एक ही व्यक्ति के नाम पर कई वोटर ID! यूपी की मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी ने यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मिलने का दावा किया है। जानिए पार्टी ने क्या बड़ी मांग की है।

Sawan Gupta
Published on: 23 Nov 2026 10:52 PM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

UP Voter List: विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज होने का दावा किया है। पार्टी का आरोप है कि कई जगह एक ही व्यक्ति का नाम, उसके पिता या पति का नाम, उम्र और पता एक समान है, लेकिन मतदाता पहचान पत्र यानी EPIC नंबर अलग-अलग दर्ज हैं। सपा ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है।

13.58 करोड़ मतदाताओं की सूची की जांच का दावा

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सपा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के अंतर्गत आने वाले 1,73,730 मतदान केंद्रों की मतदाता सूची की जांच की है।

इस दौरान कुल 13,58,68,905 मतदाताओं के नामों का सत्यापन करने का दावा किया गया है। सपा के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब एक लाख ऐसे नाम मिले हैं, जो कथित तौर पर एक ही व्यक्ति के हैं, लेकिन अलग-अलग EPIC नंबर के साथ दर्ज हैं।

एक ही व्यक्ति का नाम 5-6 बार दर्ज होने का आरोप

समाजवादी पार्टी ने अपने दावे के समर्थन में कुछ उदाहरण भी दिए हैं। पार्टी के मुताबिक, गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में अर्चना गुप्ता नाम की महिला का नाम एक ही मतदान केंद्र पर छह बार दर्ज मिला। इन सभी प्रविष्टियों में EPIC नंबर अलग-अलग होने का दावा किया गया है।

इसी तरह लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट पर शिवांशु पटेल नाम के मतदाता का नाम पांच बार दर्ज होने की बात कही गई है। इसके अलावा लखनऊ उत्तर, लखनऊ पश्चिम, प्रयागराज, वाराणसी कैंट, आगरा कैंट और अलीगढ़ समेत कई क्षेत्रों में भी ऐसी कथित गड़बड़ियां मिलने का दावा किया गया है।

चुनाव आयोग को भेजी गई डुप्लीकेट नामों की सूची

समाजवादी पार्टी का कहना है कि उसने कथित डुप्लीकेट मतदाताओं की विस्तृत सूची मुख्य निर्वाचन आयुक्त और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ईमेल के जरिए भेज दी है। इस सूची में मतदाताओं के नाम, क्रम संख्या, बूथ नंबर, विधानसभा क्षेत्र और जिलावार जानकारी शामिल होने की बात कही गई है। पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इन सभी प्रविष्टियों की गंभीरता से जांच कराई जाए और सत्यापन के बाद गलत या अतिरिक्त नामों को नियमानुसार हटाया जाए।

SP ने डुप्लीकेट नाम पकड़ने पर इनाम की मांग की

इस मामले में सपा ने सिर्फ जांच और कार्रवाई की मांग नहीं की है, बल्कि नकद इनाम भी मांगा है। दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 11 नवंबर को घोषणा की थी कि मतदाता सूची में डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने वाले राजनीतिक दलों या व्यक्तियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी घोषणा का हवाला देते हुए श्यामलाल पाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने करीब एक लाख कथित डुप्लीकेट प्रविष्टियों की पहचान कर सबसे पहले संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी है। इसलिए पार्टी ने घोषित पुरस्कार की पूरी राशि देने की मांग की है।

विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ सकता है विवाद

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा राजनीतिक रूप से अहम हो गया है। सपा ने मांग की है डुप्लीकेट नामों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें हटाया जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकें।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story