‘PM देश को बेच रहे हैं...’, अजय राय की प्रधानमंत्री पर फिर फिसली जुबान, कर दी विवादित टिप्पणी

Ajay Rai on PM Narendra Modi: अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद कोई बड़ा संस्थान नहीं बनाया, बल्कि पहले से स्थापित संस्थानों और परियोजनाओं के नाम बदलने का काम किया जा रहा है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 28 May 2026 2:21 PM IST
Ajay Rai on PM Narendra Modi
X

Ajay Rai on PM Narendra Modi

Ajay Rai on PM Narendra Modi: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी लखनऊ में इस अवसर पर आयोजित ‘कल, आज और कल’ नामक कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आजाद भारत की मजबूत नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। कार्यक्रम के दौरान अजय राय की एक बार फिर जुबान फिसल गयी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

केंद्र सरकार पर कसा तंज

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार देश की महत्वपूर्ण संस्थाओं को बेचने का काम कर रही है। अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद कोई बड़ा संस्थान नहीं बनाया, बल्कि पहले से स्थापित संस्थानों और परियोजनाओं के नाम बदलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सरदार पटेल स्टेडियम का नाम बदलकर प्रधानमंत्री के नाम पर रखा गया, जो गलत परंपरा को दर्शाता है। कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आजादी के बाद जब देश अंग्रेजों की गुलामी से बाहर निकला था, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शिक्षा, विज्ञान, उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में कई बड़े संस्थानों की स्थापना कर भारत को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया।

भारत ने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई: अजय राय

उन्होंने कहा कि नेहरू की दूरदर्शी सोच के कारण ही भारत ने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनके द्वारा स्थापित संस्थानों और मजबूत बुनियादी ढांचे की वजह से देश ने हर क्षेत्र में लगातार प्रगति की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे केंद्र सरकार से डरने के बजाय जनता की समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरें और संघर्ष करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंडित नेहरू के विचारों और सिद्धांतों पर चलकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार लड़ाई लड़ती रहेगी। इस कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर रमेश दीक्षित, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष सीपी राय, पूर्व विधायक बद्री विशाल तिवारी, श्याम किशोर शुक्ला और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को देश का महान, दूरदर्शी और विकासवादी नेता बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story