Fuel Credit Cards: पेट्रोल के बढ़ते दामों से परेशान हैं? ये फ्यूल क्रेडिट कार्ड करा सकते हैं सालाना हजारों रुपये की बचत

Best Fuel Credit Cards India 2026: पेट्रोल-डीजल और CNG की बढ़ती कीमतों के बीच ये फ्यूल क्रेडिट कार्ड सरचार्ज छूट, कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स के जरिए बड़ी बचत करा सकते हैं

Jyotsana Singh
Published on: 30 May 2026 2:18 PM IST (Updated on: 30 May 2026 2:20 PM IST)
best fuel credit cards india 2026 for petrol savings save money on petrol diesel
X

Best Fuel Credit Cards India 2026

Best Fuel Credit Cards India 2026: देश में पेट्रोल और डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के मासिक बजट पर जबरदस्त दबाव बढ़ा दिया है। रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोगों से लेकर टैक्सी और निजी वाहन चलाने वालों तक, हर किसी की जेब पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे समय में फ्यूल क्रेडिट कार्ड एक ऐसा विकल्प बनकर सामने आए हैं, जो पेट्रोल भरवाने के खर्च को कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकते हैं। इन कार्डों के जरिए न केवल फ्यूल सरचार्ज से राहत मिलती है, बल्कि रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक और अन्य सुविधाओं के रूप में अतिरिक्त लाभ भी मिलता है।

फ्यूल क्रेडिट कार्ड कैसे करते हैं बचत?

अगर आप पैट्रोल पंप पर क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं तो आमतौर पर देखा गया है कि, क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर करीब 1 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज देना पड़ता है। यदि कोई व्यक्ति हर महीने 8,000 से 15,000 रुपये तक का फ्यूल खर्च करता है, तो सालभर में यह रकम काफी बड़ी हो जाती है। फ्यूल क्रेडिट कार्ड इस सरचार्ज को कम या माफ करने के साथ-साथ हर ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड भी देते हैं। यही वजह है कि बढ़ती महंगाई के बीच इन कार्डों की मांग लगातार बढ़ रही है।

आरबीएल बैंक इंडियनऑयल एक्स्ट्रा क्रेडिट कार्ड

(RBL Bank IndianOil XTRA Credit Card)

अगर आपका ज्यादातर फ्यूल खर्च इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर होता है तो RBL Bank IndianOil XTRA क्रेडिट कार्ड एक मजबूत विकल्प माना जाता है। यह कार्ड फ्यूल खरीद पर लगभग 8.5 प्रतिशत तक की बचत का दावा करता है। कार्डधारकों को इंडियन ऑयल आउटलेट्स पर खर्च करने पर रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं, जिन्हें बाद में फ्यूल या अन्य लाभों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। शुरुआती वेलकम बोनस भी इसकी सबसे बड़ी खासियतों में शामिल है। इस कार्ड की सालाना फीस अपेक्षाकृत अधिक है, लेकिन नियमित फ्यूल खर्च करने वाले लोगों के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स हासिल कर यह लागत आसानी से वसूल हो सकती है।

एसबीआई बीपीसीएल ऑक्टेन क्रेडिट कार्ड (SBI BPCL Octane Card)

जो लोग अक्सर BPCL पेट्रोल पंपों से फ्यूल भरवाते हैं, उनके लिए SBI BPCL Octane Card काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। यह कार्ड फ्यूल खर्च पर आकर्षक वैल्यू-बैक देने के साथ-साथ एयरपोर्ट लाउंज जैसी प्रीमियम सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। इसके जरिए पेट्रोल, डीजल, भारत गैस बुकिंग और अन्य संबंधित खर्चों पर अतिरिक्त रिवॉर्ड मिलते हैं। यही कारण है कि यह कार्ड अक्सर देश के सबसे लोकप्रिय फ्यूल क्रेडिट कार्डों में गिना जाता है।

आईडीएफसी फर्स्ट एचपीसीएल पावर प्लस क्रेडिट कार्ड

(IDFC FIRST HPCL Power+ Card)

यदि आप ज्यादा सालाना शुल्क नहीं देना चाहते और फिर भी फ्यूल पर बचत करना चाहते हैं, तो IDFC FIRST HPCL Power+ Card एक किफायती विकल्प हो सकता है। यह कार्ड HPCL पेट्रोल पंपों पर खर्च करने पर रिवॉर्ड और हैप्पी कॉइन्स के रूप में लाभ देता है। इसके अलावा UPI ट्रांजैक्शन पर भी अतिरिक्त फायदे मिलते हैं। कम फीस और अतिरिक्त सुविधाओं के कारण यह कार्ड पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने वाले ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है।

आईसीआईसीआई बैंक एचपीसीएल सुपर सेवर क्रेडिट कार्ड

(ICICI Bank HPCL Super Saver Card)

ICICI Bank HPCL Super Saver Credit Card सिर्फ फ्यूल बचत तक सीमित नहीं है। यह कार्ड मूवी टिकट बुकिंग, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस और कई अन्य लाइफस्टाइल सुविधाएं भी देता है। HPCL पेट्रोल पंपों पर खर्च करने पर कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं, जिससे नियमित वाहन उपयोग करने वालों को अतिरिक्त फायदा मिलता है। जो लोग फ्यूल के साथ-साथ मनोरंजन और यात्रा लाभ भी चाहते हैं, उनके लिए यह कार्ड उपयोगी साबित हो सकता है।

