TRENDING TAGS :
दुनिया में सबसे तेज Internet किस देश का? भारत कहां खड़ा है? | Global Speed Ranking
Fastest Internet in World: दुनिया में सबसे तेज मोबाइल और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड इंटरनेट किस देश में है? जानिए Ookla Speedtest Global Index की रैंकिंग में भारत कहां है, टॉप देशों से कितना पीछे या आगे है और 5G ने भारत की इंटरनेट स्पीड को कैसे बदला।
Fastest Internet in World
Fastest Internet in World: जब आपकी रील बफर होने में अटक जाए, तो शायद यह जानकर हैरानी हो कि दुनिया में कुछ ऐसे भी देश हैं जहां लोग सेकंडों में पूरी मूवी डाउनलोड कर लेते हैं। इंटरनेट स्पीड की यह दुनिया जितनी दिलचस्प है, उतनी ही असमान भी। कुछ देश जहां 600+ एमबीपीएस की स्पीड आम बात है, वहीं कुछ देश आज भी 3-4 एमबीपीएस पर अटके हैं। आइए समझते हैं यह रैंकिंग कौन तय करता है, टॉप पर कौन है, और भारत की असली तस्वीर क्या है।
यह रैंकिंग तय कौन करता है
दुनिया भर में इंटरनेट स्पीड मापने का सबसे भरोसेमंद जरिया है ओक्ला (Ookla) का स्पीडटेस्ट ग्लोबल इंडेक्स (Speedtest Global Index)। यह इंडेक्स हर महीने दुनिया भर के करोड़ों लोगों द्वारा किए गए स्पीडटेस्ट के आधार पर हर देश की औसत डाउनलोड स्पीड मापता है। यह रैंकिंग हर महीने अपडेट होती है, इसलिए किसी देश की पोजीशन थोड़े-थोड़े समय पर ऊपर-नीचे होती रहती है।
फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में दुनिया के टॉप देश
2025 के Speedtest Global Index डेटा के मुताबिक, सिंगापुर दुनिया में सबसे तेज़ फिक्स्ड ब्रॉडबैंड स्पीड के मामले में सबसे आगे है, जहां औसत डाउनलोड स्पीड 345.33 एमबीपीएस (मेगाबाइट पर सेकेंड) दर्ज हुई। इसके बाद यूएई (313.55 एमबीपीएस) और हॉंगकॉंगन्ग (312.48 एमबीपीएस) का नंबर आता है।
एक दिलचस्प बात यह भी है कि रैंकिंग में लगातार उलटफेर होता रहता है। सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाला देश की चिली निकला, जिसकी इंटरनेट कंपनी मुंडो टेलिकॉम (Mundo Telecomunicaciones) को ओक्ला (Ookla) ने 2025 के लिए दुनिया का सबसे तेज़ फिक्स्ड नेटवर्क घोषित किया।
मोबाइल इंटरनेट में कौन सबसे आगे
मोबाइल स्पीड की दुनिया में खाड़ी देशों का दबदबा साफ नजर आता है। यूएई, कतर और कुवैत जैसे खाड़ी देश बाकी दुनिया से बड़े अंतर से आगे हैं, इनकी मीडियन मोबाइल स्पीड 380 एमबीपीएस से भी ज्यादा है। यूएई अकेले 653 एमबीपीएस की मीडियन डाउनलोड स्पीड के साथ दुनिया का सबसे तेज़ मोबाइल नेटवर्क है।
दिलचस्प बात यह भी है कि सबसे तेज़ इंटरनेट का मतलब सबसे सस्ता इंटरनेट नहीं होता। यूएई में जहां दुनिया का सबसे तेज़ मोबाइल नेटवर्क है, वहीं वहां प्रति जीबी डेटा की कीमत 4.61 डॉलर है, जो काफी महंगी है।यानी स्पीड और कीमत का सीधा कोई रिश्ता नहीं होता।
सबसे नीचे कौन?
