महंगी कार खरीदने का सबसे सस्ता तरीका... सरकार के इन 3 ई-ऑक्शन पोर्टल का जानिए पूरा प्रोसेस

Government e-Auction Car Portal: ₹3 लाख में खरीदें सरकारी कार? जानें 3 आधिकारिक ई-ऑक्शन पोर्टल

Jyotsana Singh
Published on: 23 July 2026 3:59 PM IST
Government Car Auction 2026
X

Government Car Auction 2026

Government Car Auction: आपका अगर नई कार खरीदने का सपना सिर्फ बजट की वजह से अधूरा रह जाता है, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद काम की हो सकती है। भारत सरकार और बैंकों के कुछ आधिकारिक ई-ऑक्शन पोर्टल ऐसे हैं, जहां सरकारी विभागों की पुरानी गाड़ियां, बैंक द्वारा जब्त किए गए वाहन और सरप्लस कारें खुली नीलामी में बेची जाती हैं। कई बार इनकी शुरुआती बोली इतनी कम होती है कि 10 से 12 लाख रुपये कीमत वाली कार भी 3 से 4 लाख रुपये के बजट में खरीदी जा सकती है। जिनकी अंतिम कीमत पूरी तरह बोली (बिडिंग) पर निर्भर करती है। आइए जानते हैं ऐसे तीन भरोसेमंद सरकारी पोर्टल, जहां से आप कम कीमत में कार खरीद सकते हैं और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

सरकारी ई-ऑक्शन से कार खरीदना क्यों है फायदेमंद?

देश में हर साल सरकारी विभाग, सार्वजनिक उपक्रम (PSU), पुलिस, सेना और अन्य संस्थान अपनी पुरानी गाड़ियों को नई गाड़ियों से बदलते हैं। वहीं, बैंक लोन डिफॉल्ट होने पर जब्त किए गए वाहनों की भी नीलामी करते हैं। इन सभी वाहनों की बिक्री अब ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से होती है। इससे खरीदार सीधे बोली लगाकर कार खरीद सकता है और किसी बिचौलिए को कमीशन नहीं देना पड़ता।

1. MSTC e-Auction Portal, सरकारी विभागों की गाड़ियों की नीलामी

एमएसटीसी (MSTC) भारत सरकार का एक प्रमुख ई-कॉमर्स और ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म है। इस पोर्टल पर केंद्र और राज्य सरकार के विभाग, सार्वजनिक उपक्रम, सेना, पुलिस और अन्य सरकारी संस्थानों की पुरानी गाड़ियों की ऑनलाइन नीलामी होती है। जब विभाग अपनी पुरानी गाड़ियों को हटाते हैं, तो उन्हें एक तय रिजर्व प्राइस के साथ ई-ऑक्शन में रखा जाता है। इच्छुक खरीदार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर बोली लगा सकते हैं। कई बार अच्छी स्थिति में मौजूद एसयूवी और सेडान भी बाजार कीमत से काफी कम दाम पर मिल जाती हैं।

2. IBAPI Portal, बैंक से जब्त कारें खरीदने का मौका

आईबीएपीआई (Indian Banks Auction Properties Information Portal) उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो कम चली हुई कार खरीदना चाहते हैं। जब कोई ग्राहक कार लोन की किस्तें लंबे समय तक नहीं चुका पाता, तो बैंक वाहन को जब्त कर लेता है। इसके बाद बकाया राशि वसूलने के लिए बैंक उस वाहन की ऑनलाइन नीलामी कर देता है। चूंकि बैंक का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं बल्कि अपना लोन रिकवर करना होता है, इसलिए कई बार लगभग नई कारों की शुरुआती बोली काफी कम रखी जाती है। हालांकि अंतिम कीमत बोली लगाने वालों की संख्या पर निर्भर करती है।

3. eAuction India: केंद्र और राज्य सरकारों की ऑनलाइन नीलामी

eAuction India भी सरकार का एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन नीलामी प्लेटफॉर्म है। यहां विभिन्न मंत्रालयों, सरकारी एजेंसियों और सार्वजनिक संस्थानों द्वारा जब्त या सरप्लस वाहनों की ई-नीलामी आयोजित की जाती है।

इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद कोई भी पात्र व्यक्ति बोली में हिस्सा ले सकता है। अधिकांश मामलों में खरीदार को नीलामी से पहले वाहन का निरीक्षण करने की सुविधा भी दी जाती है। जिससे गाड़ी की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ई-ऑक्शन में हिस्सा लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

सस्ती कीमत देखकर जल्दबाजी करना नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए बोली लगाने से पहले कुछ जरूरी बातों की जांच जरूर करें।

वाहन के रजिस्ट्रेशन, आरसी और अन्य दस्तावेजों की पुष्टि करें।

संभव हो तो गाड़ी का फिजिकल इंस्पेक्शन जरूर करें।

सर्विस हिस्ट्री और ओडोमीटर रीडिंग की जानकारी लें।

नीलामी की शर्तें और भुगतान प्रक्रिया पहले पढ़ लें।

आरटीओ ट्रांसफर, टैक्स और अन्य शुल्क का भी अनुमान लगा लें।

क्या वास्तव में ₹3 लाख में ₹12 लाख की कार मिल सकती है?

महंगी कारों का कम कीमत पर मिलना संभव है, लेकिन यह हर नीलामी में नहीं होता। किसी वाहन की शुरुआती बोली 2 से 3 लाख रुपये हो सकती है, लेकिन यदि कई लोग बोली लगाते हैं तो अंतिम कीमत काफी बढ़ सकती है। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि हर बार 12 लाख रुपये की कार केवल 3 लाख रुपये में ही मिल जाएगी। सही समय पर कम प्रतिस्पर्धा वाली नीलामी मिलने पर बेहतर सौदा जरूर किया जा सकता है।

किन लोगों के लिए है सबसे अच्छा विकल्प?

अगर आप पहली कार खरीदना चाहते हैं, कम बजट में अच्छी सेकंड हैंड कार की तलाश कर रहे हैं या अपनी पुरानी कार बदलने की योजना बना रहे हैं। तो सरकारी ई-ऑक्शन पोर्टल बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं। यहां मिलने वाली गाड़ियां आधिकारिक प्रक्रिया के तहत बेची जाती हैं। जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story