TRENDING TAGS :
UP PCS Officers Promotion: यूपी के ये 33 पीसीएस अफसर प्रमोट होकर बनेंगे IAS, 10 को दिल्ली में होगी DPC
UP PCS Officers Promotion: राज्य के कई वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति का सपना जल्द पूरा हो सकता है।
UP PCS Officers Promotion
UP PCS Officers Promotion: उत्तर प्रदेश के प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के कई वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति का सपना जल्द पूरा हो सकता है। इसके लिए 10 जून को नई दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में वर्ष 2010, 2011 और 2012 बैच के पीसीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। केंद्र सरकार ने चयन वर्ष 2025 के लिए उत्तर प्रदेश को आईएएस पदोन्नति कोटे के तहत 33 पद आवंटित किए हैं। इसके बाद नियुक्ति विभाग ने संभावित अधिकारियों के सेवा अभिलेख और वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियों (ACR) को एकत्र करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
2010-2011 बैच के अधिकारियों की उम्मीदें बढ़ीं
इस बार पदोन्नति के लिए निर्धारित पदों की संख्या अधिक होने के कारण वर्ष 2010 और 2011 बैच के अधिकांश पात्र अधिकारियों के आईएएस बनने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2010 बैच में कुल 8 अधिकारी और 2011 बैच में 21 अधिकारी हैं। दोनों बैचों को मिलाकर अधिकारियों की संख्या 29 होती है। चूंकि केंद्र सरकार ने 33 पद स्वीकृत किए हैं, इसलिए इन दोनों बैचों के बाद भी चार पद रिक्त रहने की संभावना है। ऐसे में वर्ष 2012 बैच के कुछ अधिकारियों को भी आईएएस पदोन्नति का अवसर मिल सकता है।
इन अधिकारियों के नामों पर होगा विचार
डीपीसी बैठक में वर्ष 2010 बैच के डॉ. विश्राम, अशोक कुमार कन्नौजिया, पुष्पराज सिंह, राजकुमार द्विवेदी, राकेश कुमार पटेल, आलोक कुमार, सुशीला और संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। वहीं वर्ष 2011 बैच से पूनम निगम, संतोष बहादुर सिंह, पंकज वर्मा, प्रदीप कुमार यादव, योगानंद पांडे, विजय कुमार सिंह, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, प्रियंका सिंह, रिंकी जायसवाल, विवेक श्रीवास्तव, वैभव मिश्रा, गरिमा स्वरूप समेत कुल 21 अधिकारियों के नाम डीपीसी के समक्ष रखे जाएंगे।
पदोन्नति प्रक्रिया पर टिकी निगाहें
आईएएस पदोन्नति को प्रशासनिक सेवा में सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जाता है। ऐसे में 10 जून को होने वाली डीपीसी बैठक पर प्रदेश के अधिकारियों और प्रशासनिक महकमे की खास नजर बनी हुई है। बैठक के बाद पदोन्नति सूची जारी होने की उम्मीद है, जिससे कई अधिकारियों के करियर में नया अध्याय शुरू होगा।


