TRENDING TAGS :
अब इंसान नहीं, AI तय कर रहा है क्या होगा वायरल! सोशल मीडिया की नई हुकूमत बदल रही है डिजिटल दुनिया
AI Social Media Algorithm: क्या AI तय करता है कौन-सी पोस्ट वायरल होगी? जानिए सोशल मीडिया एल्गोरिदम, फिल्टर बबल, इको चैंबर, वायरल कंटेंट और डिजिटल दुनिया पर AI के बढ़ते प्रभाव की पूरी कहानी।
AI Social Media Algorithm
कभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लोगों द्वारा पोस्ट किये गए कंटेंट को दिखाने का जरिया थे। जो पोस्ट पहले डाली जाती थी, वही पहले दिखाई देती थी। लेकिन आज डिजिटल दुनिया का पूरा ढांचा बदल चुका है। अब फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, एक्स, टिकटॉक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई इंसान नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तय कर रहा है कि करोड़ों लोगों की स्क्रीन पर कौन सा वीडियो पहुंचेगा, कौन सी पोस्ट वायरल होगी, किस क्रिएटर को लाखों व्यूज मिलेंगे और किसकी पोस्ट गुमनामी में खो कर रह जाएगी।
सच्चाई ये है कि AI अब सिर्फ आपत्तिजनक कंटेंट हटाने या स्पैम रोकने तक सीमित नहीं है। उसकी हुकूमत बहुत आगे बढ़ चुकी है। वह डिजिटल दुनिया का सबसे ताकतवर ‘निर्णयकर्ता’ बन चुका है। एक्सपर्ट्स इसे ‘एल्गोरिदमिक शासन’ कहते हैं, जहां नियम कानून कोई इंसान, कोई संस्था, कोई संसद नहीं, बल्कि मशीन लर्निंग मॉडल और डेटा तय करते हैं।
आपका व्यवहार भी पढ़ता है एआई
सोशल मीडिया का एआई सिर्फ यह नहीं देखता कि आपने कौन-सा वीडियो देखा। वह यह भी रिकॉर्ड करता है कि आपने वीडियो कितनी देर देखा, किस सेकंड पर स्क्रॉल किया, किस पोस्ट को लाइक किया, किसे शेयर किया, किसे नजरअंदाज किया और किस विषय पर आपने सबसे ज्यादा समय बिताया।
यही डेटा एआई को आपकी डिजिटल मनोवैज्ञानिक प्रोफाइल तैयार करने में मदद करता है। कुछ ही दिनों में एल्गोरिदम समझ जाता है कि आपको राजनीति पसंद है या क्रिकेट, शेयर बाजार पसंद है या मनोरंजन, धार्मिक विषय पसंद हैं या यात्रा से जुड़ी सामग्री। इसके बाद वह आपकी पसंद के अनुरूप कंटेंट दिखाना शुरू कर देता है। धीरे-धीरे यूजर को लगता है कि पूरी दुनिया उसी तरह सोच रही है, जबकि असलियत में वह केवल एल्गोरिदम द्वारा चुनी गई दुनिया देख रहा होता है।
वायरल कौन होगा ये एआई तय करता है
पहले माना जाता था कि अच्छा कंटेंट अपने आप लोगों तक पहुंच जाता है। लेकिन आज किसी पोस्ट की सफलता काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि प्लेटफॉर्म का एआई उसे कितना प्रमोट करता है। अगर एल्गोरिदम को लगता है कि कोई वीडियो लोगों को लंबे समय तक स्क्रीन पर रोके रखेगा, अधिक रिएक्शन दिलाएगा या प्लेटफॉर्म पर बिताया गया समय बढ़ाएगा, तो वह उसे लाखों लोगों तक पहुंचा देता है।
दूसरी ओर, अगर किसी पोस्ट पर शुरुआती कुछ मिनटों में अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह लाखों फॉलोअर्स होने के बावजूद बहुत कम लोगों तक पहुंच पाती है। यही वजह है कि आप जिसे बेहतरीन कंटेंट समझते हैं वो बढ़िया परफॉर्म नहीं कर पाता। या जिसे आप बेकार समझते हैं वह वायरल हो जाता है। यानी आज कंटेंट का डिस्ट्रीब्यूशन भी एआई नियंत्रित कर रहा है।
AI का नया टारगेट - आपका ध्यान
डिजिटल कंपनियों का सबसे बड़ा कारोबार विज्ञापन है। जितनी देर कोई व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर रहेगा, उतने अधिक विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं। इसीलिए AI का सबसे बड़ा उद्देश्य है कि यूजर अधिक से अधिक समय तक स्क्रीन से जुड़ा रहे। इस लक्ष्य को पाने के लिए एल्गोरिदम अक्सर ऐसे वीडियो और पोस्ट आगे बढ़ाता है जो भावनात्मक प्रतिक्रिया पैदा करें, जैसे गुस्सा, डर, आश्चर्य, विवाद या सनसनी। कई रिसर्च में पाया गया है कि अत्यधिक भावनात्मक या विवादास्पद सामग्री सामान्य जानकारी की तुलना में कहीं अधिक तेजी से फैलती है। यही वजह है कि कई बार भ्रामक जानकारी या आधी-अधूरी खबरें भी बहुत तेजी से वायरल हो जाती हैं। इसकी वजह है कि एआई को वो सब करना है जिससे आपका ध्यान खींचा जा सके। इसे कहा जाता है अटेंशन इकॉनमी।
