Meta को टक्कर देने आ रहा Apple का स्मार्ट ग्लास, फीचर्स जानकर चौंक जाएंगे

Apple Smart Glasses Launch: ऐपल जल्द लॉन्च कर सकता है स्मार्ट ग्लास, जानिए इसमें क्या होंगे खास फीचर्स और कैसे देगा Meta को टक्कर

Jyotsana Singh
Published on: 13 April 2026 4:01 PM IST
apple smart glasses upcoming launch ar glasses features competition to meta ar smart glasses
X

Apple Smart Glasses Launch Expected

Apple Smart Glasses Launch: टेक दुनिया में एक और बड़ा बदलाव आने वाला है। अभी तक आप आई फोन और वॉच के दीवाने थे वहीं Apple Inc. अब स्मार्ट ग्लास सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी इस नए प्रोडक्ट पर तेजी से काम कर रही है और इसे खास बनाने के लिए कई डिजाइन और फीचर्स पर टेस्टिंग कर रही है। भले ही ऐपल इस रेस में थोड़ी देर से कदम रख रही है, लेकिन उसकी रणनीति है कि, कुछ ऐसा लाना जो यूजर्स के लिए अलग और उपयोगी हो। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह डिवाइस स्मार्टफोन के अनुभव को एक नए लेवल पर ले जा सकता है।

चार अलग-अलग डिजाइन से हर यूजर को साधने की कोशिश

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल अपने स्मार्ट ग्लास के लिए चार तरह के डिजाइन पर काम कर रही है। इनमें बड़ा रेक्टेंगुलर फ्रेम, स्लिम और हल्का फ्रेम, बड़ा गोल या ओवल फ्रेम और छोटा गोल डिजाइन शामिल है। यह साफ दिखाता है कि कंपनी सिर्फ टेक्नोलॉजी पर ही नहीं, बल्कि फैशन और कम्फर्ट पर भी बराबर ध्यान दे रही है। साथ ही, रंगों के विकल्प भी यूजर्स को ध्यान में रखकर चुने जा रहे हैं। काला, ओशन ब्लू और हल्का भूरा जैसे कलर ऑप्शन टेस्ट किए जा रहे हैं, ताकि अलग-अलग पसंद और स्टाइल वाले लोग इसे आसानी से अपना सकें। यह रणनीति बताती है कि ऐपल इस प्रोडक्ट को सिर्फ गैजेट नहीं, बल्कि रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीज बनाना चाहती है।

होंगे दमदार फीचर्स

ऐपल का स्मार्ट ग्लास सिर्फ देखने के लिए नहीं, बल्कि कई काम करने के लिए तैयार किया जा रहा है। इसमें फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा मिल सकती है, जिससे यूजर्स बिना फोन निकाले ही यादें कैद कर सकेंगे।

इसके अलावा, कॉलिंग, नोटिफिकेशन, म्यूजिक कंट्रोल और वॉइस असिस्टेंट जैसी सुविधाएं भी इसमें दी जा सकती हैं। खास बात यह होगी कि यह ग्लास सीधे आईफोन से कनेक्ट होकर काम करेगा, जिससे यूजर्स को एक सहज और तेज अनुभव मिलेगा।

यह डिवाइस ऐपल के इकोसिस्टम का हिस्सा होगा, यानी अगर आपके पास iPhone, AirPods या Mac है, तो यह ग्लास उनके साथ आसानी से सिंक हो जाएगा। यही ऐपल की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।

नए Siri अपडेट के साथ और स्मार्ट बनेगा ग्लास

ऐपल अपने स्मार्ट ग्लास में Siri के नए और उन्नत वर्जन को जोड़ सकती है। इसका मतलब है कि यूजर्स सिर्फ आवाज से ही कई काम कर पाएंगे जैसे मैसेज भेजना, कॉल करना या म्यूजिक चलाना।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए यह डिवाइस यूजर की आदतों को समझकर काम कर सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आप रोज सुबह म्यूजिक सुनते हैं, तो यह ग्लास खुद ही सुझाव दे सकता है।

मेटा के रे-बैन स्मार्ट ग्लास से सीधा मुकाबला

ऐपल का स्मार्ट ग्लास बाजार में पहले से मौजूद डिवाइस को टक्कर देगा, खासकर Meta Platforms के रे-बैन स्मार्ट ग्लास को। मेटा का यह प्रोडक्ट पहले से ही फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं देता है।

लेकिन ऐपल की रणनीति अलग है। वह अपने मजबूत इकोसिस्टम और बेहतर यूजर एक्सपीरियंस के जरिए प्रतिस्पर्धा करना चाहती है। जहां मेटा सोशल कनेक्टिविटी पर जोर देता है, वहीं ऐपल प्राइवेसी और स्मूद परफॉर्मेंस को अपनी ताकत बनाता है।

कब आएगा यह नया गैजेट

रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल अपने स्मार्ट ग्लास को 2026 के अंत तक पेश कर सकती है, जबकि इसका आधिकारिक लॉन्च 2027 में होने की संभावना है। कंपनी फिलहाल इसके डिजाइन, फीचर्स और परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने पर काम कर रही है।

ऐपल आमतौर पर अपने प्रोडक्ट को तब ही लॉन्च करती है जब वह पूरी तरह तैयार हो जाए। यही वजह है कि कंपनी जल्दबाजी में बाजार में उतरने के बजाय सही समय का इंतजार कर रही है।

स्मार्ट ग्लास मार्केट का बढ़ता क्रेज

स्मार्ट ग्लास अब सिर्फ एक कॉन्सेप्ट नहीं रह गया है। टेक कंपनियां इसे भविष्य का बड़ा प्लेटफॉर्म मान रही हैं। ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) और AI के साथ मिलकर यह डिवाइस हमारे काम करने और दुनिया को देखने के तरीके को बदल सकता है। ऐपल की एंट्री से इस मार्केट में प्रतिस्पर्धा और तेज होगी। इससे यूजर्स को बेहतर प्रोडक्ट और ज्यादा विकल्प मिलने की उम्मीद है।

क्या खास होगा ऐपल का स्मार्ट ग्लास?

ऐपल का फोकस सिर्फ फीचर्स जोड़ने पर नहीं, बल्कि यूजर एक्सपीरियंस को आसान और उपयोगी बनाने पर रहेगा। कंपनी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि यह ग्लास भारी या अनकंफर्टेबल न हो, बल्कि हल्का, स्टाइलिश और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए आरामदायक हो।

अगर ऐपल अपने इस लक्ष्य में सफल होती है, तो स्मार्ट ग्लास आने वाले समय में स्मार्टफोन का एक मजबूत विकल्प बन सकता है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story