एक्सिस बैंक इंडियनऑयल क्रेडिट कार्ड (Axis Bank IndianOil Credit Card)

एक्सिस बैंक इंडियनऑयल क्रेडिट कार्ड इंडियन ऑयल ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। फ्यूल खरीद पर मिलने वाले वैल्यू-बैक के अलावा यह कार्ड ऑनलाइन शॉपिंग और अन्य खर्चों पर भी रिवॉर्ड देता है। साथ ही मूवी टिकट बुकिंग पर मिलने वाली छूट इसे युवाओं के बीच भी लोकप्रिय बनाती है। कम फीस और आसान पात्रता इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल हैं।

कोटक इंडियनऑयल क्रेडिट कार्ड

(Kotak IndianOil Credit Card)

कोटक का इंडियन उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो फ्यूल के अलावा ग्रोसरी और डाइनिंग पर भी नियमित खर्च करते हैं। यह कार्ड फ्यूल खर्च पर वैल्यू-बैक देने के साथ-साथ अन्य रोजमर्रा की जरूरतों पर भी रिवॉर्ड प्रदान करता है। इसके अलावा ग्राहकों को 24 घंटे कंसीयर्ज सेवा जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती हैं, जो इसे दूसरे कार्डों से अलग बनाती हैं।

एचडीएफसी बैंक इंडियनऑयल क्रेडिट कार्ड

(HDFC Bank IndianOil Credit Card)

एचडीएफसी बैंक इंडियनऑयल क्रेडिट कार्ड उन लोगों के लिए उपयुक्त माना जाता है जो कम सालाना शुल्क में बेहतर फ्यूल लाभ चाहते हैं। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंपों पर खर्च करने पर यह कार्ड अच्छी बचत का अवसर देता है। इसके अलावा ग्रोसरी खरीदारी और अन्य घरेलू खर्चों पर भी रिवॉर्ड मिलते हैं। कम फीस और व्यापक स्वीकार्यता के कारण यह कार्ड काफी लोकप्रिय है।

इंडसइंड बैंक जियो-बीपी मोबिलिटी प्लस क्रेडिट कार्ड (IndusInd Bank Jio-bp Mobility+ Card )

जियो-बीपी नेटवर्क के विस्तार के साथ इंडसइंड बैंक जियो-बीपी मोबिलिटी प्लस क्रेडिट कार्ड भी तेजी से चर्चा में आया है। यह कार्ड फ्यूल खरीद पर वैल्यू-बैक के साथ रिवॉर्ड पॉइंट्स देता है। इसकी एक बड़ी खासियत यह है कि इसमें रिन्यूअल फीस नहीं ली जाती। ऐसे में लंबे समय तक कार्ड रखने वाले ग्राहकों को अतिरिक्त फायदा मिल सकता है।

कार्ड चुनते समय सिर्फ कैशबैक नहीं, पूरी पड़ताल की जरूरत

विशेषज्ञों का मानना है कि फ्यूल क्रेडिट कार्ड चुनते समय केवल कैशबैक प्रतिशत देखना पर्याप्त नहीं है। यह भी जरूरी है कि आपके आसपास कौन सा पेट्रोल पंप नेटवर्क सबसे ज्यादा उपलब्ध है। यदि आप HPCL पंप का इस्तेमाल करते हैं तो इंडियन ऑयल आधारित कार्ड से ज्यादा लाभ नहीं मिलेगा। इसी तरह सालाना फीस, रिवॉर्ड पॉइंट की वैल्यू, सरचार्ज वेवर की सीमा और अन्य शर्तों को भी ध्यान से समझना चाहिए।

सालभर में हजारों रुपये तक हो सकती है बचत

फ्यूल क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर आप रोजाना छोटे छोटे प्वाइंट्स अर्जित कर हज़ारों की बचत कर सकते हैं। मान लीजिए आपका मासिक फ्यूल खर्च 10,000 रुपये है। ऐसे में सालाना खर्च 1.2 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। यदि आपको औसतन 5 से 8 प्रतिशत तक का वैल्यू-बैक और सरचार्ज छूट मिलती है तो सालभर में 6,000 से 10,000 रुपये तक की बचत संभव है। ज्यादा वाहन चलाने वालों के लिए यह बचत और भी अधिक हो सकती है।

सही कार्ड चुनकर बढ़ती महंगाई का असर कर सकते हैं कम

रोजमर्रा की भागदौड़ में अब फ्यूल ऑयल एक जरूरी हिस्सा बन गया है। बिना इसके अब दैनिक जीवन के कार्यकलाप संभव नहीं हैं। ऐसे में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को पूरी तरह नियंत्रित करना किसी उपभोक्ता के हाथ में नहीं है, लेकिन सही वित्तीय विकल्प चुनकर उसके असर को जरूर कम किया जा सकता है। फ्यूल क्रेडिट कार्ड इसी दिशा में एक उपयोगी साधन हैं। यदि आप हर महीने पेट्रोल या डीजल पर अच्छा-खासा खर्च करते हैं, तो अपनी जरूरत और पेट्रोल पंप नेटवर्क के अनुसार सही कार्ड चुनकर सालाना अच्छी बचत कर सकते हैं।

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story