नौकरी, पेंशन, मुफ्त बिजली और कर्जमाफी...अखिलेश यादव ने 2027 के लिए कर दिए ये बड़े ऐलान, जानें घोषणापत्र की 20 बड़ी बातें

UP Election 2027: अखिलेश यादव ने सपा का घोषणापत्र जारी कर दिया है। जानिए 25 लाख नौकरी, 5000 का बेरोजगारी भत्ता और किसान कर्जमाफी समेत क्या बड़े वादे किए गए हैं।

Sawan Gupta
Published on: 26 Nov 2026 6:14 PM IST (Updated on: 26 Nov 2026 6:17 PM IST)
SP Manifesto 2027
X

SP Manifesto 2027

SP Manifesto 2027: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र में अखिलेश यादव ने युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों हर किसी के लिए खास ऐलान किया है। इसमें युवाओं को रोजगार, किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं को आर्थिक सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं।

सपा ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है। वहीं, बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये देने की बात कही गई है। किसानों के लिए कर्जमाफी और 23 फसलों के साथ दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है।

आइए जानते हैं कि समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र की 20 बड़ी बातें क्या-क्या हैं?

सपा के घोषणापत्र की 20 बड़ी बातें

1.पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां

समाजवादी पार्टी ने पांच साल के भीतर 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा दूसरे क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही गई है।

2.बेरोजगार ग्रेजुएट को हर महीने ₹5,000

सपा ने बेरोजगार स्नातक युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये देने का वादा किया है। इसे पोषण भत्ता के रूप में दिया जाएगा।

3.भर्ती परीक्षाओं का तय होगा कैलेंडर

सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में देरी रोकने के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर बनाया जाएगा। एक चरण वाली भर्ती तीन महीने और दो या तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने का प्रस्ताव है।

4.पेपर लीक होने पर मंत्री और अधिकारी होंगे जिम्मेदार

सपा ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर सख्ती करने का वादा किया है। पेपर लीक की स्थिति में संबंधित मंत्री और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है।

5.किसानों की कर्जमाफी

किसानों को राहत देने के लिए सपा ने सरकार बनने पर तत्काल कृषि ऋण माफ करने का वादा किया है। इसके साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कई अन्य योजनाएं भी प्रस्तावित की गई हैं।

6.फसलों और दूध पर MSP की कानूनी गारंटी

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है।

7. आलू, टमाटर और प्याज के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति

अक्सर बाजार में कीमतें गिरने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसे देखते हुए सपा ने आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था लागू करने की बात कही है।

8.गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान

गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने का प्रस्ताव है। इसके जरिए गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई है। साथ ही हर साल गन्ने का मूल्य बढ़ाने का वादा भी किया गया है।

9.किसानों को मुफ्त बिजली

सपा ने किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वादा किया है। इसके अलावा ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है।

10.ग्रामीण विकास के लिए ₹1.5 लाख करोड़

ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का वादा किया गया है।

11. 26 हजार बंद प्राथमिक विद्यालय फिर खुलेंगे

शिक्षा व्यवस्था को लेकर सपा ने 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने का वादा किया है। पार्टी का कहना है कि इससे बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

12. 12वीं पास विद्यार्थियों को फिर मिलेंगे लैपटॉप

अखिलेश यादव ने अपनी पुरानी लैपटॉप वितरण योजना को फिर शुरू करने का वादा किया है। इसके तहत 12वीं पास छात्र-छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप देने की बात कही गई है। इसके अलावा स्कूलों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव है।

13.गरीब परिवारों को ₹10 लाख का स्वास्थ्य बीमा

स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सपा ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले (BPL) परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया है। गरीब और PDA वर्ग के लोगों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज देने की बात भी कही गई है।

14.मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और जिला अस्पतालों में ICU व वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं बढ़ाने का वादा किया गया है।

15. महिलाओं को सालाना ₹40 हजार की सहायता

सपा ने बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन के माध्यम से सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया है। इसके अलावा महिलाओं के लिए अलग से योजनाएं लाने की बात कही गई है। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के कल्याण के लिए भी योजनाएं प्रस्तावित हैं।

16. पांच रुपए में मिलेगी भरपेट थाली

गरीबों, महिलाओं और PDA समुदाय के लोगों के लिए प्रदेश में समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया गया है। इन कैंटीनों में केवल 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

17. बुजुर्ग कारीगरों को सालाना ₹40 हजार

सपा ने बुजुर्ग कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब बनाने की बात कही गई है।

18. जातिगत जनगणना और दलित विकास बोर्ड

सपा ने उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है। इसके अलावा दलित समुदाय के विकास के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास बोर्ड बनाने की बात कही गई है।

19. ₹50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में PDA को 50% आरक्षण

घोषणापत्र में सामाजिक न्याय के तहत 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में PDA समुदाय को 50 फीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा अनुसूचित जाति और जनजाति के विकास के लिए बजट का 20 फीसदी खर्च करने की बात कही गई है।

20. पुरानी पेंशन योजना की होगी बहाली

सरकारी कर्मचारियों को लेकर सपा ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने का वादा किया है। साथ ही सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने और कर्मचारियों की भर्ती व सेवा शर्तों को बेहतर बनाने की बात कही गई है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story