TRENDING TAGS :
VinFast Electric Scooter Launch India: भारतीय ग्राहकों के लिए खुशखबरी! VinFast की एक एंट्री से सस्ते हो सकते हैं इलेक्ट्रिक स्कूटर
VinFast Electric Scooter Launch India: भारत में VinFast की दस्तक, जानें लॉन्च, फीचर्स, रेंज और किसे मिलेगी चुनौती।
VinFast Electric Scooter Launch India
VinFast Electric Scooter Launch India: भारत ऑटो इंडस्ट्री में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का बाजार तेजी से रफ्तार पकड़ता जा रहा है। बाजार के विस्तार और प्रभाव को देखते हुए अब कई दिग्गज विदेशी ऑटोमेकर कंपनियां भारतीय बाजार की ओर तेजी से आकर्षित हो रही हैं वहीं इस लिस्ट में अब एक नया विदेशी खिलाड़ी भी उतरने की तैयारी में है। वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट ने भारत में अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का डिज़ाइन पेटेंट दर्ज कराया है। माना जा रहा है कि यह स्कूटर विनफास्ट (VinFast) वाइपर या उसके अपडेटेड मॉडल का हो सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके लॉन्च की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन पेटेंट दर्ज होने से यह संकेत जरूर मिल रहे हैं कि भविष्य में कंपनी भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में कदम रख सकती है। अगर ऐसा होता है तो बजाज चेतक, ओला एस1 प्रो, टीवीएस आईक्यूब, हीरो विडा वी2 और एथर जैसे लोकप्रिय स्कूटरों को नई चुनौती मिलेगी।
भारत में डिज़ाइन पेटेंट दर्ज होने से लॉन्च की चर्चा तेज
ऑनलाइन सामने आई जानकारी के अनुसार विनफास्ट ट्रेडिंग एंड प्रोडक्शन जॉइंट स्टॉक कंपनी ने 30 अप्रैल 2026 को भारत में इस स्कूटर का डिज़ाइन पेटेंट दर्ज कराया है। इसे डिज़ाइन नंबर 500341-001 के तहत पंजीकृत किया गया है। पेटेंट दस्तावेज़ में इसे मोटरसाइकिल श्रेणी में रखा गया है। वहीं सामने आई तस्वीरों में यह एक आधुनिक इलेक्ट्रिक स्कूटर दिखाई देता है। ऑटोमोबाइल उद्योग में किसी वाहन का डिज़ाइन पेटेंट दर्ज होना इस बात का संकेत माना जाता है कि कंपनी भविष्य में उस मॉडल को संबंधित बाजार में उतारने की योजना बना रही है। कंपनी ने इसके लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा
भारत का इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार इस समय दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल है। ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस मोटर, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, एथर एनर्जी और सिंपल एनर्जी जैसी कंपनियां पहले से इस क्षेत्र में मौजूद हैं। ऐसे में विनफास्ट की एंट्री से प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है। इसका फायदा ग्राहकों को बेहतर सुविधाओं, नई तकनीक और किफायती कीमतों के रूप में मिल सकता है। विदेशी कंपनियों की बढ़ती रुचि इस बात का प्रमाण है कि भारत अब इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक बड़े बाजार के तौर पर पहचान कायम कर रहा है।
पहले इलेक्ट्रिक कारों पर रहेगा कंपनी का ध्यान
विनफास्ट पहले से भारत में अपने इलेक्ट्रिक कार कारोबार की तैयारी कर रही है। कंपनी तमिलनाडु में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है और आने वाले समय में अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी बाजार में उतारने की योजना पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि कंपनी पहले कार कारोबार को मजबूत करेगी और उसके बाद इलेक्ट्रिक स्कूटर क्षेत्र में प्रवेश करेगी। इसलिए फिलहाल वाइपर स्कूटर की लॉन्च समयसीमा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
रोजमर्रा की जरूरतों के हिसाब से मिलेगी मोटर, बैटरी और रेंज
अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध विनफास्ट वाइपर में 3,000 वॉट की ब्रशलेस डीसी हब मोटर दी गई है, जिसकी अधिकतम रफ्तार लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 1.5 किलोवाट-घंटा क्षमता की स्थायी बैटरी मिलती है। इसके साथ एक अतिरिक्त बैटरी पैक का विकल्प भी दिया जाता है। जिससे स्कूटर की चलने की दूरी बढ़ाई जा सकती है। सामान्य बैटरी के साथ इसकी दावा की गई दूरी लगभग 82 किलोमीटर है। हालांकि भारत में आने वाले मॉडल में बैटरी और रेंज में बदलाव संभव है।
आधुनिक तकनीक से लैस हो सकता है स्कूटर
विनफास्ट वाइपर में कई आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसमें स्मार्ट चाबी, वाहन की लोकेशन पता लगाने की सुविधा, दूर से वाहन खोजने की सुविधा, चोरी-रोधी प्रणाली, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट और पीछे की ओर दोहरे शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। इसके अलावा भारतीय मॉडल में डिजिटल मीटर, मोबाइल ऐप से जुड़ने की सुविधा और अन्य कनेक्टेड तकनीक भी देखने को मिल सकती है।
आकर्षक और स्पोर्टी डिज़ाइन
पेटेंट की तस्वीरों और सोशल मीडिया पर सामने आई फोटो के अनुसार इस स्कूटर का डिज़ाइन काफी आकर्षक और प्रीमियम नजर आता है। इसमें मैक्सी-स्कूटर जैसी स्टाइल दिखाई देती है। ऊंचा अगला हिस्सा, तेज़ डिजाइन वाली एलईडी हेडलाइट, छोटी विंडस्क्रीन, दो रंगों वाली बॉडी, आकर्षक साइड पैनल और अलॉय व्हील्स इसे अलग पहचान देते हैं। इसके अलावा एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट, आगे टेलीस्कोपिक सस्पेंशन और पीछे दोहरे शॉक एब्जॉर्बर भी दिए गए हैं। माना जा रहा है कि यह ग्लोबल बाजार में बिकने वाले वाइपर का नया या अपडेटेड संस्करण हो सकता है।
इन इलेक्ट्रिक स्कूटरों से होगा सीधा मुकाबला
अगर विनफास्ट इस स्कूटर को भारत में लॉन्च करती है तो इसका मुकाबला बजाज चेतक, ओला एस1 प्रो, टीवीएस आईक्यूब, हीरो विडा वी2, एथर 450एक्स, एथर रिज्टा और सुजुकी ई-एक्सेस जैसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटरों से होगा। ऐसे में कंपनी की सफलता उसकी कीमत, बिक्री के बाद मिलने वाली सेवा, चार्जिंग नेटवर्क और ग्राहकों के भरोसे पर निर्भर करेगी।विनफास्ट ने अभी तक भारत में वाइपर इलेक्ट्रिक स्कूटर के लॉन्च की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फिर भी भारत में डिज़ाइन पेटेंट दर्ज होना इस बात का मजबूत संकेत माना जा रहा है कि कंपनी भविष्य में इस मॉडल को भारतीय बाजार में पेश करने की तैयारी कर रही है। अगर कंपनी प्रतिस्पर्धी कीमत, बेहतर रेंज और आधुनिक सुविधाओं के साथ इस स्कूटर को लॉन्च करती है, तो भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में गेम चेंजर साबित हो सकता है।


