Normal Petrol vs Power Petrol: किससे स्मूद चलेगी कार और किससे बचेगा पैसा!

Normal Petrol vs Power Petrol: नॉर्मल और पावर पेट्रोल में क्या फर्क है, किससे कार ज्यादा स्मूद चलती है और किससे बचेगा पैसा? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

Jyotsana Singh
Published on: 30 May 2026 7:30 AM IST
normal vs power petrol which is better for car mileage india 2026
X

Normal Petrol vs Power Petrol

Normal Petrol vs Power Petrol: अपने नोटिस किया होगा जब पेट्रोल पंप पर गाड़ी रुकते ही आपसे अक्सर एक सवाल पूछा जाता है कि, नॉर्मल पेट्रोल डालें या पावर पेट्रोल? लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी कार के लिए कौन सा विकल्प बेहतर है और कौन सा नहीं। कई लोग मानते हैं कि महंगा पावर पेट्रोल डलवाने से कार ज्यादा माइलेज देने लगेगी और इंजन बिल्कुल नई कार जैसा चलने लगेगा। वहीं कुछ लोग इसे सिर्फ कंपनियों की मार्केटिंग मानते हैं। ऐसे में आम वाहन चालकों के मन में यह भ्रम बना रहता है कि आखिर दोनों में असली फर्क क्या है और कौन-सा विकल्प जेब के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नॉर्मल पेट्रोल और पावर पेट्रोल के बीच सबसे बड़ा अंतर उनकी ऑक्टेन रेटिंग और उसमें मिलाए जाने वाले एडिटिव्स का होता है। पावर पेट्रोल को हाई ऑक्टेन फ्यूल भी कहा जाता है, जिसे खासतौर पर हाई परफॉर्मेंस और टर्बो इंजन वाली गाड़ियों के लिए तैयार किया जाता है। हालांकि हर कार में इसका फायदा समान नहीं मिलता। यही वजह है कि एक्सपर्ट्स बिना जरूरत सिर्फ ट्रेंड देखकर महंगा फ्यूल इस्तेमाल करने से बचने की सलाह देते हैं।

क्या होता है ऑक्टेन रेटिंग और क्यों होती है जरूरी?

असल में ऑक्टेन रेटिंग किसी भी पेट्रोल की गुणवत्ता को मापने का एक तरीका है। यह बताती है कि फ्यूल इंजन में जलते समय नॉकिंग यानी अनचाही आवाज और झटकों को कितनी अच्छी तरह कंट्रोल कर सकता है। भारत में मिलने वाला सामान्य पेट्रोल आमतौर पर 91 ऑक्टेन के आसपास होता है, जबकि पावर पेट्रोल की ऑक्टेन रेटिंग 95 से 100 तक हो सकती है। जिन गाड़ियों में टर्बोचार्ज्ड या हाई कम्प्रेशन इंजन होता है, वहां हाई ऑक्टेन फ्यूल बेहतर प्रदर्शन देता है। इससे इंजन स्मूद तरीके से काम करता है और तेज एक्सिलरेशन के दौरान बेहतर रिस्पॉन्स मिल सकता है। लेकिन छोटी हैचबैक या सामान्य फैमिली कारों में इसका असर बहुत सीमित होता है।

पावर पेट्रोल में क्या खास मिलता है?

पावर पेट्रोल में कुछ खास एडिटिव्स मिलाए जाते हैं जो इंजन के अंदर कार्बन जमा होने को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे लंबे समय तक इंजन साफ रहने में सहायता मिलती है। कई कंपनियां दावा करती हैं कि इससे इंजन की लाइफ बेहतर होती है और परफॉर्मेंस में सुधार आता है। कुछ ड्राइवर्स को पावर पेट्रोल इस्तेमाल करने पर गाड़ी ज्यादा स्मूद महसूस होती है। खासकर हाईवे ड्राइविंग और तेज रफ्तार पर इसका अंतर थोड़ा समझ में आ सकता है। हालांकि रोजमर्रा के शहर वाले ट्रैफिक में इसका फायदा आमतौर पर बहुत बड़ा नहीं होता।

क्या पावर पेट्रोल से माइलेज बढ़ता है?

