TRENDING TAGS :
Delhi Metro Electric Scooter Rental: मेट्रो से उतरते ही स्कूटर आपका, 5 मिनट में होगी बुकिंग
Delhi Metro Electric Scooter Rental: ITO मेट्रो स्टेशन से Honda Activa e: किराये पर लें। जानें 5 मिनट की बुकिंग, बैटरी स्वैप और 6 स्टेशनों तक विस्तार की योजना।
Delhi Metro Electric Scooter Rental: Book an EV Scooter in Just 5 Minutes
Delhi Metro Electric Scooter Rental: दिल्ली में मेट्रो से उतरने के बाद घर, ऑफिस या किसी दूसरे गंतव्य तक पहुंचने के लिए अब हर बार ऑटो या कैब ढूंढने की जरूरत नहीं होगी। यात्री मेट्रो स्टेशन से ही इलेक्ट्रिक स्कूटर किराये पर लेकर आगे का सफर कर सकेंगे। भागो मोबिलिटी ने होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया और होंडा पॉवर पैक एनर्जी इंडिया के साथ मिलकर ‘BhaGoMo-iRide’ सर्विस शुरू की है। इसकी अभी इसकी शुरुआत ITO मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 से हुई है।
ITO मेट्रो स्टेशन से मिलेगी सुविधा
नई सर्विस का मकसद मेट्रो और आखिरी मंजिल के बीच की दूरी को आसान बनाना है। ITO स्टेशन से उतरने वाले यात्री भागो ऐप के जरिए इलेक्ट्रिक स्कूटर बुक कर सकेंगे। स्कूटर को कुछ घंटों के लिए या कई दिनों तक किराये पर लिया जा सकता है। वहीं यह स्कूटर उसी मेट्रो स्टेशन के हब पर वापस करना होगा, जहां से उसे लिया गया है। यानी यह सुविधा खास तौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें किसी तय जगह पर पहुंचकर वापस भी उसी इलाके में लौटना है।
कंपनी ने अभी इस सर्विस की किराया दर सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए प्रति घंटे या प्रति दिन स्कूटर किराये पर लेने के लिए कितना भुगतान करना होगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
5 मिनट में वेरिफिकेशन और बुकिंग
इस रेंटल सर्विस को डिजिटल रखा गया है। यात्री Bhago ऐप पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और DigiLocker आधारित वेरिफिकेशन की सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी के मुताबिक ऑनबोर्डिंग और बुकिंग की प्रक्रिया करीब पांच मिनट में पूरी हो सकती है। इससे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद स्कूटर लेने में ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए। इस मॉडल की खास बात यह है कि यात्री को अपनी जरूरत के हिसाब से अवधि चुनने की सुविधा मिलेगी। किसी को सिर्फ कुछ घंटों के लिए ऑफिस या मीटिंग तक जाना है तो छोटी अवधि की बुकिंग की जा सकती है, जबकि ज्यादा समय के इस्तेमाल के लिए कई दिनों का विकल्प भी उपलब्ध है।
Honda Activa e: से होगा सफर
इस सर्विस के तहत यात्रियों को Honda Activa e: इलेक्ट्रिक स्कूटर उपलब्ध कराया जाएगा। स्कूटर पूरी तरह चार्ज और टेलीमैटिक्स से कनेक्टेड होंगे। टेलीमैटिक्स की मदद से वाहन से जुड़ी जानकारी को डिजिटल सिस्टम के जरिए मॉनिटर और मैनेज किया जा सकता है।
यहां Honda की बैटरी स्वैपिंग तकनीक भी इस सर्विस को अलग बनाती है। स्कूटर की बैटरी खत्म होने पर उसे पारंपरिक तरीके से लंबे समय तक चार्ज करने के बजाय चार्ज बैटरी से बदला जा सकता है।
सिर्फ 2 मिनट में बदल सकती है बैटरी
Honda के e:Swap नेटवर्क के जरिए बैटरी एक्सचेंज किया जा सकता है। कंपनी की जानकारी के मुताबिक बैटरी बदलने की प्रक्रिया करीब दो मिनट में पूरी हो सकती है। दिल्ली-NCR में करीब 90 स्थानों पर 202 बैटरी एक्सचेंजर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।
रेंटल सर्विस के लिहाज से यह सुविधा अहम है, क्योंकि स्कूटर को घंटों चार्जिंग पर खड़ा रखने के बजाय बैटरी बदलकर दोबारा इस्तेमाल में लाया जा सकता है। इससे वाहन का उपयोग समय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
6 मेट्रो स्टेशनों तक विस्तार की तैयारी
ITO को इस मॉडल के पहले हब के तौर पर शुरू किया गया है। भागो मोबिलिटी और उसके साझेदारों की योजना DMRC के साथ मिलकर दिल्ली के कुल छह प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर ऐसे हब विकसित करने की है। यानी आने वाले समय में यह सुविधा सिर्फ ITO तक सीमित नहीं रहने वाली है। कंपनी का लक्ष्य इस मॉडल को आगे चलकर दूसरे शहरों के मेट्रो और ट्रांजिट नेटवर्क तक ले जाने का भी है। अगर यात्रियों के बीच यह मॉडल सफल रहता है, तो मेट्रो से उतरने के बाद छोटी दूरी के सफर के लिए किराये का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एक नया विकल्प बन सकता है।
मेट्रो के साथ EV का कनेक्शन क्यों है खास?
दिल्ली जैसे बड़े शहर में मेट्रो लंबी दूरी के सफर को आसान बनाती है, लेकिन स्टेशन से अंतिम गंतव्य तक पहुंचना कई बार यात्रियों के लिए चुनौती बन जाता है। इसी हिस्से को लास्ट-माइल कनेक्टिविटी कहा जाता है। इस दौरान ऑटो, कैब, बस या निजी वाहन पर निर्भरता रहती है।
BhaGoMo-iRide इसी गैप को भरने की कोशिश है। मेट्रो से लंबी दूरी और इलेक्ट्रिक स्कूटर से छोटी दूरी का सफर जोड़कर एक ऐसा मॉडल तैयार किया जा रहा है, जिसमें सार्वजनिक परिवहन के साथ निजी इस्तेमाल के लिए EV भी उपलब्ध हो। इससे यात्रियों को ज्यादा लचीलापन मिल सकता है और शहर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है।


