Maruti Swift Hydrogen Car: ना चार्जिंग का झंझट, ना पेट्रोल की टेंशन… हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी से दौड़ेगी नई स्विफ्ट

Maruti Swift Hydrogen Car Launch: अब न पेट्रोल-डीजल, नई टेक्नोलॉजी से चलेगी स्विफ्ट! EV से कितनी अलग है मारुति की Hydrogen DI टेक्नोलॉजी?

Jyotsana Singh
Published on: 9 May 2026 11:45 AM IST (Updated on: 9 May 2026 11:45 AM IST)
Maruti Swift Hydrogen Car Launch 2026 No Petrol No Charging Needed ev comparison in hindi
X

Maruti Swift Hydrogen Car Launch 2026 

Maruti Swift Hydrogen Car Launch 2026: ईंधन के विकल्पों की उपलब्धता के साथ भारतीय ऑटो बाजार तेजी से बदल रहा है। एक समय था जब सिर्फ पेट्रोल और डीजल कारों का बोलबाला था, फिर इलेक्ट्रिक वाहनों ने बाजार में नई हलचल पैदा कर दी। अब ऑटो इंडस्ट्री एक और नई दिशा की ओर बढ़ती नजर आ रही है। भरोसेमंद ऑटोमेकर कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय हैचबैक स्विफ्ट को नई Hydrogen DI Technology के साथ पेश कर भविष्य की झलक दिखाई है। यह कार न पेट्रोल पर चलेगी, न डीजल और न ही पूरी तरह इलेक्ट्रिक होगी, बल्कि इसमें हाइड्रोजन को सीधे फ्यूल की तरह इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक ज्यादा पावर, बेहतर परफॉर्मेंस और कम प्रदूषण का नया विकल्प बन सकती है।

स्विफ्ट में दिखी भविष्य की नई टेक्नोलॉजी

मारुति सुजुकी की पैरेंट कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन (Suzuki Motor Corporation) ने मोबिलिटी टेक्नोलॉजी कंपनी AVL के साथ मिलकर नई Hydrogen Direct Injection यानी हाइड्रोजन DI तकनीक विकसित की है। इस तकनीक को ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में 22 से 24 अप्रैल के दौरान 2026 Vienna Motor Symposium में पेश किया गया। खास बात यह रही कि कंपनी ने इस टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित करने के लिए अपनी लोकप्रिय स्विफ्ट हैचबैक के प्रोटोटाइप मॉडल का इस्तेमाल किया। अब तक दुनिया में ज्यादातर हाइड्रोजन वाहन फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी पर आधारित रहे हैं। फ्यूल सेल सिस्टम में हाइड्रोजन गैस से बिजली बनाई जाती है और वही बिजली मोटर को चलाती है। लेकिन सुजुकी की नई तकनीक इस सोच से अलग है। इसमें हाइड्रोजन को सीधे इंजन में फ्यूल की तरह इस्तेमाल किया जाता है। यानी यह तकनीक पारंपरिक इंजन के सिद्धांत पर काम करती है, लेकिन फ्यूल पेट्रोल या डीजल की जगह हाइड्रोजन होता है।

ज्यादा पावर और बेहतर प्रदर्शन का दावा

नई हाइड्रोजन DI तकनीक को सुजुकी के 1.4 लीटर, 4-सिलेंडर हाइड्रोजन इंजन पर तैयार किया गया है। कंपनी के अनुसार यह इंजन ‘लीन मोड’ और ‘Lambda=1’ दोनों मोड में काम कर सकता है। इसका फायदा यह है कि इंजन अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर दक्षता और प्रदर्शन देने में सक्षम होता है।

कंपनी का दावा है कि इस तकनीक की वजह से इंजन को लगभग 10 kW ज्यादा पावर और 20 Nm अतिरिक्त टॉर्क मिलता है। इसके बाद इंजन की कुल क्षमता करीब 100 kW और 220 Nm तक पहुंच जाती है। आसान भाषा में समझें तो यह तकनीक सिर्फ पर्यावरण के लिए ही बेहतर नहीं है, बल्कि ड्राइविंग अनुभव को भी ज्यादा दमदार बना सकती है।

क्या होती है Hydrogen DI Technology?

