TRENDING TAGS :
UP News: बाहरवाली के चक्कर में घरवाली नाराज! यूपी चुनाव से पहले अपने वोट बैंक को क्यों खो रहे दल?
UP Assembly Election 2027: यूपी चुनाव से पहले भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक में नाराजगी क्यों है? जानिए सवर्ण, दलित, जाटव और मुस्लिम वोटों के बदलते सियासी समीकरण।
UP Assembly Election 2027 | UP Politics BJP Vote Bank | Samajwadi Party | BSP Politics | Newstrack
UP Assembly Election 2027: फिल्म स्टार अनिल कपूर की पुरानी फिल्म- " घर वाली बाहर वाली" भले ही कॉमेडी है लेकिन इसका एक संदेश प्रासंगिक है। पतियों को, समाज को और सियासी दलों को भी इस फिल्म के मर्म को समझते हुए इससे नसीहत लेनी होगी। अपनी दुनिया आप जितनी बड़ी कर लो पर घर के मान-सम्मान,संस्कार,परंपराओं और रिश्तों को निभाने में लापरवाही कर दी तो जीवन नरक बन जाता है, घर उजड़ जाता है।
यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और चुनावी संग्राम में उतरने जा रहे सभी बड़े दलों को अपने पारंपरिक वोटों के छिटकने का खतरा है।
राजनीतिक दलों का अपना-अपना घर कमजोर हो रहा है और एक दूसरे के घर में सेंधमारी की कोशिशें हो रही हैं।
सबसे पहले भाजपा की बात करते हैं- एक जमाने में इसे सवर्ण समाज की पार्टी कहा जाता था। भाजपा आपने जनाधार का विस्तार कर दलित और पिछड़ी जातियों का विश्वास जीतने में सफलता हासिल कर अपने विजय रथ की निरंतरता जारी रखी है। पिछड़े और दलित समाज के साथ भाजपा के बुरे वक्त के साथी सवर्ण समाज का तालमेल बनाने में भाजपा एक दशक तक सफल रही। किंतु अब यूजीसी और अन्य मामलों को लेकर थोड़ा बहुत सवर्ण समाज भाजपा से नाराज दिखने लगा है।
इधर सवर्ण का एक तबका भाजपा से नाराज होते देख सपा मुखिया अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव से पहले सवर्ण वर्ग खास तौर से ब्राह्मण समाज पर डोरे डालने के लिए सॉफ्ट हिन्दुत्व की राजनीति पर उतर आए हैं। नब्बे के दशक में राम मंदिर आंदोलन के विरोध की राजनीति में स्थापित सपा मुखिया राम मंदिर दर्शन करने जा रहे हैं।
इस बीच मौके का फायदा उठाकर ए आई एम आई एम प्रमुख असद्दुदीन ओवैसी आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद के साथ मुस्लिम -दलित कॉम्बीनेशन कर सपा के पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक को कतर सकते हैं।
कांग्रेस का आधार कभी जाति के राजनीति की मुखालिफत पर आधारित था। जात पर न पात पर, मोहर लगेगी हाथ पर, का नारा देने वाली कांग्रेस अब जाति आधरित राजनीति करने वाले दलों के साथ है। जाति जनगणना की विरोधी रही बदली हुई कांग्रेस जाति जनगणना की मांग में मुखर रही।
इसी तरह बसपा जिसका जन्म बहुजन/दलित आंदोलन से हुआ था, बहुमत की सरकार बनाने के लिए सर्वसमाज को साथ लेकर चलने पर मजबूर होना पड़ा। तिलक तराजू और तलवार इसको मारो...जैसे नारे से अंबेडकरवादी दलित समाज को एकजुट करने वाली बसपा ने 2007 में- हाथी नहीं गणेश है, ब्रह्मा विष्णु गणेश है.. जैसा नारा देकर ब्राह्मण समाज का विश्वास जीता। जिसका फायदा भी हुआ और पहली बार बसपा ने यूपी में बहुमत की सरकार बनाई।
हालांकि इस वैचारिक बदलाव के बाद बसपा का कोर वोटर दलित समाज आधे से ज्यादा खिसक गया।
आज स्थिति ये है कि बचाखुचा बसपा समाज के जाटव वोट बैक में सेंध लगाने के लिए चंद्रशेखर आजाद ने असद्दुदीन ओवैसी से गठबंधन करके बसपा के सामने संकट पैदा कर दिया है।
राजनीति के ऊबड़खाबड़ रास्ते बता रहे हैं कि आप अपनी बिल्डिंग का जितना भी विस्तार करें पर नीव की मजबूती का ध्यान जरूर रखें।
राजनीति दलों को शायद अब इस मुहावरे पर गौर करना होगा-
आधी छोड़ सारी को धावे, आधी मिले न सारी पावे" है।


