TRENDING TAGS :
Kia Carens Sales 2026: धड़ल्ले से बिक रही यह 7 सीटर कार, 3 लाख बिक्री के साथ बनी लोगों की पहली पसंद
Kia Carens Sales 2026: 3 लाख बिक्री के साथ Kia Carens बनी फैमिली ग्राहकों की नई पसंद।
Kia Carens Sale 2026 India
Best Family Car 2026 India: फैमिली ट्रिप के लिए बेहतरीन मानी जाने वाली SUV कारें ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुईं हैं। यही वजह है कि भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में SUV सेगमेंट में 7 सीटर गाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है। बड़ी फैमिली और लंबी यात्रा के लिए लोग अब ज्यादा स्पेस और सुविधाओं वाली गाड़ियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी बीच किया कैरेंस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए घरेलू बाजार में 3 लाख से अधिक यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। शानदार फीचर्स, प्रीमियम इंटीरियर और कई इंजन विकल्पों के दम पर यह गाड़ी अब मारुति अर्टिगा और टोयोटा इनोवा जैसी स्थापित गाड़ियों को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है।
3 लाख से ज्यादा ग्राहकों ने जताया भरोसा
फरवरी 2022 में लॉन्च हुई (Kia Carens)किया कैरेंस ने मई 2026 तक भारतीय बाजार में 3,01,657 यूनिट बिक्री का आंकड़ा हासिल कर लिया है। इसके अलावा 32 हजार से अधिक यूनिट्स का निर्यात भी किया गया है। यह किया इंडिया के पोर्टफोलियो की तीसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ी बन चुकी है।
इसमें सबसे खास बात यह है कि शुरुआत में 1 लाख यूनिट बिक्री तक पहुंचने में कंपनी को करीब 16 महीने लगे थे, लेकिन बाद के वर्षों में इसकी मांग तेजी से बढ़ी। इससे साफ है कि ग्राहकों का भरोसा इस एमपीवी पर लगातार मजबूत हुआ है।
बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक बढ़ी लोकप्रियता
किया कैरेंस की लोकप्रियता केवल महानगरों तक सीमित नहीं है। छोटे शहरों और कस्बों में भी इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। इसकी सबसे बड़ी वजह इसका विशाल केबिन, आरामदायक सीटिंग और परिवार के हिसाब से तैयार किया गया डिजाइन है।
यह गाड़ी 6 और 7 सीटर दोनों विकल्पों में उपलब्ध है, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार मॉडल चुन सकते हैं। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बेहतर कम्फर्ट और पर्याप्त लेगरूम भी इसकी बड़ी खासियत मानी जाती है।
कैरेंस क्लैविस और क्लैविस ईवी ने बढ़ाया क्रेज
किया ने मई 2025 में कैरेंस क्लैविस और बाद में कैरेंस क्लैविस ईवी को लॉन्च किया था। इन नए मॉडलों ने ब्रांड की लोकप्रियता को और बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। कैरेंस क्लैविस में अपडेटेड एक्सटीरियर डिजाइन, नया केबिन लेआउट, पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्प तथा कई नए वेरिएंट दिए गए हैं। वहीं कैरेंस क्लैविस ईवी कंपनी की पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक एमपीवी है। कंपनी के अनुसार यह एक बार चार्ज करने पर 404 किलोमीटर से लेकर 490 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज प्रदान कर सकती है।
फीचर्स के मामले में भी दमदार
किया कैरेंस को ग्राहकों का पसंदीदा बनाने में इसके फीचर्स की भी बड़ी भूमिका है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ, बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस कनेक्टिविटी और मल्टीपल एयरबैग जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस), 360 डिग्री कैमरा और कई आधुनिक सुरक्षा तकनीकों के कारण यह गाड़ी प्रीमियम एमपीवी सेगमेंट में मजबूत पहचान बना चुकी है।
अर्टिगा और इनोवा के सामने नई चुनौती
भारतीय बाजार में मारुति अर्टिगा लंबे समय से किफायती 7 सीटर विकल्प के रूप में लोकप्रिय रही है, जबकि टोयोटा इनोवा अपनी मजबूती और आराम के लिए जानी जाती है। किया कैरेंस ने इन दोनों के बीच ऐसा विकल्प पेश किया है जो आधुनिक फीचर्स, प्रीमियम डिजाइन और बेहतर वैल्यू फॉर मनी का संतुलन प्रदान करता है।
यही वजह है कि बिक्री के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं और बड़ी संख्या में ग्राहक इस गाड़ी को पसंद कर रहे हैं।


