TRENDING TAGS :
लिस्टिंग से पहले ही बड़ा दांव! एयरटेल को पछाड़ दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन सकती है JIO
Jio Platforms की 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग होने वाली है। ग्रे मार्केट प्रीमियम के अनुमान के आधार पर जियो का मार्केट कैप ₹12.61 लाख करोड़ पहुंच सकता है और कंपनी एयरटेल को पीछे छोड़ सकती है।
Jio Platforms IPO
Jio Platforms Listing: जियो प्लेटफॉर्म्स बुधवार को शेयर बाजार में लिस्ट होते ही देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन सकती है। ग्रे मार्केट के मौजूदा प्रीमियम के आधार पर जियो का मार्केट कैप करीब 12.61 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। यह भारती एयरटेल के मार्केट कैप से लगभग 25,700 करोड़ रुपये ज्यादा होगा। इस तरह जियो मार्केट कैप के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच सकती है, जबकि एयरटेल तीसरे नंबर पर खिसक सकती है। एयरटेल को पीछे छोड़ने के लिए जियो को करीब 1,342 रुपये या उससे अधिक के भाव पर लिस्ट होना होगा।
ग्रे मार्केट में ₹250 तक प्रीमियम, ₹1,369 पर लिस्टिंग का अनुमान
जियो के आईपीओ का इश्यू प्राइस 1,119 रुपये प्रति शेयर है। ग्रे मार्केट में इस पर करीब 245 से 255 रुपये के प्रीमियम के संकेत मिल रहे हैं। बीच का 250 रुपये का प्रीमियम मानकर गणना करें तो जियो का संभावित लिस्टिंग प्राइस 1,369 रुपये बैठता है। मंगलवार को NSE पर भारती एयरटेल का आखिरी ट्रेडेड भाव 1,978.80 रुपये रहा। इस भाव के आधार पर कंपनी का मार्केट कैप करीब 12.35 लाख करोड़ रुपये है।
₹12.61 लाख करोड़ हो सकता है जियो का मार्केट कैप
ग्रे मार्केट के संकेत सही साबित हुए तो देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। करीब 16.19 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रह सकती है, जबकि जियो प्लेटफॉर्म्स 12.61 लाख करोड़ रुपये के संभावित मार्केट कैप के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच सकती है। इसके बाद भारती एयरटेल 12.35 लाख करोड़ रुपये, HDFC बैंक 10.49 लाख करोड़ रुपये और ICICI बैंक 9.96 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर हो सकते हैं।
इस संभावित सूची में रिलायंस समूह की दो कंपनियां शामिल हो सकती हैं। वहीं, टेलीकॉम और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी दो कंपनियों के साथ निजी क्षेत्र के दो बैंक और विविध कारोबार वाली एक कंपनी देश की शीर्ष पांच कंपनियों में जगह बना सकती हैं। यह शेयर बाजार में इन क्षेत्रों की बढ़ती अहमियत को भी दर्शाता है।
रिलायंस के बाद दूसरे नंबर पर आ सकती है जियो, एयरटेल तीसरे स्थान पर
जियो की संभावित लिस्टिंग का असर टाटा समूह की प्रमुख आईटी कंपनी TCS की रैंकिंग पर भी पड़ सकता है। फिलहाल देश की पांच सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनियों में शामिल TCS छठे स्थान पर खिसक सकती है। मंगलवार के शेयर भाव के आधार पर इसका मार्केट कैप करीब 9.03 लाख करोड़ रुपये है। ऐसे में संभावित नई सूची में टाटा समूह या अदाणी समूह की कोई भी कंपनी शीर्ष पांच में शामिल नहीं होगी। अदाणी समूह की कोई कंपनी फिलहाल इस सूची में शामिल नहीं है।
ग्रे मार्केट के संकेत अंतिम नहीं, लिस्टिंग के बाद तस्वीर होगी साफ
हालांकि, जियो का वास्तविक लिस्टिंग प्राइस ग्रे मार्केट के संकेतों से अलग हो सकता है। ग्रे मार्केट प्रीमियम अनौपचारिक होता है और इससे शेयर की लिस्टिंग कीमत की निश्चित जानकारी नहीं मिलती। बुधवार, 28 अक्टूबर को BSE और NSE पर जियो के शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कंपनी मार्केट कैप के मामले में किस स्थान पर पहुंचती है।


