Duster vs Victoris: कीमत से लेकर फीचर्स तक, कौन सी एसयूवी है ज्यादा दमदार?

Duster vs Victoris: दोनों की शुरुआती कीमत करीब ₹10.49 लाख है। जानें इंजन, माइलेज, फीचर्स, सुरक्षा और हाइब्रिड विकल्पों में कौन सी SUV बेहतर है।

Jyotsana Singh
Published on: 25 Aug 2026 9:00 AM IST
Duster vs Victoris: Price, Mileage, Features—Which SUV Is the Better Buy?
X

Duster vs Victoris: Price, Mileage, Features—Which SUV Is the Better Buy?

Duster vs Victoris: भारतीय ऑटो बाजार में मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट के मैदान में मुकाबला लगातार रोचक होता जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद रेनॉल्ट डस्टर नए अवतार में वापस आ चुकी है, वहीं मारुति सुजुकी विक्टोरिस भी दमदार फीचर्स, बेहतर माइलेज और कई पावरट्रेन विकल्पों के साथ ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। खास बात यह है कि दोनों एसयूवी की शुरुआती कीमत लगभग एक जैसी है। ऐसे में ग्राहकों के मन में यह सवाल उठता है कि इंजन, माइलेज, फीचर्स और सुरक्षा के मामले में आखिर कौन सी गाड़ी ज्यादा दमदार है। आइए जानते हैं इस पर विस्तार से -

कीमत में दोनों गाड़ियों के बीच ज्यादा अंतर नहीं

रेनॉल्ट डस्टर (Renault Duster) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 10.49 लाख रुपये है। इसके अलग-अलग वेरिएंट की कीमत करीब 18.49 लाख रुपये तक जाती है, जबकि डुअल-टोन टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 18.69 लाख रुपये है। दूसरी ओर मारुति सुजुकी विक्टोरिस (Maruti Suzuki Victoris) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत भी करीब 10.49 लाख रुपये है। इसके टॉप स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट की कीमत करीब 19.99 लाख रुपये तक जाती है।

इस तरह शुरुआती बजट में दोनों गाड़ियां लगभग बराबरी पर हैं। हालांकि, ज्यादा फीचर्स और हाइब्रिड तकनीक वाले विक्टोरिस वेरिएंट के लिए खरीदार को ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

इंजन और ताकत में डस्टर का पलड़ा भारी

इंजन की बात करें तो रेनॉल्ट डस्टर (Renault Duster) को कंपनी ने दमदार और स्पोर्टी ड्राइविंग के लिए तैयार किया है। इसमें 1.0-लीटर टीसीई 100 टर्बो पेट्रोल और 1.3-लीटर टीसीई 160 टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है। इसका ज्यादा पावरफुल 1.3-लीटर इंजन 163 पीएस की पावर और 280 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स का विकल्प दिया गया है। इसलिए अगर आपकी प्राथमिकता तेज एक्सीलरेशन और हाईवे पर बेहतर परफॉर्मेंस है, तो डस्टर आपको ज्यादा पसंद आ सकती है।

माइलेज में विक्टोरिस आगे

दूसरी ओर मारुति सुजुकी विक्टोरिस का सबसे बड़ा आकर्षण इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ सीएनजी और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड विकल्प भी मिलते हैं। स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन की एआरएआई माइलेज 28.65 किलोमीटर प्रति लीटर तक बताई गई है।

यानी जो लोग रोजाना शहर में ज्यादा कार चलाते हैं और पेट्रोल पर होने वाला खर्च कम रखना चाहते हैं, उनके लिए विक्टोरिस ज्यादा किफायती विकल्प बन सकती है। सीएनजी विकल्प भी कम रनिंग कॉस्ट चाहने वाले ग्राहकों के लिए इसकी उपयोगिता बढ़ाता है।

फीचर्स में डस्टर देती है प्रीमियम अनुभव

रेनॉल्ट डस्टर में आधुनिक फीचर्स की लंबी सूची मिलती है। इसमें 10.1-इंच का ओपनआर लिंक मल्टीमीडिया सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग, डुअल-जोन ऑटोमैटिक एसी और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा 360-डिग्री 3डी कैमरा, इलेक्ट्रिक टेलगेट और टॉप वेरिएंट में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। इन सुविधाओं की वजह से गाड़ी का केबिन काफी प्रीमियम महसूस होता है।

विक्टोरिस भी फीचर्स में देती है कड़ी टक्कर

मारुति सुजुकी विक्टोरिस भी फीचर्स के मामले में पीछे नहीं है। इसमें 10.1-इंच स्मार्टप्ले प्रो प्लस इंफोटेनमेंट सिस्टम, 8-स्पीकर इन्फिनिटी ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, स्मार्ट पावर्ड टेलगेट, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और डिजिटल की जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसलिए अगर आपका फोकस ज्यादा टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड फीचर्स और रोजमर्रा की सुविधा पर है, तो विक्टोरिस भी डस्टर को कड़ी टक्कर देती है।

सुरक्षा के मामले में दोनों गाड़ियां मजबूत

सुरक्षा के मामले में रेनॉल्ट डस्टर और मारुति सुजुकी विक्टोरिस दोनों को बढ़त मिली है। दोनों एसयूवी को भारत एनकैप क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग मिली है। डस्टर में 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, आईएसओफिक्स और एडीएएस जैसे सुरक्षा फीचर्स मिलते हैं। वहीं विक्टोरिस में भी 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 एडीएएस जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

आपके लिए कौन सी गाड़ी बेहतर?

अगर आपकी प्राथमिकता पावरफुल टर्बो इंजन, बेहतर ड्राइविंग अनुभव और स्पोर्टी एसयूवी फील है, तो रेनॉल्ट डस्टर (Renault Duster) ज्यादा आकर्षक विकल्प हो सकती है। वहीं अगर आप बेहतर माइलेज, सीएनजी, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड, ज्यादा पावरट्रेन विकल्प और टेक्नोलॉजी वाले फीचर्स चाहते हैं, तो मारुति सुजुकी विक्टोरिस (Maruti Suzuki Victoris) ज्यादा व्यावहारिक विकल्प बनती है। कुल मिलाकर कहा जाए तो परफॉर्मेंस के लिए डस्टर और माइलेज व ऑलराउंड पैकेज के लिए विक्टोरिस को प्राथमिकता दी जा सकती है। दोनों की शुरुआती कीमत लगभग समान है और सुरक्षा के मामले में भी दोनों मजबूत दावेदार हैं। ऐसे में अंतिम फैसला आपकी ड्राइविंग जरूरत, बजट और सालाना इस्तेमाल के हिसाब से करना सबसे बेहतर रहेगा।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story