TRENDING TAGS :
Tata Motors Iveco Deal 2026: Tata Motors का मेगा मास्टरस्ट्रोक, एक डील से दुनिया की टॉप-4 कमर्शियल व्हीकल कंपनियों में होगी एंट्री
Tata Motors Iveco Deal 2026: इटली की Iveco के नॉन-डिफेंस बिजनेस का अधिग्रहण करेगी Tata Motors, यूरोप समेत कई देशों में बढ़ेगा कारोबार और मिलेगी नई तकनीक।
Tata Motors Iveco Deal 2026
Tata Motors Iveco Deal 2026: भारत की सबसे पुरानी और भरोसेमंद ऑटोमेकर कंपनी टाटा मोटर्स एक नया आयाम गढ़ने जा रही है। कंपनी की यह उपलब्धि भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए यह एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है। असल में टाटा मोटर्स ने इटली की दिग्गज कमर्शियल व्हीकल निर्माता कंपनी इवेको (Iveco) के नॉन-डिफेंस बिजनेस का अधिग्रहण करने का ऐलान किया है। करीब 4.4 बिलियन डॉलर (लगभग 36,000 करोड़ रुपये) की यह डील सिर्फ एक कंपनी के विस्तार और इसकी तरक्की तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की ऑटो इंडस्ट्री की वैश्विक ताकत बनने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। इस सौदे के बाद टाटा मोटर्स दुनिया की शीर्ष चार कमर्शियल व्हीकल कंपनियों में जगह बना सकती है और यूरोप से लेकर दक्षिण अमेरिका तक उसके कारोबार का दायरा कई गुना बढ़ जाएगा।
दुनिया के बड़े खिलाड़ियों में शामिल होगी टाटा
टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और कमर्शियल व्हीकल बिजनेस के एमडी गिरीश वाघ के मुताबिक, यह अधिग्रहण वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (सितंबर 2026 तक) पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद कंपनी का वैश्विक आकार काफी बड़ा हो जाएगा और वह कमर्शियल व्हीकल कारोबार में दुनिया की टॉप-4 कंपनियों में शामिल हो सकती है।
भारत पर निर्भरता होगी कम
अब तक टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल कारोबार का करीब 90 प्रतिशत राजस्व भारत से आता था। ऐसे में घरेलू बाजार की मांग में उतार-चढ़ाव का सीधा असर कंपनी पर पड़ता था। इवेको के साथ यह स्थिति बदल जाएगी। टाटा को यूरोप, ब्राजील, अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े बाजारों में मजबूत नेटवर्क, ग्राहक आधार और बिक्री प्रणाली का फायदा मिलेगा।
दोनों कंपनियों की ताकत एक-दूसरे को बनाएगी और मजबूत
इस डील की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दोनों कंपनियों के उत्पाद एक-दूसरे के प्रतिस्पर्धी नहीं हैं। टाटा मोटर्स जहां छोटे और मध्यम कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में मजबूत है, वहीं इवेको प्रीमियम बसों, हेवी ट्रकों, माइनिंग टिपर्स और बड़े कमर्शियल वाहनों के लिए दुनिया भर में पहचान रखती है।
गिरीश वाघ के अनुसार, इवेको का सबसे छोटा मॉडल 'डेली' है, जबकि उससे नीचे के सेगमेंट में टाटा की मजबूत मौजूदगी है। ऐसे में दोनों कंपनियों का पोर्टफोलियो मिलकर ग्राहकों को ज्यादा व्यापक विकल्प देगा।
भारतीय ग्राहकों को भी मिलेगा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस साझेदारी के बाद इवेको की आधुनिक तकनीक और प्रीमियम कमर्शियल व्हीकल भारत में भी उतारे जा सकते हैं। इससे भारतीय ट्रांसपोर्ट कंपनियों, लॉजिस्टिक्स सेक्टर और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को विश्वस्तरीय ट्रक और बसें मिलने की संभावना बढ़ेगी।
साथ ही टाटा अपने कम लागत वाले मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क और मजबूत सप्लाई चेन का उपयोग कर नई तकनीक वाले वाहनों को अधिक प्रतिस्पर्धी कीमत पर बाजार में ला सकती है।
इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
इवेको इलेक्ट्रिक, सीएनजी, एलएनजी और हाइड्रोजन आधारित कमर्शियल व्हीकल तकनीक पर पहले से काम कर रही है। टाटा मोटर्स भी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में तेजी से निवेश कर रही है। ऐसे में दोनों कंपनियों की रिसर्च और डेवलपमेंट क्षमता मिलकर भविष्य के स्वच्छ और आधुनिक कमर्शियल व्हीकल तैयार करने में मदद कर सकती है।
कर्मचारियों और कारोबार पर क्या होगा असर?
कंपनी ने संकेत दिया है कि इवेको का ब्रांड, उसकी इंजीनियरिंग क्षमता और वैश्विक संचालन को बनाए रखा जाएगा। इससे मौजूदा ग्राहकों और कर्मचारियों के लिए कारोबार सामान्य रूप से चलता रहेगा। वहीं टाटा मोटर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई तकनीक, अनुभवी इंजीनियरिंग टीम और मजबूत डीलर नेटवर्क का लाभ मिलेगा।
भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के लिए क्यों है बड़ी खबर?
यह डील सिर्फ टाटा मोटर्स के विस्तार तक सीमित नहीं है। इससे भारतीय कंपनियों की वैश्विक अधिग्रहण क्षमता और तकनीकी ताकत का भी प्रदर्शन होगा। जिस तरह टाटा समूह ने पहले जगुआर-लैंड रोवर का अधिग्रहण कर वैश्विक पहचान बनाई थी, उसी तरह इवेको सौदा कमर्शियल व्हीकल सेक्टर में भारत की मौजूदगी को और मजबूत कर सकता है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक यदि नियामकीय मंजूरी समय पर मिल जाती है, तो सितंबर 2026 तक यह अधिग्रहण पूरा हो सकता है। इसके बाद टाटा मोटर्स का फोकस वैश्विक बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने, नई तकनीकों के विकास और कमर्शियल व्हीकल कारोबार को अगले स्तर तक ले जाने पर होगा।


