TRENDING TAGS :
Aaj Ka Mausam: आज घर से निकलना खतरे से खाली नहीं! यूपी में अगले 10 दिन भारी, बांदा में 48.2°C ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
Aaj Ka Mausam (21 may 2026): मौसम विभाग के अनुसार बांदा देश का सबसे गर्म शहर और दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है।
Aaj Ka Mausam
Aaj Ka Mausam (21 may 2026): उत्तर प्रदेश इस वक्त भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। आज 21 मई 2026 को प्रदेश के कई जिलों में तेजी से बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। बता दे, बुंदेलखंड क्षेत्र का बांदा जिला सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां बीते दिन तापमान करीब 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बांदा देश का सबसे गर्म शहर और दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है।
आज 39 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
प्रदेश में तेजी से बढ़ती जा रही गर्मी को गंभीरता से लेते हुए मौसम विभाग ने 39 जिलों में हीटवेव (heatwave) का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 53 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं सीधे उत्तर प्रदेश के सीधा मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसी कारण से मई के आखिरी हफ्ते में जून जैसी गर्मी महसूस हो रही है।
इन जिलों में दिखेगा भीषण गर्मी प्रभाव
जानकारी के मुताबिक लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, झांसी, कानपुर, वाराणसी और मेरठ सहित कई शहरों में आज सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं का भयंकर असर नजर आएगा। बुधवार सुबह बांदा का तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि प्रयागराज में 40 डिग्री और लखनऊ में 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 3-4 दिनों में प्रदेश के कई शहरों का तापमान 47 से 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लखनऊ में भी सब का हाल बेहाल
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री अधिक रहा। गर्मी का प्रभाव इतना बढ़ गया कि लोगों के मोबाइल फोन तक 'हीट अलर्ट' देने लगे। कई इलाकों में बिजली कटौती से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
मौसम को लेकर सरकार अलर्ट
भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पतालों को हीटवेव से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। वहीं कई जिलों में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां वक्त से पहले ही घोषित कर दी गई हैं। मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया और अंबेडकर नगर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कानपुर और आगरा में 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टियां लागू कर दी गई हैं।
अगले 10 दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि 29 मई के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में कुछ परिवर्तन आ सकता है। वहीं, मानसून के 18 जून के आसपास गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की पूरी संभावना बनी हुई है। फिलहाल लोगों को दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।


