TRENDING TAGS :
क्या आकाश आनंद के लिए फिर खुलेंगे BSP के दरवाजे? माफी के बाद तीसरी बार वापसी की चर्चा
Akash Anand Return Buzz: आकाश आनंद ने मायावती से सार्वजनिक माफी मांगते हुए बसपा को अपना परिवार बताया है। इसके बाद विधानसभा चुनाव से पहले उनकी तीसरी बार पार्टी में वापसी की चर्चा तेज हो गई है।
Image Source- Social Media
Akash Anand Return Buzz: बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद की एक बार फिर पार्टी में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनाव (Assembly Election) से पहले आकाश आनंद की सशर्त वापसी की संभावना जताई जा रही है। उनके सार्वजनिक माफीनामे के बाद अब यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या उन्हें तीसरी बार बसपा में वापसी का मौका मिलेगा।
आकाश आनंद को पार्टी से निकाले जाने के लंबे समय बाद शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ से संबंधों, मायावती की पोस्ट को रीपोस्ट न कर पाने की वजह और दूसरी राजनीतिक पार्टी से कथित संपर्कों को लेकर सफाई दी। इसके बाद ही उनकी तीसरी बार पार्टी में वापसी की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हुई है।
रिश्ते अपनी जगह, मिशन सबसे बड़ा
आकाश आनंद ने अपने माफीनामे में यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि व्यक्तिगत रिश्ते अपनी जगह हैं, लेकिन पार्टी का मिशन उनसे बड़ा है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी और उसके मिशन की सेवा करने का मौका भी मांगा है।
उनके इस सार्वजनिक माफीनामे के बाद पार्टी समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच भी उनकी वापसी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि बसपा प्रमुख मायावती (Mayawati) आकाश आनंद के इस कदम को किस तरह देखती हैं।
सोशल मीडिया पर भी उठी वापसी की मांग
आकाश आनंद के माफी वाले पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए ‘काकरोच जनता पार्टी’ ने लिखा कि इस समय सभी राजनीतिक दलों को युवा नेताओं की जरूरत है। पोस्ट में कहा गया कि आकाश आनंद इसी उम्र के होने की वजह से जेन जी (Gen Z) को अपने लगते हैं।
पोस्ट में आगे मायावती से अपील करते हुए कहा गया कि अगर बहन जी इस बार आकाश आनंद को माफ करती हैं तो उन्हें पूरी ताकत के साथ रोजगार (Employment) का मुद्दा उठाना चाहिए।
वहीं, ‘बीएसपी4यू’ यूजर ने भी आकाश आनंद के माफी वाले पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए उन्हें माफ करने की अपील की। हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी प्रतिक्रियाएं एक जैसी नहीं रहीं। कुछ यूजर्स ने आकाश आनंद को भी नसीहत दी और कहा कि अगर उन्होंने यह काम पहले ही कर लिया होता तो आज यह स्थिति नहीं आती।
अब मायावती के फैसले पर टिकी नजर
आकाश आनंद को लेकर अंतिम फैसला बसपा सुप्रीमो मायावती को ही लेना है। जब मायावती ने 10 सितंबर को आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित किया था, तब उनका रुख काफी सख्त बताया गया था।
अब आकाश आनंद के सार्वजनिक माफीनामे के बाद उनके समर्थक उनकी वापसी की संभावना जता रहे हैं। इसके पीछे यह दलील भी दी जा रही है कि जब पहले दो बार माफी के बाद उन्हें पार्टी में वापसी का मौका मिला था तो इस बार भी मायावती उन्हें माफ कर सकती हैं।
हालांकि, फिलहाल यह सिर्फ संभावना और चर्चा है। आकाश आनंद के लिए बसपा में राजनीतिक वापसी का रास्ता खुलेगा या उनके लिए पार्टी के दरवाजे बंद रहेंगे, इसका फैसला मायावती को करना है और आने वाला वक्त ही इसकी तस्वीर साफ करेगा।
एक दिन पहले ही मांगी थी माफी
इससे एक दिन पहले ही आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर मायावती से माफी मांगी थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वह किसी अन्य राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं।
आकाश आनंद ने कहा था कि बहुजन समाज पार्टी उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि उनका परिवार है। उन्होंने मायावती को अपना राजनीतिक गुरु, प्रेरणा और ‘बुआ मां’ बताते हुए कहा कि राजनीति में उन्होंने जो कुछ सीखा और किया है, वह मायावती के मार्गदर्शन में ही किया है।
दूसरी पार्टी में जाने की अटकलों पर सफाई
आकाश आनंद ने अपने पोस्ट में अपने बारे में चल रही चर्चाओं और अफवाहों पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया (Social Media) में उनके बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं। आकाश आनंद ने कहा कि न आज और न कभी वह किसी दूसरी पार्टी में जाएंगे। उनके मुताबिक, बसपा उनके लिए केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि उनका परिवार है।
उन्होंने अपने माफीनामे के जरिए मायावती के प्रति सम्मान और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आकाश आनंद को एक बार फिर बसपा में अपनी राजनीतिक भूमिका निभाने का मौका मिलेगा या नहीं।