सबसे बड़ा भ्रम यही है कि पावर पेट्रोल डालते ही माइलेज अचानक बढ़ जाता है। सच यह है कि माइलेज कई चीजों पर निर्भर करता है जैसे ड्राइविंग स्टाइल, ट्रैफिक, इंजन की स्थिति और गाड़ी का वजन। यानी सही मायने में सिर्फ महंगा फ्यूल भरवाने से हर कार में ज्यादा माइलेज मिलना जरूरी नहीं है। अगर आपकी कार कंपनी ने सामान्य पेट्रोल इस्तेमाल करने की सलाह दी है, तो नॉर्मल पेट्रोल ही पर्याप्त माना जाता है। ऐसी कारों में पावर पेट्रोल डालने पर खर्च जरूर बढ़ सकता है, लेकिन फायदा बहुत सीमित रहता है। कई मामलों में लोग बिना जरूरत हर महीने सैकड़ों रुपये ज्यादा खर्च कर देते हैं। जो कि सिर्फ पैसों की बर्बादी साबित होती है, उससे आपके वाहन को कोई लाभ नहीं मिलता।

किन गाड़ियों में पावर पेट्रोल फायदेमंद हो सकता है?

अगर आपके पास टर्बो पेट्रोल इंजन, स्पोर्ट्स बाइक या हाई परफॉर्मेंस कार है, तो पावर पेट्रोल बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। ऐसी गाड़ियों के इंजन हाई ऑक्टेन फ्यूल के हिसाब से डिजाइन किए जाते हैं। इससे इंजन नॉकिंग कम होती है और परफॉर्मेंस बेहतर बनी रहती है। वहीं सामान्य 100cc से 150cc बाइक, छोटी फैमिली कार और रोजाना ऑफिस आने-जाने वाली गाड़ियों में नॉर्मल पेट्रोल आमतौर पर पर्याप्त होता है। ऐसे वाहन पावर पेट्रोल के बिना भी आसानी से और सुरक्षित तरीके से चलते हैं।

जेब के हिसाब से कौन है बेहतर?

पावर पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से प्रति लीटर कुछ रुपये ज्यादा होती है। अगर कोई व्यक्ति हर महीने 40 से 50 लीटर पेट्रोल इस्तेमाल करता है, तो सालभर में यह अतिरिक्त खर्च हजारों रुपये तक पहुंच सकता है। ऐसे में अगर आपकी गाड़ी को हाई ऑक्टेन फ्यूल की जरूरत ही नहीं है, तो यह पैसा बचाया जा सकता है।

ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि सबसे सही तरीका वही है जो वाहन निर्माता कंपनी की रिकमेंडेशन में दिया गया हो। कार या बाइक के मैनुअल में साफ लिखा होता है कि किस तरह का फ्यूल इस्तेमाल करना चाहिए।

आखिर कौन-सा पेट्रोल चुनना चाहिए?

अगर आपकी गाड़ी सामान्य इंजन वाली है और कंपनी ने रेगुलर पेट्रोल की सलाह दी है, तो नॉर्मल पेट्रोल आपके लिए सबसे किफायती विकल्प रहेगा। वहीं हाई परफॉर्मेंस या टर्बो इंजन वाली गाड़ियों में पावर पेट्रोल बेहतर अनुभव दे सकता है। यानी हर महंगी चीज हर वाहन के लिए जरूरी नहीं होती। सही फ्यूल वही है जो आपकी गाड़ी की जरूरत के मुताबिक हो। बिना जानकारी सिर्फ ट्रेंड देखकर फैसला लेने से जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है।

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story