Delhi Petrol Two Wheelers Ban: दिल्ली में पेट्रोल टू-व्हीलर्स की उल्टी गिनती शुरू? सरकार ने दिया बड़ा संकेत

Delhi Petrol Two Wheelers Ban 2028: दिल्ली सरकार की नई EV नीति के तहत 2028 से नए पेट्रोल बाइक और स्कूटर के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने पर विचार किया जा रहा है।

Jyotsana Singh
Published on: 24 Jun 2026 11:58 AM IST (Updated on: 24 Jun 2026 11:58 AM IST)
Delhi Petrol Two Wheelers Ban 2028 New Petrol Bike Registration Ban in Delhi
X

Delhi Petrol Two Wheelers Ban 2028

Delhi Petrol Two Wheelers Ban 2028: पर्यावरण प्रदूषण की चुनौती से पूरा देश जूझ रहा है जिसमें राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण लंबे समय से सबसे गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। जहां हर साल सर्दियों के दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है, जिससे लाखों लोगों की सेहत प्रभावित होती है। अब इसी समस्या से निपटने के लिए दिल्ली सरकार एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। प्रस्तावित नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत अप्रैल 2028 से पेट्रोल से चलने वाले नए टू-व्हीलर्स यानी बाइक और स्कूटर के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने पर विचार किया जा रहा है।

अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो दिल्ली देश का पहला ऐसा बड़ा शहर बन सकता है जहां नए पेट्रोल टू-व्हीलर्स की बिक्री और रजिस्ट्रेशन लगभग पूरी तरह इलेक्ट्रिक विकल्पों की ओर शिफ्ट हो जाएगा। इससे न केवल वाहन बाजार में बड़ा बदलाव आएगा, बल्कि लोगों की खरीदारी की आदतें भी बदल सकती हैं।

मौजूदा वाहन मालिकों को नहीं होगी कोई परेशानी

इस प्रस्ताव को लेकर सबसे बड़ी उलझन यह है कि क्या पहले से पेट्रोल बाइक या स्कूटर चला रहे लोगों को अपनी गाड़ी बंद करनी पड़ेगी? तो आपको बता दें कि, सरकार की योजना केवल नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने की है। यानी जिन लोगों के पास पहले से पेट्रोल से चलने वाले टू-व्हीलर्स हैं, वे उन्हें पहले की तरह इस्तेमाल करते रहेंगे। इस वजह से मौजूदा वाहन मालिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।

दिल्ली की EV नीति का अगला बड़ा चरण

दिल्ली देश के उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल है जहां इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सबसे आक्रामक नीतियां अपनाई गई हैं। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने इलेक्ट्रिक स्कूटर, बाइक और कारों की खरीद पर सब्सिडी, रोड टैक्स में छूट और चार्जिंग नेटवर्क विस्तार जैसी कई योजनाएं लागू की हैं। नई नीति का मकसद राजधानी में प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की संख्या कम करना और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना है। विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली में कुल वाहनों का बड़ा हिस्सा टू-व्हीलर्स का है। ऐसे में यदि नए पेट्रोल टू-व्हीलर्स की जगह इलेक्ट्रिक वाहन आते हैं तो प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

क्यों बढ़ रहा है इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स पर जोर?

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स को पेट्रोल वाहनों की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल माना जाता है। इनमें टेलपाइप उत्सर्जन नहीं होता, जिससे स्थानीय स्तर पर प्रदूषण कम होता है।

इसके अलावा इनके संचालन की लागत भी काफी कम होती है। जहां पेट्रोल की बढ़ती कीमतें वाहन मालिकों का खर्च बढ़ाती हैं, वहीं इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक को चार्ज करने का खर्च अपेक्षाकृत कम पड़ता है। इनके रखरखाव पर भी कम पैसा खर्च होता है क्योंकि इनमें इंजन ऑयल, क्लच और कई जटिल मैकेनिकल पार्ट्स नहीं होते।

वाहन कंपनियों के लिए भी बड़ा बदलाव

यदि 2028 से पेट्रोल टू-व्हीलर्स के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगती है तो इसका सीधा असर ऑटोमोबाइल कंपनियों पर पड़ेगा। कंपनियों को अपनी इलेक्ट्रिक उत्पाद श्रृंखला और मजबूत करनी होगी।

पिछले कुछ वर्षों में कई कंपनियां इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिल सेगमेंट में बड़े निवेश कर चुकी हैं। ऐसे में दिल्ली जैसे विशाल बाजार में EV की मांग बढ़ने से नई तकनीकों, बेहतर बैटरी और लंबी रेंज वाले मॉडलों के विकास को भी गति मिल सकती है।

चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सबसे बड़ी चुनौती

शुरुआती दौर में अभी इस योजना को लागू करना आसान नहीं होगा। विशेषज्ञों के अनुसार सबसे बड़ी चुनौती चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार है।

आज भी कई रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध नहीं हैं। यदि बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स अपनाते हैं तो चार्जिंग सुविधाओं की मांग तेजी से बढ़ेगी। इसके लिए सरकार और निजी कंपनियों को बड़े स्तर पर निवेश करना होगा।

शुरुआती कीमत भी बन सकती है बाधा

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स का संचालन भले ही सस्ता हो, लेकिन उनकी शुरुआती कीमत अभी भी आम तौर पर ग्राहकों को अधिक लगती है। खासकर बजट सेगमेंट के खरीदारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है।

जबकि केंद्र और राज्य सरकारें सब्सिडी, प्रोत्साहन योजनाओं और टैक्स छूट के जरिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अधिक किफायती बनाने की कोशिश कर रही हैं। आने वाले वर्षों में बैटरी की लागत कम होने से कीमतों में भी गिरावट की उम्मीद की जा रही है।

दिल्ली सरकार का यह प्रस्ताव भविष्य की योजना का हिस्सा है, लेकिन अगर इसे मंजूरी मिलती है तो राजधानी के परिवहन क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story