हाइड्रोजन DI यानी हाइड्रोजन डायरेक्ट इंजेक्शन एक ऐसी तकनीक है जिसमें हाइड्रोजन गैस को सीधे इंजन के सिलेंडर में इंजेक्ट किया जाता है। यह सिस्टम पेट्रोल डायरेक्ट इंजेक्शन तकनीक जैसा ही काम करता है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां फ्यूल पेट्रोल नहीं बल्कि हाइड्रोजन होता है।

इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह माना जा रहा है कि इसमें इंजन की परफॉर्मेंस बनी रहती है और कार्बन उत्सर्जन काफी कम हो जाता है। हाइड्रोजन जलने पर मुख्य रूप से पानी की भाप बनती है, जिससे प्रदूषण कम होता है। यही वजह है कि दुनियाभर की ऑटो कंपनियां इस तकनीक पर तेजी से काम कर रही हैं।

इलेक्ट्रिक कारों से कैसे अलग है यह तकनीक?

इलेक्ट्रिक वाहनों में बैटरी चार्ज करनी पड़ती है और लंबी दूरी की यात्रा में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बड़ी चुनौती बन जाती है। वहीं हाइड्रोजन आधारित वाहनों में फ्यूल भरने का समय पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों जैसा ही हो सकता है।

इसके अलावा इलेक्ट्रिक कारों में भारी बैटरी पैक का इस्तेमाल होता है, जबकि हाइड्रोजन इंजन वाली कारें पारंपरिक इंजन प्लेटफॉर्म पर भी तैयार की जा सकती हैं। इससे कंपनियों को मौजूदा तकनीक और प्रोडक्शन सिस्टम का फायदा मिल सकता है।

हालांकि हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी के सामने भी कई चुनौतियां हैं। सबसे बड़ी समस्या हाइड्रोजन फ्यूल स्टेशनों की कमी और हाइड्रोजन उत्पादन की लागत है। भारत समेत दुनिया के कई देशों में अभी इसका इंफ्रास्ट्रक्चर शुरुआती स्तर पर ही है।

भारत में क्यों बढ़ रही है हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी पर चर्चा?

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी लंबे समय से ग्रीन फ्यूल को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। सरकार भी पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने के लिए कई वैकल्पिक ईंधनों पर काम कर रही है।

भारत में फिलहाल इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों पर ज्यादा फोकस है, लेकिन हाइड्रोजन को भी भविष्य के ईंधन के रूप में देखा जा रहा है। खासकर कमर्शियल वाहन, लंबी दूरी के ट्रांसपोर्ट और भारी वाहनों के लिए हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी उपयोगी मानी जा रही है। देश में ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के तहत सरकार स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है। आने वाले वर्षों में अगर हाइड्रोजन इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित होता है तो यह तकनीक आम कारों तक भी पहुंच सकती है।

क्या भविष्य में आम लोगों के लिए उपलब्ध होगी हाइड्रोजन स्विफ्ट?

फिलहाल सुजुकी ने इस तकनीक को प्रोटोटाइप के रूप में पेश किया है। यानी यह अभी परीक्षण और विकास के चरण में है। कंपनी का कहना है कि इस तकनीक को बड़े स्तर पर प्रोडक्शन के लिए तैयार किया जा सकता है।

अगर आने वाले समय में हाइड्रोजन फ्यूल की उपलब्धता बढ़ती है और इसकी लागत कम होती है, तो स्विफ्ट जैसी कारें बाजार में नई क्रांति ला सकती हैं। खास बात यह है कि भारत जैसे बड़े बाजार में मारुति सुजुकी की मजबूत पकड़ इस तकनीक को तेजी से लोकप्रिय बना सकती है। ऑटो इंडस्ट्री फिलहाल एक ऐसे दौर से गुजर रही है जहां कंपनियां भविष्य के ईंधन की तलाश में लगातार नए प्रयोग कर रही हैं। ऐसे में Hydrogen DI Technology वाली Swift इस बात का संकेत है कि आने वाले वर्षों में सड़क पर चलने वाली कारों की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh

Editor

Next Story