TRENDING TAGS :
EV Battery Fast Charging: EV चार्जिंग की टेंशन खत्म? 3 मिनट में फुल चार्ज होगी आपकी कार की बैटरी..
EV Battery Full Charging in 3 Minutes: चीन के वैज्ञानिकों ने ऐसी सॉलिड-स्टेट EV बैटरी का दावा किया है जो सिर्फ 3 मिनट में चार्ज हो सकती है। जानिए रेंज, सुरक्षा और टेक्नोलॉजी की पूरी जानकारी।
EV Battery Full Charging in 3 Minutes
EV Battery Full Charging in 3 Minutes: पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं इलेक्ट्रिक गाड़ियों का क्रेज इन दिनों जोरों पर देखने को मिल रहा है। ऑटो मार्केट में नितनई अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस गाड़ियां शामिल हो रही हैं। इलेक्ट्रिक गाड़ियों की अब तक चली आ रही सबसे बड़ी समस्या यानी लंबा चार्जिंग समय अब खत्म होने के करीब है। चीन के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी नई सॉलिड-स्टेट बैटरी विकसित करने का दावा किया है, जो सिर्फ 3 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो सकती है। यह तकनीक न सिर्फ चार्जिंग स्पीड बढ़ाती है, बल्कि सुरक्षा और बैटरी लाइफ के मामले में भी बड़ी छलांग मानी जा रही है।
आज पूरी दुनिया तेजी से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ रही है, लेकिन अभी भी EV यूजर्स के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं, लंबा चार्जिंग टाइम और सीमित रेंज। पेट्रोल-डीजल गाड़ियों में जहां कुछ ही मिनटों में ईंधन भर जाता है, वहीं इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज होने में काफी समय लगता है। इसी समस्या को हल करने के लिए लगातार नई बैटरी तकनीकों पर रिसर्च चल रही है।
चीन के वैज्ञानिकों का बड़ा दावा
यह नई बैटरी चीन की चीनी विज्ञान अकादमी के वैज्ञानिकों ने विकसित की है। उनका कहना है कि यह एक हाई-एनर्जी सॉलिड-स्टेट लिथियम-मेटल बैटरी है, जो मौजूदा तकनीक से कहीं आगे है। इस रिसर्च को प्रतिष्ठित जर्नल ऑफ द अमेरिकन केमिकल सोसाइटी (JACS) में प्रकाशित भी किया गया है, जिससे इसके वैज्ञानिक आधार को मजबूती मिलती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह तकनीक आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों की पूरी तस्वीर बदल सकती है, क्योंकि इससे न सिर्फ चार्जिंग समय घटेगा बल्कि गाड़ियों की ड्राइविंग रेंज भी काफी बढ़ जाएगी।
कैसे काम करती है नई तकनीक?
अभी तक इस्तेमाल होने वाली कई सॉलिड-स्टेट बैटरियों में PVDF नाम का पॉलीमर इलेक्ट्रोलाइट इस्तेमाल होता है। समस्या यह थी कि तेज चार्जिंग के दौरान बैटरी के अंदर केमिकल असंतुलन पैदा हो जाता था, जिससे बैटरी जल्दी खराब होने लगती थी और उसकी लाइफ कम हो जाती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए चीनी वैज्ञानिकों ने बैटरी के अंदर एक लिथियम फ्लोराइड (LiF) आधारित सुरक्षात्मक परत विकसित की है। यह परत बैटरी के अंदर होने वाली हानिकारक रासायनिक प्रतिक्रियाओं को रोकती है और बैटरी को ज्यादा स्थिर बनाती है।
सिर्फ 3 मिनट में फुल चार्ज
इस बैटरी की सबसे बड़ी खासियत इसकी चार्जिंग स्पीड है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बैटरी 20C चार्जिंग रेट को सपोर्ट करती है, यानी इसे लगभग 3 मिनट में पूरी तरह चार्ज किया जा सकता है।
यह स्पीड किसी भी मौजूदा EV बैटरी तकनीक की तुलना में बेहद तेज मानी जा रही है। अगर यह तकनीक बड़े स्तर पर सफल होती है तो इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज करने का समय पेट्रोल भरने जितना हो सकता है।
लंबी लाइफ और बेहतर परफॉर्मेंस
तेज चार्जिंग के बावजूद इस बैटरी की स्थिरता भी काफी अच्छी बताई गई है। टेस्टिंग में पाया गया कि लगातार तेज चार्जिंग के बाद भी 700 चार्ज-डिस्चार्ज साइकिल के बाद इसकी लगभग 82% क्षमता बनी रहती है। यह संकेत देता है कि बैटरी सिर्फ तेज नहीं, बल्कि टिकाऊ भी है, जो EV उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
एनर्जी डेंसिटी में बड़ा सुधार
नई सॉलिड-स्टेट बैटरी की एनर्जी डेंसिटी भी काफी ज्यादा बताई गई है, लगभग 451.5 Wh/kg। तुलना करें तो आज की आम लिथियम-आयन LFP बैटरियां लगभग 200 Wh/kg तक ही ऊर्जा स्टोर कर पाती हैं। इसका मतलब है कि यह नई बैटरी आकार में छोटी होने के बावजूद दोगुनी से भी ज्यादा ऊर्जा स्टोर कर सकती है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों की रेंज में बड़ा सुधार संभव है और एक बार चार्ज करने पर वाहन ज्यादा दूरी तय कर सकते हैं।
सुरक्षा में भी बड़ा फायदा
बैटरी तकनीक में सुरक्षा हमेशा सबसे बड़ा मुद्दा रही है, खासकर आग लगने और विस्फोट की घटनाओं के कारण। लेकिन इस नई बैटरी के परीक्षण काफी अलग रहे। टेस्टिंग के दौरान वैज्ञानिकों ने बैटरी में कील तक ठोक दी, लेकिन इसके बावजूद न तो इसमें आग लगी और न ही कोई धमाका हुआ। यह दिखाता है कि सॉलिड-स्टेट तकनीक मौजूदा लिथियम-आयन बैटरियों की तुलना में कहीं ज्यादा सुरक्षित हो सकती है। अगर यह तकनीक बड़े पैमाने पर उत्पादन तक पहुंचती है, तो इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। तेज चार्जिंग, लंबी रेंज और ज्यादा सुरक्षा ये तीनों फीचर एक साथ मिलना EV मार्केट के लिए गेमचेंजर साबित हो सकते हैं। हालांकि, अभी यह तकनीक रिसर्च और परीक्षण के स्तर पर है, लेकिन पूरी उम्मीद की जा रही है कि इसके नतीजे EV इंडस्ट्री के भीतर बेहद उम्मीद जगाने वाले हैं।


