Honda Amaze ADAS: फैमिली की सुरक्षा में नंबर-1... ADAS और 6 एयरबैग के साथ देश की सबसे सस्ती कार बनी होंडा अमेज़

Honda Amaze ADAS: Honda Amaze अब ADAS और 6 एयरबैग जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स के साथ फैमिली कार खरीदारों के लिए सबसे सुरक्षित और किफायती विकल्पों में शामिल हो गई है।

Jyotsana Singh
Published on: 14 Jun 2026 8:30 AM IST
Honda Amaze ADAS 6 airbags cheapest adas cars affordable family car 2026 india
X

Honda Amaze ADAS 

Honda Amaze ADAS: भारतीय ऑटो बाजार में एडवांस तकनीक से लैस कारों की बढ़ती फेहरिस्त के साथ अब सुरक्षा भी बड़ी जिम्मेदारी बन चुकी है। यही वजह कि अब ऑटोमेकर कंपनियां अपने वाहनों में सेफ्टी फीचर्स पर ज्यादा काम कर रहीं हैं। वहीं नई कार खरीदते समय अब लोगों की प्राथमिकता सिर्फ माइलेज और डिजाइन नहीं रह गई है। सड़क हादसों के बढ़ते मामलों के बीच ग्राहक ऐसी कार चाहते हैं जो उनके परिवार को अधिकतम सुरक्षा दे सके। यही वजह है कि एडवांस सेफ्टी फीचर्स वाली कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस सेगमेंट में होंडा अमेज़ ने एक बड़ा बदलाव किया है। यह देश की सबसे किफायती कारों में शामिल है, जिसमें ADAS जैसी हाईटेक सुरक्षा तकनीक और 6 एयरबैग का कॉम्बिनेशन मिलता है। खास बात यह है कि यह तकनीक अब तक मुख्य रूप से महंगी SUV और लग्जरी कारों में ही देखने को मिलती थी।

कम कीमत में मिल रही एडवांस सेफ्टी

होंडा अमेज़ की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 7.51 लाख रुपये है। इस कीमत पर ADAS जैसी तकनीक मिलना इसे अपने सेगमेंट की सबसे खास कारों में शामिल करता है। भारतीय बाजार में आमतौर पर इस तरह के फीचर्स 15 लाख रुपये या उससे अधिक कीमत वाली गाड़ियों में देखने को मिलते हैं।

क्या है ADAS और क्यों है इतना खास?

ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर अस्सिटेंट सिस्टम कई स्मार्ट सुरक्षा तकनीकों का समूह है, जो ड्राइवर को दुर्घटनाओं से बचाने में मदद करता है। होंडा अमेज़ में मिलने वाला होंडा सेंसिंग सिस्टम कैमरा और सेंसर की मदद से सड़क की गतिविधियों पर नजर रखता है। इसमें लेन कीप असिस्ट, कोलिजन मिटिगेशन ब्रेकिंग सिस्टम, अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, रोड डिपार्चर मिटिगेशन और ऑटो हाई बीम जैसे फीचर्स शामिल हैं। यदि कार अपनी लेन से बाहर जाने लगे या सामने चल रहे वाहन से टक्कर का खतरा हो तो सिस्टम तुरंत ड्राइवर को अलर्ट करता है और जरूरत पड़ने पर खुद भी हस्तक्षेप कर सकता है।

6 एयरबैग के साथ मजबूत सुरक्षा कवच

सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए होंडा अमेज़ में छह एयरबैग दिए गए हैं। दुर्घटना की स्थिति में ये एयरबैग ड्राइवर और यात्रियों के सिर, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों को गंभीर चोटों से बचाने में मदद करते हैं। इसके अलावा कार में एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल स्टार्ट असिस्ट, रियर पार्किंग कैमरा और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे कई महत्वपूर्ण सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं।

डिजाइन में भी दिखता है प्रीमियम अंदाज

नई होंडा अमेज़ का बाहरी डिजाइन पहले की तुलना में ज्यादा आकर्षक और आधुनिक बनाया गया है। फ्रंट में नई ग्रिल, शार्प LED हेडलाइट्स और बेहतर बॉडी लाइन्स इसे एक प्रीमियम सेडान जैसा लुक देती हैं। इसकी स्टाइलिंग युवा ग्राहकों के साथ-साथ फैमिली कार खरीदने वालों को भी पसंद आ सकती है।

फीचर्स से भरपूर है केबिन

कार के अंदर का इंटीरियर भी काफी आधुनिक बनाया गया है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं।

लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए केबिन में पर्याप्त लेगरूम और हेडरूम दिया गया है। पीछे बैठने वाले यात्रियों को भी अच्छा स्पेस मिलता है, जिससे यह फैमिली कार के रूप में मजबूत विकल्प बन जाती है।

इंजन और माइलेज भी करेंगे प्रभावित

Honda Amaze में 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो शहर और हाईवे दोनों परिस्थितियों में संतुलित प्रदर्शन देता है। यह इंजन स्मूद ड्राइविंग अनुभव के साथ बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी भी प्रदान करता है। कंपनी के अनुसार कार लगभग 18 से 20 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज दे सकती है। ऐसे में यह सुरक्षा, आराम और कम ईंधन खर्च का बेहतरीन संतुलन पेश करती है।

क्यों बन रही है ग्राहकों की पहली पसंद?

भारतीय बाजार में जहां ज्यादातर एंट्री-लेवल और मिड-रेंज कारें अभी भी बेसिक सेफ्टी फीचर्स तक सीमित हैं, वहीं होंडा अमेज़ कम कीमत में ADAS और 6 एयरबैग जैसी सुविधाएं देकर अलग पहचान बना रही है। अगर आप ऐसी कार की तलाश में हैं जो परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देती हो और साथ ही आधुनिक फीचर्स व अच्छा माइलेज भी दे, तो Honda Amaze आपके लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकती है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story