TRENDING TAGS :
Apple AI Camera: Apple का गजब AI Camera! वीडियो सेव किए बिना बताएगा घर में कौन आया
Apple AI Camera घर में हुई गतिविधियों को AI से समझकर टेक्स्ट अलर्ट दे सकता है। जानें J450 कैमरे के फीचर्स, प्राइवेसी और संभावित लॉन्च।
Apple AI Camera: New Device May Tell Who Entered Your Home Without Saving Video
Apple AI Camera: सोचिए,बिना सिक्यूरिटी कैमरे के घर में कोई आया, लिविंग रूम में कुछ हलचल हुई या कोई जाना-पहचाना चेहरा कमरे में दाखिल हुआ और आपको इसकी जानकारी मिल जाए। Apple इसी तरह की तकनीक पर काम कर रही है। कंपनी का नया AI Home Security Camera पारंपरिक CCTV कैमरों की तरह हर समय वीडियो रिकॉर्ड करने के बजाय आसपास की गतिविधियों को समझकर उसका टेक्स्ट में विवरण दे सकता है। ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमैन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिवाइस J450 कोडनेम के तहत विकसित किया जा रहा है। रिपोर्ट में इसे होम सिक्योरिटी के लिए एक छोटे सेंसर/कैमरा के तौर पर बताया गया है। इसकी खासियत AI और प्राइवेसी पर फोकस हो सकती है।
वीडियो रिकॉर्ड नहीं, AI बताएगा घर में क्या हुआ
मौजूदा सिक्योरिटी कैमरों में आमतौर पर लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग, क्लाउड स्टोरेज या लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं होती हैं। Apple का कथित कैमरा इस मॉडल से अलग हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, इसमें लो-फ्रेम-रेट इमेज सेंसर लगाया जा सकता है। कैमरा आसपास की तस्वीरों से गतिविधियों को समझेगा और AI की मदद से घटना का मतलब निकालेगा। इसके बाद यूजर को वीडियो क्लिप दिखाने के बजाय टेक्स्ट अलर्ट मिल सकता है।
मसलन, सिस्टम यह बता सकता है कि कोई व्यक्ति लिविंग रूम में आया या घर के किसी हिस्से में गतिविधि हुई। यानी कैमरे का मकसद हर सेकंड की फुटेज संभालकर रखना नहीं, बल्कि जरूरी घटना को पहचानना हो सकता है।
चेहरे पहचानने की क्षमता भी हो सकती है
Apple के इस डिवाइस में Facial Recognition और इंफ्रारेड सेंसर जैसी तकनीक शामिल होने की जानकारी पहले की रिपोर्टों में सामने आ चुकी है। इससे सिस्टम यह समझने में सक्षम हो सकता है कि कमरे में कौन मौजूद है या कौन अंदर आया।
यहां एक खास अंतर है। अगर कैमरा वास्तव में वीडियो स्टोर नहीं करता है, तो यूजर बाद में घटना की पूरी रिकॉर्डिंग देखने में सक्षम नहीं होगा। उसे AI द्वारा तैयार किया गया घटनाक्रम या टेक्स्ट जानकारी ही मिल सकती है। यही फीचर इसे सामान्य CCTV से अलग बनाता है और प्राइवेसी के लिहाज से भी इसकी भूमिका काफी फायदेमंद सबित हो सकती है।
Apple पहले से बना रही है AI वाला Home सिस्टम
यह कैमरा अकेला प्रोडक्ट नहीं माना जा रहा। Apple अपने स्मार्ट होम इकोसिस्टम को विस्तार देने की तैयारी में है। कंपनी एक नए स्मार्ट होम हब पर भी काम कर रही है, जिसका कोडनेम J490 बताया गया है। Bloomberg के मुताबिक, Apple की स्मार्ट होम रणनीति में यह हब अहम भूमिका निभा सकता है।
रिपोर्टों के अनुसार, यह डिवाइस करीब 6 इंच के डिस्प्ले के साथ आ सकता है और इसे टेबल पर रखा या दीवार पर लगाया जा सकेगा। इसमें AI वाली Siri, स्मार्ट होम कंट्रोल, म्यूजिक, वीडियो कॉल और दूसरे घरेलू फीचर्स दिए जा सकते हैं।
HomeKit कैमरों में भी बढ़ रहा AI का इस्तेमाल
Apple के पास पहले से HomeKit Secure Video सिस्टम है, जो compatible थर्ड-पार्टी सिक्योरिटी कैमरों की वीडियो को iCloud के जरिए सुरक्षित तरीके से स्टोर और स्ट्रीम करने की सुविधा देता है। iOS 27 में Apple ने कैमरा फीचर्स को AI के साथ और आगे बढ़ाने की तैयारी की है। इनमें मोशन अलर्ट के लिए लिखित सारांश और अलग-अलग कैमरों की फुटेज से किसी घटना को जोड़ने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। J450 का कॉन्सेप्ट इससे एक कदम अलग नजर आता है, क्योंकि इसका जोर वीडियो फुटेज संभालने के बजाय गतिविधि को समझने और उसका अर्थ बताने पर हो सकता है।
कब आएगा Apple का AI Security Camera?
Apple ने इस कैमरे की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। सितंबर में सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी इस तरह के होम सिक्योरिटी सिस्टम और उससे जुड़ी सर्विस पर काम कर रही है, जिसका लॉन्च 2027 में हो सकता है। इसलिए अभी इसकी कीमत, बिक्री वाले बाजार और अंतिम फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
अगर Apple इस प्रोडक्ट को इसी कॉन्सेप्ट के साथ पेश करती है, तो होम सिक्योरिटी कैमरे का इस्तेमाल करने का तरीका बदल सकता है।


