Aaj Ka Mausam, 18 May 2026: यूपी में आज गर्मी बरपाएगी कहर, 23 मई तक भीषण लू का अलर्ट, जानें सबसे गर्म जिला कौन

Aaj Ka Mausam 18 May 2026: उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने 23 मई तक भीषण लू और तेज गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड समेत कई जिलों में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। जानिए किन जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा और प्रशासन ने क्या एडवाइजरी जारी की है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 18 May 2026 7:32 AM IST (Updated on: 18 May 2026 7:32 AM IST)
Aaj Ka Mausam, 18 May 2026
X

Image Source- Ai

Aaj Ka Mausam, 18 May 2026: उत्तर प्रदेश में गर्मी अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और भीषण लू ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। खासतौर पर बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के जिले इस समय सबसे ज्यादा गर्मी की मार झेल रहे हैं। मौसम विभाग ने 19 मई से 23 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्म हवाएं चलने और लू का असर बढ़ने की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में हालात और मुश्किल होने की आशंका जताई जा रही है।

बांदा बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर

यहां रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। इसके अलावा झांसी में 44.6 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 44.5 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस और उरई में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इन जगहों पर दोपहर के समय हालात इतने खराब रहे कि कई शहरों में सड़कें लगभग सूनी नजर आईं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ रही गर्मी ने आम लोगों की परेशानी काफी बढ़ा दी है।

33 जिलों में लू का अलर्ट जारी

जिसके बाद गर्मी की मार को देखते हुए मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 33 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में इन जिलों में गर्म हवाओं का असर और तेज हो सकता है। दोपहर के समय बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल भरा रहेगा।

चरम पर पहुंच सकती है गर्मी

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस बार मई के आखिरी सप्ताह में गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ेगा, जिससे लोगों को रात के समय भी राहत मिलने की उम्मीद कम है।

नोएडा और एनसीआर में भी बढ़ी परेशानी

वहीं इस भीषण गर्मी का असर केवल बुंदेलखंड या दक्षिणी यूपी तक सीमित नहीं है, बल्कि नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। यहां रविवार को नोएडा में अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

19 से 23 मई तक ऑरेंज अलर्ट

वहीं भारतीय मौसम विभाग ने 19 मई से 23 मई के बीच भीषण गर्मी और लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कई स्थानों पर भीषण लू चल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ गया है।

रात में भी नहीं मिलेगी राहत

वहीं मौसम विभाग के अनुसार, अब केवल दिन ही नहीं बल्कि रातें भी गर्म होने लगी हैं। इटावा और मेरठ जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। इसका मतलब है कि लोगों को रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों की दिनचर्या और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

वहीं भीषण गर्मी और लू को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अधिक पानी का सेवन करते रहें।

वहीं धूप में निकलते समय सिर को सूती कपड़े से ढकने, चश्मा और छाते का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, क्योंकि सबसे ज्यादा खतरा इन्हीं लोगों को माना जा रहा है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story