बच्चों की सुरक्षा में Tata Punch EV सबसे आगे, Bharat NCAP ने दिए पूरे 5 स्टार

Tata Punch EV Safety Rating: Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में Tata Punch EV को एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी में 5-स्टार रेटिंग मिली। जानें सेफ्टी फीचर्स, रेंज, बैटरी और कीमत।

Jyotsana Singh
Published on: 30 July 2026 3:12 PM IST
Tata Punch EV Safety Rating: Bharat NCAP Awards 5 Stars for Child and Adult Safety
X

Tata Punch EV Safety Rating: Bharat NCAP Awards 5 Stars for Child and Adult Safety

Tata Punch EV Safety Rating: भारतीय ऑटो इंडस्ट्री में तरक्की के साथ ही अब यहां का ग्राहक भी काफी हद तक जागरूक हो गया है। अब नई कार खरीदते समय लोग सिर्फ माइलेज, फीचर्स और कीमत नहीं देखते, बल्कि सबसे पहले उसकी सुरक्षा पर ध्यान देते हैं। बढ़ते सड़क हादसों के बीच सुरक्षित कारों की मांग तेजी से बढ़ी है। ऐसे में टाटा मोटर्स की लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी Tata Punch EV ने सुरक्षा के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। Bharat NCAP (भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम) के क्रैश टेस्ट में पंच ईवी को एडल्ट और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन दोनों कैटेगरी में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। खास बात यह है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए भी इस कार ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिससे यह फैमिली कार खरीदने वालों के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है।

एडल्ट यात्रियों की सुरक्षा में शानदार प्रदर्शन

भारत NCAP की रिपोर्ट के मुताबिक, Tata Punch EV ने Adult Occupant Protection में 32 में से 31.09 अंक हासिल किए हैं। फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसे 16 में से 15.28 अंक मिले, जबकि साइड मूवेबल बैरियर टेस्ट में इसने 16 में से 15.80 अंक हासिल किए।

इन नतीजों का मतलब है कि सामने या साइड से होने वाली टक्कर की स्थिति में कार का केबिन मजबूत बना रहता है और अंदर बैठे यात्रियों को गंभीर चोट लगने का खतरा काफी कम हो जाता है। यही वजह है कि Punch EV को अपनी श्रेणी की सबसे सुरक्षित इलेक्ट्रिक एसयूवी में गिना जा रहा है।

बच्चों की सुरक्षा में भी 5-स्टार रेटिंग

परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए सबसे बड़ी चिंता बच्चों की सुरक्षा होती है। इस मामले में भी Tata Punch EV ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। Child Occupant Protection टेस्ट में इसे 49 में से 45 अंक मिले हैं। जिसके आधार पर इसे 5-स्टार रेटिंग दी गई।

टेस्ट के दौरान 18 महीने और 3 साल के बच्चे की डमी का इस्तेमाल किया गया। डायनेमिक टेस्ट में Punch EV ने 24 में से पूरे 24 अंक हासिल किए, जबकि Child Restraint System (CRS) Installation के लिए इसे 12 में से 12 अंक मिले। कार में दिए गए ISOFIX एंकर और मजबूत सीट बेल्ट सिस्टम बच्चों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

हर वेरिएंट में मिलते हैं जरूरी सेफ्टी फीचर्स

टाटा मोटर्स ने Punch EV के सभी वेरिएंट्स में सुरक्षा फीचर्स को स्टैंडर्ड रखा है। यानी बेस मॉडल खरीदने वाले ग्राहक भी जरूरी सुरक्षा सुविधाओं से समझौता नहीं करते।

कार में स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के साथ EBD, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), सभी सीटों के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

वहीं, ऊंचे वेरिएंट्स में 360 डिग्री कैमरा, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर, रियर पार्किंग सेंसर और रियर कैमरा जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती हैं। जो ड्राइविंग को और सुरक्षित बनाती हैं।

Acti.ev प्लेटफॉर्म पर तैयार हुई है Punch EV

Punch EV को टाटा मोटर्स के नए Acti.ev (Advanced Connected Tech Intelligent EV) प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। यह प्लेटफॉर्म खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए तैयार किया गया है। जिसमें मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर, बेहतर बैटरी सुरक्षा और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया गया है। यही वजह है कि क्रैश टेस्ट में कार ने शानदार प्रदर्शन किया।

बैटरी, रेंज और चार्जिंग की पूरी जानकारी

Tata Punch EV दो बैटरी विकल्पों के साथ आती है। पहला 30 kWh मीडियम रेंज और दूसरा 40 kWh लॉन्ग रेंज बैटरी पैक है।

कंपनी के अनुसार, मीडियम रेंज वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर 365 किलोमीटर तक की रेंज देता है। जबकि लॉन्ग रेंज मॉडल 468 किलोमीटर तक चल सकता है। डीसी फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक लगभग 26 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा के लिए भी यह एक व्यावहारिक विकल्प साबित होती है।

कीमत कितनी है?

भारतीय बाजार में Tata Punch EV की एक्स-शोरूम कीमत ₹9.69 लाख से शुरू होकर ₹12.59 लाख तक जाती है। इस कीमत पर 5-स्टार सुरक्षा, लंबी ड्राइविंग रेंज, आधुनिक फीचर्स और कम रनिंग कॉस्ट जैसी खूबियों का पैकेज इसे मिड-बजट फैमिली खरीदारों के लिए आकर्षक बनाता है।

क्यों बन रही है परिवारों की पहली पसंद?

आज जब कार खरीदने में सुरक्षा सबसे बड़ा पैमाना बन चुकी है, तब Tata Punch EV ने यह साबित किया है कि किफायती कीमत में भी उच्च स्तर की सुरक्षा मिल सकती है। एडल्ट और चाइल्ड दोनों कैटेगरी में 5-स्टार रेटिंग, मजबूत बिल्ड क्वालिटी, आधुनिक सेफ्टी फीचर्स और लंबी इलेक्ट्रिक रेंज जैसी सुविधाएं इसे उन लोगों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनाती है, जो कार से सफर के दौरान अपने परिवार और खासकर बच्चों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story