Tata Cars Price Hike: Nexon-Punch खरीदने वालों के लिए अलर्ट, 1 जुलाई से टाटा की कारें होंगी महंगी

Tata Cars Price Hike 2026: टाटा मोटर्स ने 1 जुलाई 2026 से अपनी पेट्रोल, डीजल, CNG और EV कारों की कीमतों में 1.5% तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

Jyotsana Singh
Published on: 15 Jun 2026 8:30 AM IST
Tata Cars price hike from July 1st 2026 affecting Nexon Punch Harrier Safari and EV models India
X

Tata Cars Price Hike 2026 July 2026

Tata Cars Price Hike 2026: अगर आप भारत की दिग्गज ऑटोमेकर कंपनी की कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए जून का महीना काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। टाटा मोटर्स ने बढ़ती लागत और महंगाई का हवाला देते हुए 1 जुलाई 2026 से अपनी सभी पेट्रोल, डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक कारों की कीमतों में 1.5% तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने घोषणा की है कि वह 1 जुलाई 2026 से अपने पूरे पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। यह फैसला कंपनी की पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों की पूरी रेंज पर लागू होगा। ऐसे में अगले महीने से टाटा टियागो, टाटा पंच, टाटा नेक्सॉन, टाटा हैरियर, टाटा सफारी और टाटा कर्व समेत कई लोकप्रिय मॉडल्स खरीदना महंगा हो जाएगा।

कंपनी के मुताबिक कीमतों में अधिकतम 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के अनुसार यह वृद्धि अलग हो सकती है। टाटा मोटर्स का कहना है कि लगातार बढ़ रही उत्पादन लागत और महंगाई के दबाव को देखते हुए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।

बढ़ती लागत का असर ग्राहकों तक पहुंचा

ऑटोमोबाइल उद्योग पिछले कुछ समय से कच्चे माल की कीमतों, लॉजिस्टिक्स खर्च और सप्लाई चेन से जुड़ी लागतों में बढ़ोतरी का सामना कर रहा है। टाटा मोटर्स के अधिकारियों ने कहा है कि अब तक कंपनी बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में कीमतों का आंशिक संशोधन आवश्यक हो गया है। कंपनी का दावा है कि इस बढ़ोतरी को सीमित रखने की कोशिश की गई है ताकि ग्राहकों पर ज्यादा बोझ न पड़े और वाहनों की वैल्यू फॉर मनी बनी रहे।

ICE और EV दोनों कैटेगरी पर लागू होगा फैसला

खास बात यह है कि यह प्राइस हाइक केवल पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों तक सीमित नहीं है। टाटा की इलेक्ट्रिक कारों की पूरी रेंज भी नई कीमतों के दायरे में आएगी। यानी टाटा टियागो, पंच,

नेक्सॉन, हैरियर, सफारी, कर्व खरीदने वाले ग्राहकों को भी जुलाई से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। भारत के इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में टाटा मोटर्स की मजबूत हिस्सेदारी है। ऐसे में EV ग्राहकों पर भी इस फैसले का सीधा असर दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है।

जून में खरीदारी करने वालों को हो सकता है फायदा

अगर आप आने वाले दिनों में टाटा की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो जून का महीना आपके लिए बचत का मौका बन सकता है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि 1 जुलाई से पहले बुकिंग और डिलीवरी लेने वाले ग्राहक मौजूदा कीमतों का लाभ उठा सकते हैं। कई डीलरशिप्स पर इस समय मॉडल्स के हिसाब से एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट डिस्काउंट और अन्य ऑफर्स भी चल रहे हैं। ऐसे में कीमत बढ़ने से पहले खरीदारी करना फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

टाटा की लोकप्रिय कारों के मौजूदा एक्स-शोरूम दाम

टाटा टियागो की कीमत 4.70 लाख रुपये से शुरू होकर 8.55 लाख रुपये तक जाती है। वहीं Tiago EV की कीमत 6.99 लाख रुपये से 9.99 लाख रुपये तक है।

कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV पंच की कीमत 5.65 लाख रुपये से 10.60 लाख रुपये तक है, जबकि पंच EV 9.69 लाख रुपये से 12.59 लाख रुपये के बीच उपलब्ध है।

अल्ट्रोज की कीमत 6.30 लाख रुपये से 10.77 लाख रुपये तक है। नेक्सॉन की कीमत 7.37 लाख रुपये से शुरू होकर 14.22 लाख रुपये तक जाती है, जबकि नेक्सॉन EV की कीमत 12.49 लाख रुपये से 17.49 लाख रुपये तक है।

मिड-साइज SUV सेगमेंट में हैरियर की कीमत 12.89 लाख रुपये से 25.85 लाख रुपये और सफारी की कीमत 13.29 लाख रुपये से 26.40 लाख रुपये तक है। वहीं नई हरियर EV की कीमत 21.49 लाख रुपये से 30.23 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है।

कर्व की कीमत 9.70 लाख रुपये से 19.10 लाख रुपये तक है, जबकि कर्व EV 16.99 लाख रुपये से 19.49 लाख रुपये के बीच उपलब्ध है। इसके अलावा टाटा टिगोर की कीमत 5.55 लाख रुपये से 8.84 लाख रुपये और टिगोर EV की कीमत 12.49 लाख रुपये से 13.75 लाख रुपये तक है। ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।

ऑटो सेक्टर में लगातार बढ़ रही हैं कीमतें

पिछले कुछ महीनों में कई वाहन कंपनियां अपनी कारों और एसयूवी की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी हैं। बढ़ती लागत, वैश्विक आर्थिक दबाव और महंगाई की वजह से ऑटो सेक्टर में प्राइस रिवीजन का दौर जारी है। टाटा मोटर्स का यह फैसला भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।

ऐसे में जो ग्राहक नई कार खरीदने का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए जुलाई से पहले वाहन लेने का फैसला लेना जेब के लिहाज से फायदेमंद साबित हो सकता है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story