कारण है कि कभी-कभी कम मेगापिक्सल वाला फोन ज्यादा प्राकृतिक या साफ फोटो दे देता है। कैमरे ने सिर्फ सेंसर से मिली तस्वीर को नहीं बचाया, बल्कि सॉफ्टवेयर ने उसमें सुधार किया। इसलिए आज कैमरे की गुणवत्ता को सिर्फ मेगापिक्सल से मापना लगभग वैसा ही है जैसे कार की ताकत सिर्फ उसके इंजन के आकार से तय करना। इंजन महत्वपूर्ण है, लेकिन पूरी कार उसके अलावा भी बहुत कुछ है।

एचडीआर क्या करता है?

मान लीजिए आप किसी ऐसे व्यक्ति की फोटो खींच रहे हैं जिसके पीछे तेज धूप है। अगर कैमरा सिर्फ एक सामान्य तस्वीर लेता है तो हो सकता है कि चेहरा बहुत अंधेरा हो जाए या आसमान पूरी तरह सफेद हो जाए। फोन ऐसे दृश्य में अलग-अलग रोशनी वाले हिस्सों की जानकारी को मिलाकर बेहतर संतुलन बनाने की कोशिश कर सकता है। यही वजह है कि आज के फोन तेज रोशनी और गहरे साये वाले दृश्यों में कुछ साल पहले के फोन से काफी बेहतर प्रदर्शन करते हैं।

200MP होने से यह काम अपने आप नहीं होता। सेंसर की क्षमता, एचडीआर, प्रोसेसर और तस्वीर तैयार करने वाला सॉफ्टवेयर सभी इसमें भूमिका निभाते हैं। सैमसंग के आधुनिक उच्च-रिजॉल्यूशन सेंसरों में भी एचडीआर और अलग-अलग संवेदनशीलता स्तरों की जानकारी को मिलाने वाली तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।

रात में 200MP अक्सर काम क्यों नहीं आता?

दिन के उजाले में 200MP मोड का फायदा मिल सकता है। लेकिन रात में कहानी बदल जाती है। रात में सेंसर तक कम रोशनी पहुंचती है। छोटे पिक्सल के लिए यह मुश्किल स्थिति है। अगर कैमरा हर छोटे पिक्सल से अलग-अलग जानकारी लेने की कोशिश करेगा तो तस्वीर में शोर बढ़ सकता है। इसीलिए फोन अक्सर पिक्सल को जोड़ता है। उदाहरण के लिए 200MP सेंसर चार-चार पिक्सल को मिलाकर 50MP और जरूरत पड़ने पर 16 पिक्सल को मिलाकर 12.5MP के आसपास का आउटपुट बना सकता है। इसका उद्देश्य तस्वीर का आकार बड़ा रखना नहीं, बल्कि कम रोशनी में बेहतर संकेत हासिल करना है। इसलिए अगर कोई कहे कि मेरे फोन में 200MP है, इसलिए रात में भी सबसे ज्यादा डिटेल मिलेगी, तो यह जरूरी नहीं है। कई बार रात में 12MP या 12.5MP का पिक्सल-बिनिंग वाला फोटो 200MP वाले फोटो से साफ और बेहतर दिखाई दे सकता है।

क्या 200MP सिर्फ दिखावा है?

यह कहना भी गलत होगा। 200MP का असली फायदा तब सामने आता है जब पर्याप्त रोशनी हो, सेंसर और लेंस अच्छी गुणवत्ता के हों और फोन उस अतिरिक्त डेटा को ठीक से इस्तेमाल कर सके। दूर की चीजों में बारीकी बचाने, फोटो को काटकर बड़ा करने और कुछ परिस्थितियों में डिजिटल जूम को बेहतर बनाने में उच्च रिजॉल्यूशन उपयोगी है। आज के कुछ 200MP सेंसर तो सेंसर के भीतर ही अतिरिक्त रिजॉल्यूशन का इस्तेमाल करके बिना पारंपरिक डिजिटल जूम जैसी बड़ी गुणवत्ता गिरावट के जूम में मदद करते हैं। लेकिन 200MP का मतलब यह नहीं है कि हर फोटो में 50MP से चार गुना बेहतर तस्वीर मिलेगी। तस्वीर की वास्तविक गुणवत्ता इस बात पर निर्भर करेगी कि उस अतिरिक्त जानकारी में से कितनी वास्तव में उपयोगी है।

50MP कैमरा कब 108MP से साफ तौर पर बेहतर हो सकता है?