तस्वीर का यह हिस्सा सबसे चिंताजनक है। दुनिया के सबसे निचले पायदान पर क्यूबा और सीरिया जैसे देश हैं, जहां औसत स्पीड सिर्फ करीब 3.2 एमबीपीएस है। यानी टॉप और सबसे निचले देश के बीच पूरे 100 गुना का फासला है।
भारत कहां खड़ा है
भारत की कहानी पिछले कुछ सालों में सबसे नाटकीय बदलावों में से एक रही है। अक्टूबर 2022 में 5जी सेवाओं के लॉन्च होने के बाद भारत की मोबाइल डाउनलोड स्पीड में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। सितंबर 2022 के 13.87 एमबीपीएस से बढ़कर अगस्त 2023 तक यह 50.21 एमबीपीएस तक पहुंच गई, यानी 3.59 गुना का इजाफा, जिसने भारत को ग्लोबल रैंकिंग में 72 पायदान ऊपर चढ़ाकर 47वें स्थान पर पहुंचा दिया।
यह तेज़ी थमी नहीं। अगस्त 2024 तक भारत की मीडियन मोबाइल डाउनलोड स्पीड 96.38 एमबीपीएस तक पहुंच गई थी, जब ग्लोबल औसत सिर्फ 55.80 एमबीपीएस था। यानी भारत उस वक्त ग्लोबल औसत से भी आगे निकल चुका था और मोबाइल स्पीड में दुनिया में 20वें स्थान पर पहुंच गया था।
फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में भारत अब भी पीछे: हालांकि मोबाइल में शानदार सुधार के उलट, घर के वाईफाई-फाइबर कनेक्शन के मामले में भारत अब भी संघर्ष कर रहा है। अगस्त 2024 में भारत फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में सिर्फ 84वें स्थान पर था, जहां औसत डाउनलोड स्पीड 63.79 एमबीपीएस दर्ज हुई। यानी टॉप देशों (300+ एमबीपीएस) से भारत का फिक्स्ड ब्रॉडबैंड आज भी करीब 5 गुना पीछे है।
मोबाइल में आगे, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में पीछे क्यों?
यह फर्क भारत की डिजिटल कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू है। 5जी के तेज़ी से फैलने की वजह से भारत में मोबाइल इंटरनेट स्पीड, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड स्पीड से भी काफी बेहतर हो गई है। यह एक बड़ा बदलाव है जो 5G रोलआउट के बाद देश ने देखा है। असल वजह यह है कि भारत ने मोबाइल टावर और 5जी इंफ्रास्ट्रक्चर में बहुत तेज़ी से निवेश किया, जबकि घर-घर फाइबर केबल बिछाना (जो फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के लिए जरूरी है) एक धीमी, महंगी और समय लेने वाली प्रक्रिया है खासकर इतने बड़े और घनी आबादी वाले देश में।
क्यों छोटे देश अक्सर टॉप पर रहते हैं
एक पैटर्न साफ नजर आता है - सिंगापुर, हॉन्ग कॉन्ग, कतर, यूएई जैसे ज्यादातर टॉप देश आकार में बहुत छोटे हैं। इसकी वजह यह है कि छोटे देशों को इंटरनेट स्पीड बढ़ाने में एक स्वाभाविक फायदा मिलता है, क्योंकि जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड करना उनके लिए तुलनात्मक रूप से आसान और तेज़ काम होता है, जबकि बड़े देशों के लिए यह कहीं ज्यादा धीमी और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया होती है।भारत जैसे विशाल और विविध भूगोल वाले देश के लिए हर कोने तक बराबर स्पीड पहुंचाना कहीं ज्यादा कठिन काम है।
फिर भी भारत की इंटरनेट स्पीड की कहानी आधी शानदार सफलता है, आधी अधूरा काम। मोबाइल इंटरनेट में सिर्फ दो सालों में 72 पायदान की छलांग यह दिखाती है कि सही नीति और निवेश से बड़ा बदलाव कितनी तेज़ी से आ सकता है। लेकिन फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में अब भी 80वें पायदान के आसपास बने रहना याद दिलाता है कि हर घर फाइबर का सपना अभी बहुत दूर है।


