TRENDING TAGS :
Ather Scooter AI Features: AI से लैस हुआ Ather Scooter, आवाज सुनकर बदलेगा Ride Mode और नेविगेशन
Ather Scooter AI Features: Ather Energy ने Voice on Ather फीचर लॉन्च किया है, जिससे राइडर्स अब आवाज के जरिए Ride Mode, Navigation, Music और अन्य फीचर्स कंट्रोल कर सकेंगे।
Ather Scooter AI Features: जरा सोचिए कि, ट्रैफिक में चलते हुए आपको रास्ता बदलना हो, कोई गाना बदलना हो या घर पहुंचने का समय जानना हो और इसके लिए आपको स्कूटर की स्क्रीन छूने की जरूरत ही न पड़े। बस बोलिए और आपका स्कूटर उस पर काम करने लग जाए। यह सिर्फ कोरी कल्पना नहीं बल्कि हकीकत बन चुका है। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता एथर एनर्जी ने अपने स्कूटर्स के लिए ऐसा ही नया वॉयस कमांड फीचर लॉन्च किया है, जो राइडिंग अनुभव को पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और सुरक्षित बनाने का दावा करता है। कंपनी का कहना है कि यह तकनीक स्कूटर और राइडर के बीच बातचीत को आसान बनाएगी और रोजमर्रा की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।
सामान्य बातचीत की भाषा भी समझेगा स्कूटर
एथर एनर्जी (Ather Energy) ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में एक नया AI आधारित वॉयस कमांड सिस्टम पेश किया है, जिसे Voice on Ather नाम दिया गया है। यह फीचर राइडर्स को स्कूटर की स्क्रीन पर बार-बार टैप करने की बजाय सिर्फ आवाज के जरिए कई जरूरी काम करने की सुविधा देगा। कंपनी का मानना है कि इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी बल्कि सड़क पर सुरक्षा भी बेहतर होगी थी क्योंकि राइडर का ध्यान स्क्रीन के बजाय सड़क पर रहेगा।
'घर चलो' बोलते ही शुरू हो जाएगा नेविगेशन
अब तक अधिकांश स्मार्ट डिवाइस और वॉयस असिस्टेंट निर्धारित कमांड्स पर काम करते थे, लेकिन एथर एनर्जी का नया सिस्टम नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP) तकनीक का उपयोग करता है। इसका मतलब है कि यूजर को किसी खास शब्द या कमांड को याद रखने की जरूरत नहीं होगी। वह स्कूटर को सामान्य बातचीत की भाषा में निर्देश दे सकेगा। उदाहरण के लिए, यदि कोई राइडर कहता है, 'मुझे घर ले चलो', 'नजदीकी मॉल का रास्ता दिखाओ' या 'मैं यहां से कितनी देर में घर पहुंचूंगा?' तो सिस्टम कमांड को समझकर तुरंत संबंधित जानकारी या नेविगेशन शुरू कर सकता है। यही वजह है कि यह फीचर पारंपरिक वॉयस कमांड सिस्टम से अलग माना जा रहा है। नेविगेशन को आसान बनाना इस फीचर का सबसे बड़ा उद्देश्य है। आमतौर पर किसी नई जगह का पता डालने के लिए राइडर को रुककर स्क्रीन पर टाइप करना पड़ता है। अब सिर्फ जगह का नाम बोलने से स्कूटर मार्ग दिखाना शुरू कर देगा। रास्ते में वैकल्पिक मार्ग खोजने या आसपास की किसी लोकेशन को सर्च करने जैसे काम भी आवाज के जरिए किए जा सकेंगे।
अब आवाज से बदल सकेंगे राइडिंग मोड
Ather के स्कूटर्स में मिलने वाले Eco, Ride और Warp जैसे राइडिंग मोड भी अब वॉयस कमांड से बदले जा सकेंगे। पहले इसके लिए स्क्रीन पर जाकर विकल्प चुनना पड़ता था, लेकिन अब राइडर सिर्फ बोलकर मोड बदल सकेगा। लंबी दूरी की यात्रा और शहर के भारी ट्रैफिक में यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
म्यूजिक और कॉल कंट्रोल भी होंगे आसान
कंपनी ने म्यूजिक और कॉल कंट्रोल को भी इस सिस्टम के साथ इंटीग्रेट किया है। यदि स्कूटर स्मार्टफोन से कनेक्ट है तो यूजर गाने बदल सकता है, म्यूजिक प्ले या पॉज कर सकता है और कॉल से जुड़े कुछ बेसिक फंक्शन भी आवाज के जरिए इस्तेमाल कर सकता है। इससे बार-बार फोन निकालने की जरूरत कम होगी।
सुरक्षा और सुविधा दोनों पर फोकस
कंपनी का मानना है कि यह फीचर राइडर का ध्यान सड़क पर बनाए रखने में मदद करेगा। स्क्रीन के इस्तेमाल में कमी आने से राइडिंग पहले से ज्यादा सुरक्षित हो सकती है।
ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों में स्मार्ट कनेक्टिविटी और AI फीचर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। ग्राहकों की अपेक्षा अब केवल बेहतर रेंज या बैटरी तक सीमित नहीं रह गई है। वे ऐसे फीचर्स चाहते हैं जो रोजाना की यात्रा को आसान और अधिक इंटरैक्टिव बना सकें। Ather का नया वॉयस सिस्टम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुराने ग्राहकों को भी मिलेगा फायदा
सबसे खास बात यह है कि यह सुविधा केवल नए स्कूटर्स तक सीमित नहीं रहेगी। कंपनी इसे OTA (ओवर-द-एयर) सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए अपने सभी Gen-3 और उससे नए स्कूटर्स में उपलब्ध करा रही है। यानी जिन ग्राहकों के पास पहले से Ather का योग्य मॉडल मौजूद है, वे बिना किसी अतिरिक्त हार्डवेयर बदलाव के इस तकनीक का लाभ उठा सकेंगे।
EV बाजार में बढ़ रही स्मार्ट फीचर्स की दौड़
भारत का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार लगातार प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है। ऐसे में कंपनियां केवल बैटरी और रेंज के आधार पर नहीं बल्कि स्मार्ट टेक्नोलॉजी और डिजिटल अनुभव के जरिए भी ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं। Ather का नया Voice on Ather फीचर इसी बदलते ट्रेंड का संकेत है, जहां आने वाले समय में स्कूटर सिर्फ एक वाहन नहीं बल्कि एक स्मार्ट डिजिटल साथी की तरह काम कर सकता है।
अगर कंपनी का यह प्रयोग सफल रहता है तो भविष्य में और भी एडवांस्ड फीचर्स देखने को मिल सकते हैं, जिनमें अधिक व्यक्तिगत सुझाव, बेहतर AI असिस्टेंस और राइडिंग के दौरान रियल टाइम जानकारी शामिल हो सकती है। फिलहाल इतना तय है कि अब स्कूटर चलाते समय घर पहुंचने में कितना समय लगेगा? पूछने पर जवाब पाने के मोबाइल निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एथर स्कूटर की कीमत कितनी है?
Ather के इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹1.10 लाख से शुरू होती है, जबकि टॉप मॉडल ₹1.95 लाख तक जाते हैं। कंपनी के लोकप्रिय मॉडल्स में Rizta, 450S, 450X और 450 Apex शामिल हैं। नए Voice Command फीचर का लाभ Gen-3 और उससे नए स्कूटर्स के ग्राहकों को OTA अपडेट के जरिए मिलेगा।