मान लीजिए 50MP कैमरे में बड़ा सेंसर है, पिक्सल बड़े हैं, लेंस बेहतर है और तस्वीर को संभालने वाला सॉफ्टवेयर ज्यादा अच्छा है। दूसरी तरफ 108MP कैमरा छोटे सेंसर में बहुत सारे छोटे पिक्सल के साथ काम कर रहा है। दिन की अच्छी रोशनी में 108MP ज्यादा बारीकी दे सकता है। लेकिन शाम, कमरे, रात या तेज और कमजोर रोशनी के मिले-जुले दृश्य में 50MP कैमरा ज्यादा साफ, कम शोर वाली और बेहतर रंग वाली तस्वीर दे सकता है। यही कारण है कि आज अच्छे कैमरे के लिए सिर्फ मेगापिक्सल की संख्या पूछना पुराना तरीका है। बेहतर सवाल हैं कि - सेंसर कितना बड़ा है? पिक्सल कितने बड़े हैं? लेंस कैसा है? अपर्चर कितना है? ऑप्टिकल स्थिरीकरण है या नहीं? कैमरे का सॉफ्टवेयर कितना अच्छा है? रात में तस्वीर कैसी आती है? इन सवालों का जवाब मिलने के बाद ही कैमरे की असली क्षमता समझ में आती है।

200MP फोटो का मतलब 200MP की असली डिटेल नहीं

किसी तस्वीर में 20 करोड़ पिक्सल लिखे होने का अर्थ यह नहीं कि दृश्य में मौजूद हर छोटी चीज की 20 करोड़ अलग-अलग वास्तविक जानकारी कैमरे ने दर्ज कर ली। सेंसर में पिक्सल की संख्या ज्यादा होना एक बात है और उन पिक्सल में उपयोगी दृश्य जानकारी होना दूसरी बात। अगर रोशनी खराब है, हाथ हिल गया है, विषय हिल रहा है, लेंस की क्षमता सीमित है या तस्वीर को बाद में बहुत ज्यादा संसाधित किया गया है, तो 200MP फाइल में भी ऐसी बारीकी नहीं होगी जिसकी उम्मीद सिर्फ आंकड़ा देखकर की जाती है। यही वजह है कि कभी-कभी 200MP फोटो को 100 प्रतिशत आकार में खोलने पर आपको बहुत ज्यादा बारीकी नहीं, बल्कि ज्यादा तेज किए गए किनारे, कृत्रिम बनावट और रंगों की अजीब चमक दिखाई दे सकती है।

असली कैमरा खरीदते समय क्या देखना चाहिए?

अगर आपको फोन खरीदना है तो कैमरे के मामले में सबसे पहले मेगापिक्सल देखकर फैसला मत कीजिए। सबसे पहले मुख्य कैमरे के सेंसर का आकार देखिए। फिर यह देखिए कि उस सेंसर के पिक्सल कितने बड़े हैं। इसके बाद लेंस और उसका अपर्चर देखिए। ऑप्टिकल इमेज स्थिरीकरण यानी ओआईएस है या नहीं, यह भी महत्वपूर्ण है, खासकर रात और चलते हुए विषयों की फोटो में। फिर देखिए कि फोन तस्वीरों को किस तरह संसाधित करता है। एक ही सेंसर अलग-अलग फोन में अलग परिणाम दे सकता है क्योंकि सॉफ्टवेयर और तस्वीर को संभालने वाला प्रोसेसर भी बहुत फर्क डालते हैं। स्मार्टफोन कैमरों की गुणवत्ता में सेंसर, लेंस, प्रोसेसिंग और सॉफ्टवेयर सभी की भूमिका होती है। और सबसे जरूरी बात, कैमरा खरीदने से पहले दिन और रात दोनों की वास्तविक तस्वीरें देखिए। क्योंकि कैमरे की असली परीक्षा विज्ञापन में नहीं, कम रोशनी, चेहरे, चलती चीजों, आसमान और पेड़-पौधों जैसे मुश्किल दृश्यों में होती है।

कुल मिला कर अगर आपको सिर्फ एक बात याद रखनी है तो वह यह है कि मेगापिक्सल तस्वीर की मात्रा बताता है, गुणवत्ता की पूरी कहानी नहीं। 200MP कैमरा आपको बहुत ज्यादा पिक्सल दे सकता है। इससे फोटो को काटकर बड़ा करने में फायदा हो सकता है और अच्छी रोशनी में ज्यादा बारीकी मिल सकती है। लेकिन अगर उसी छोटे सेंसर में ये पिक्सल बहुत छोटे हैं, तो कम रोशनी में उनका फायदा सीमित हो सकता है। दूसरी तरफ 50MP कैमरा बड़े सेंसर, बड़े पिक्सल, बेहतर लेंस और बेहतर सॉफ्टवेयर के साथ 108MP कैमरे से ज्यादा साफ और खूबसूरत तस्वीर दे सकता है। और 24MP या 45MP का बड़ा सेंसर वाला कैमरा कई परिस्थितियों में 200MP फोन से बेहतर तस्वीर दे सकता है, क्योंकि फोटो सिर्फ पिक्सल गिनकर नहीं बनती। उसमें रोशनी, सेंसर, लेंस, फोकस, अपर्चर, गतिशील परास और तस्वीर को तैयार करने वाला पूरा तंत्र काम करता है।

यही कारण है कि कैमरे की दुनिया में ज्यादा मेगापिक्सल और बेहतर कैमरा दो अलग बातें हैं। और शायद यही सबसे बड़ा कैमरा भ्रम भी है। फोन खरीदते समय हम कैमरे की ताकत को एक बड़े नंबर में खोजते हैं, जबकि अच्छी तस्वीर कई छोटे-बड़े फैसलों का नतीजा होती है। 200MP उस पूरी कहानी का सिर्फ एक अध्याय है, पूरी किताब नहीं।

Neel Mani Lal
ABOUT THE AUTHOR

Neel Mani Lal

neelmanilal@gmail.com
Next Story