AI अब केवल मॉडरेटर नहीं, संपादक भी बन चुका है
पहले सोशल मीडिया कंपनियां कहती थीं कि वे महज एक प्लेटफॉर्म हैं। लेकिन अब AI हर सेकंड करोड़ों पोस्ट को रैंक करता है, प्राथमिकता देता है और तय करता है कि किसे कितनी विजिबिलिटी मिलेगी। एक तरह से AI अब डिजिटल दुनिया का ‘अदृश्य संपादक’ बन गया है। समाचार संस्थानों, यूट्यूब क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को अब केवल दर्शकों की पसंद नहीं, बल्कि AI के बदलते एल्गोरिदम को भी समझना पड़ता है। इसी वजह से कई क्रिएटर अपनी सामग्री की क्वालिटी से ज्यादा एल्गोरिदम के अनुकूल शीर्षक, थंबनेल और प्रेजेंटेशन पर ध्यान देने लगे हैं।
विशेषज्ञों की सबसे बड़ी चिंता है कि क्या एआई समाज और सोच को प्रभावित कर रहा है? क्योंकि अगर एआई तय करने लगे कि कौन सी राजनीतिक खबर ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी, किस सामाजिक मुद्दे को प्राथमिकता मिलेगी और किस बहस को दबा दिया जाएगा, तो इसका असर लोकतांत्रिक विमर्श पर पड़ सकता है। कई देशों में चुनावों के दौरान एल्गोरिदम की भूमिका, राजनीतिक विज्ञापनों की पारदर्शिता और एआई आधारित कंटेंट की जवाबदेही को लेकर लगातार बहस हो रही है। यूरोपीय संघ ने डिजिटल सर्विस एक्ट और एआई एक्ट के जरिये बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्मों से यह अपेक्षा की है कि वे अपने रिकमेंडेशन सिस्टम और जोखिमों के बारे में अधिक पारदर्शिता रखें। वहीं अमेरिका में भी सोशल मीडिया एल्गोरिदम की जवाबदेही पर कांग्रेस में कई बार सुनवाई हो चुकी है।
अगला चरण: अब कंटेंट भी एआई बनाएगा
अब खतरा सिर्फ ये नहीं है कि एआई तय करेगा कौन-सा वीडियो दिखेगा। आज के जेनेरेटिव एआई के दौर में वही वीडियो, लेख, तस्वीर, संगीत और यहां तक कि पूरा वर्चुअल इन्फ्लुएंसर भी तैयार कर सकता है। यानी भविष्य में एआई कंटेंट का निर्माता भी होगा और उसी कंटेंट का वितरक भी। यदि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रही, तो यूजर्स के लिए यह समझना और कठिन हो जाएगा कि वे जो देख रहे हैं, वह किसी वास्तविक व्यक्ति ने बनाया है या मशीन ने।
कहने को तो तकनीकी कंपनियां कहती हैं कि एल्गोरिदम यूजर्स की रुचि के आधार पर सामग्री दिखाता है। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि कोई भी एल्गोरिदम पूरी तरह निष्पक्ष नहीं होता। वह उसी डेटा से सीखता है जो उसे दिया जाता है। यदि प्रशिक्षण डेटा में पूर्वाग्रह मौजूद हैं या प्लेटफॉर्म का टारगेट यूजर्स का स्क्रीन टाइम बढ़ाना है, तो एआई भी वैसे ही काम करेगा।
यही कारण है कि आज एआई में एल्गोरिदमिक बायस, फिल्टर बबल, इको चैंबर और डिजिटल मैनिपुलेशन जैसे विषय वैश्विक नीति-निर्माताओं के लिए बड़ी चिंता बन चुके हैं।
डिजिटल विशेषज्ञों का मानना है कि यूजर्स को यह समझना होगा कि उनकी स्क्रीन पर दिखाई देने वाली सामग्री पूरी इंटरनेट दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं करती। अलग-अलग समाचार स्रोत पढ़ना, विभिन्न विचारों को सुनना, किसी भी वायरल वीडियो या दावे की तथ्य-जांच करना और केवल एल्गोरिदम द्वारा सुझाए गए कंटेंट तक सीमित न रहना डिजिटल साक्षरता का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
एआई ने इंटरनेट को पहले से अधिक व्यक्तिगत, तेज और सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ ही उसने अभूतपूर्व शक्ति भी हासिल कर ली है। आज वह केवल आपत्तिजनक सामग्री हटाने वाला सॉफ्टवेयर नहीं, बल्कि अरबों लोगों की सूचना, मनोरंजन, खरीदारी, सामाजिक संवाद और यहां तक कि सार्वजनिक विमर्श को प्रभावित करने वाली अदृश्य व्यवस्था बन चुका है।
आने वाले वर्षों में सबसे बड़ी बहस केवल इस बात पर नहीं होगी कि एआई कितना बुद्धिमान है, बल्कि इस पर होगी कि इतनी बड़ी डिजिटल शक्ति पर लोकतांत्रिक निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही कैसे सुनिश्चित की जाए। क्योंकि जब कोई एल्गोरिदम यह तय करने लगे कि दुनिया क्या देखेगी, तब सवाल केवल तकनीक का नहीं, बल्कि समाज, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का भी बन जाता है।


