TRENDING TAGS :
Wi-Fi Password में 8 Characters ही क्यों? ये नियम किसने बनाया और कितना जरूरी है?
Wi-Fi Password में कम से कम 8 characters क्यों जरूरी होते हैं? जानिए WPA, WPA2 और WPA3 standards, 8-character rule की वजह, brute-force attacks और सुरक्षित Wi-Fi password बनाने का सही तरीका।
Why WiFi Password needs 8 Characters
Why WiFi Password needs 8 Characters: जब भी आप नया राउटर सेट करते हैं और पासवर्ड 7 अक्षर का डालने की कोशिश करते हैं, सिस्टम तुरंत टोक देता है और कहता है कि 'कम से कम 8 अक्षर चाहिए।' यह कोई मनमानी शर्त नहीं, बल्कि एक ऐसा तकनीकी मानक है जो दुनिया भर के हर राउटर में एक जैसा लागू होता है। सवाल यह है कि '8' का जादुई आंकड़ा आया कहां से?
नियम बनाया किसने?
इस नियम के पीछे दो संस्थाएं हैं, जिनके काम एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। वाई फाई अलायन्स और आईईईई। वाई फाई अलायन्स (Wi-Fi Alliance) ही वह संस्था है जिसने सन 2000 के बाद डब्लूपीए (WPA), डब्लूपीए2 (WPA2) और डब्लूपीए3 (WPA3) - ये तीनों सुरक्षा प्रमाणन कार्यक्रम विकसित किए, ताकि वायरलेस नेटवर्क को सुरक्षित बनाया जा सके। यह पूरी पहल इसलिए शुरू हुई क्योंकि शोधकर्ताओं को पुराने सिस्टम डब्लूईपी (वायर्ड एक्विवालेन्ट प्राइवेसी) में गंभीर खामियां मिली थीं। डब्लूपीए 2003 में आया, जिसे वाईफाई अलायन्स ने एक अस्थायी उपाय के तौर पर पेश किया था। डब्लूपीए2 2004 में आया।
सीधे शब्दों में आईईईई ने तकनीकी नियम (8-63 अक्षर की सीमा) तय किया, और Wi-Fi Alliance ने इसे सर्टिफिकेशन के जरिए हर राउटर निर्माता के लिए अनिवार्य बना दिया। 2006 से हार्डवेयर निर्माताओं के लिए वाईफाई (Wi-Fi) ट्रेडमार्क इस्तेमाल करने के लिए डब्लूपीए2 सपोर्ट देना अनिवार्य कर दिया गया। यानी अगर कोई कंपनी अपने प्रोडक्ट पर "Wi-Fi CERTIFIED" का निशान लगाना चाहती है, तो उसे यह न्यूनतम सुरक्षा मानक मानना ही होगा।
'8' का आंकड़ा ही क्यों?
यह सिर्फ एक गोल-मोल संख्या नहीं, बल्कि सुरक्षा और सुविधा के बीच एक संतुलन है। 8 अक्षरों की न्यूनतम सीमा सुरक्षा और उपयोगिता के बीच एक संतुलन बनाने में मदद करती है। इससे छोटे पासवर्ड आसानी से अंदाज़ा लगाकर या ब्रूट-फोर्स अटैक जैसे तरीकों से क्रैक होने से बचते हैं।
गणित सीधा है। हर अतिरिक्त अक्षर जोड़ने से संभावित कॉम्बिनेशन की संख्या भारी मात्रा में बढ़ जाती है। अगर सिर्फ छोटे अक्षर (a-z) इस्तेमाल हों, तो हर अतिरिक्त अक्षर 26 गुना ज्यादा कॉम्बिनेशन जोड़ता है। यानी 7 अक्षर का पासवर्ड 8 अक्षर वाले से 26 गुना कम सुरक्षित होता है। यही वजह है कि 'एक अक्षर कम' होना कमजोर सुरक्षा में बहुत बड़ा फर्क ला सकता है।
यहां एक बड़ी गलतफहमी दूर करना जरूरी है। न्यूनतम और सुझाई गई लंबाई एक जैसी चीज़ नहीं हैं। 8 अक्षर सिर्फ स्टैंडर्ड को पूरा करते हैं, इससे नेटवर्क सुरक्षित नहीं बन जाता। रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए सुझाई गई लंबाई 12 से 16 अक्षर है, जिसमें बड़े-छोटे अक्षर, अंक और चिह्न मिले हों।
असल में सिर्फ 8 अंकों का पासवर्ड कितना कमजोर हो सकता है, इसका सबूत एक रिसर्च पेपर में मिलता है। यह पेपर बताता है कि कई प्राइवेट वाईफाई नेटवर्क कमजोर पासफ्रेज़ चुनाव की वजह से आसानी से भेदे जा सकते हैं।जब सिर्फ 8-अंकों वाले (सिर्फ नंबर वाले) पासफ्रेज़ इस्तेमाल किए जाते हैं, तो उन्हें महज 10 मिनट के भीतर तोड़ा जा सकता है। कई वाईफाई निर्माता डिफॉल्ट रूप से डब्लूपीएस पिन और डब्लूपीए2 पासफ्रेज़ दोनों के लिए 8 अंकों के नंबर ही इस्तेमाल करते हैं, जो सुरक्षा के लिहाज़ से बेहद जोखिम भरा है।
WPA3 ने क्या बदला
डब्लूपीए3 ऑफलाइन ब्रूट-फोर्स अटैक के खिलाफ ज्यादा मजबूत माना जाता है, क्योंकि इसका एसएई हैंडशेक उन ऑफलाइन डिक्शनरी अटैक को रोकता है जो डब्लूपीए2 में मुमकिन थे। यानी लंबाई की सीमा तो वही (8-63) रही, लेकिन तकनीक बदलने से हैकर के लिए पासवर्ड क्रैक करना पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया।
आसान और सुरक्षित पासवर्ड कैसे बनाएं
ब्रिटेन की नेशनल साइबर सिक्योरिटी सेंटर 'तीन रैंडम शब्दों' वाली तकनीक की सलाह देती है। जैसे "cat-rain-pizza" जो 14 अक्षरों का, याद रखने में आसान और डिक्शनरी अटैक के खिलाफ मजबूत होता है। चूंकि वाईफाई पासवर्ड आप बार-बार टाइप नहीं करते, इसलिए इसे थोड़ा लंबा रखने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
लेकिन याद रखें 8 अक्षर सिर्फ न्यूनतम शर्त है, असली सुरक्षा तब मिलती है जब आप इस सीमा से आगे बढ़कर लंबा और जटिल पासवर्ड चुनते हैं।


