Cockroach Janata Party से चुनाव लड़ेंगे मुख्तार के बेटे! अब्बास अंसारी के बयान से सियासत गर्म

Cockroach Janata Party News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज होने लगी है। मऊ सदर सीट से विधायक और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने “कॉकरोच जनता पार्टी” सिंबल पर चुनाव लड़ने का विचार रखने के बात कही है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 22 May 2026 10:42 AM IST
Cockroach Janata Party News
X

Ai Edited Image

Cockroach Janata Party News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज होने लगी है। खासकर पूर्वांचल की राजनीति में लगातार गतिविधियां बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचने के दौरान मऊ सदर सीट से विधायक और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर दिए गए एक बयान ने राजनीतिक गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज कर दी है।

CJP के सिंबल पर चुनाव लड़ने की बात

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी ने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया। जब उनसे साइकिल के सिंबल पर चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें “कॉकरोच जनता पार्टी” पसंद आ रही है और वह उसी के सिंबल पर चुनाव लड़ने के बारे में सोच रहे हैं।

अब्बास अंसारी ने कहा, “एक कॉकरोच पार्टी आई है। मैं सोच रहा हूं उसी से क्यों ना चुनाव लड़ा जाए। क्या सिंबल रहेगा। कॉकरोच है, सोच रहा हूं कि उसी से चुनाव लड़ जाऊं। कम से कम उसके मुद्दे मुझे बड़े पसंद आ रहे हैं। मेरे सभी जानने वाले लोग तो जॉइन कर लिए हैं। अगर यहां कोई कार्यालय खुला हो तो ले चलो जॉइन करा दो।” अब उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

लंबे समय बाद क्षेत्र में दिखे अब्बास अंसारी

इससे पहले 18 मई को अब्बास अंसारी लंबे समय बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में नजर आए। सबसे पहले वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपने अधिवक्ता दरोगा सिंह के साथ एसपी कमलेश बहादुर से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रति अधिकारियों को सौंपते हुए अपने आगमन और क्षेत्र भ्रमण की जानकारी प्रशासन को दी। पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद अब्बास अंसारी समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे।

नेताओं और कार्यकर्ताओं से की बातचीत

समाजवादी पार्टी कार्यालय में अब्बास अंसारी ने जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव समेत पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ करीब एक घंटे तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब वह अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहेंगे।

अब्बास अंसारी की अचानक बढ़ी सक्रियता को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकार इसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले चुनाव को देखते हुए अब्बास अंसारी अपनी राजनीतिक गतिविधियों को लगातार बढ़ा रहे हैं।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

अब्बास अंसारी ने जिस “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी सीजेपी का जिक्र किया, वह असल में कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है। यह सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक ऑनलाइन कैंपेन है, जिसने कम समय में युवाओं के बीच बड़ी पहचान बना ली है।

बताया जा रहा है कि इस अभियान की शुरुआत विदेश में रहने वाले भारतीय युवक अभिजीत दिपके ने की थी। बहुत कम समय में “कॉकरोच जनता पार्टी” के इंस्टाग्राम पर भाजपा और कांग्रेस से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए।

जस्टिस सूर्यकांत की टिप्पणी के बाद बढ़ा तनाव

सीजेपी की चर्चा उस समय तेज हुई जब जस्टिस सूर्यकांत ने युवाओं को लेकर एक टिप्पणी की थी। इसके बाद व्यंग्यात्मक तरीके से इस डिजिटल मूवमेंट की शुरुआत की गई। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में युवाओं ने इस अभियान को समर्थन देना शुरू कर दिया और सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता बढ़ती चली गई। वहीं अब अब्बास अंसारी के बयान के बाद “कॉकरोच जनता पार्टी” एक बार फिर चर्चा में आ गई है और राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर बहस तेज हो गई है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story