अयोध्या में BSP का शक्ति प्रदर्शन कल, आकाश आनंद की रैली से चुनावी बिगुल; बबलू सिंह की दावेदारी पर नजर

अयोध्या में 20 नवंबर को आकाश आनंद की बसपा रैली होगी। बीकापुर में 50 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य, जितेंद्र सिंह बबलू की उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं तेज।

Alakha Singh
Published on: 19 Nov 2026 8:29 PM IST (Updated on: 19 Nov 2026 8:29 PM IST)
अयोध्या में BSP का शक्ति प्रदर्शन कल, आकाश आनंद की रैली से चुनावी बिगुल; बबलू सिंह की दावेदारी पर नजर
X

Ayodhya BSP Rally: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी बहुजन समाज पार्टी (BSP) अब रामनगरी अयोध्या में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। 20 नवंबर को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के पंडितपुर में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा प्रस्तावित है। इस रैली को अयोध्या में बसपा के चुनावी अभियान की शुरुआत और संगठन की ताकत परखने के अहम मौके के तौर पर देखा जा रहा है।

आकाश आनंद की इस जनसभा के जरिए बसपा न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश करेगी, बल्कि जिले में पार्टी के खोए जनाधार को दोबारा मजबूत करने का संदेश भी देगी। रैली की तैयारियों में स्थानीय नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। खासतौर पर बीकापुर विधानसभा सीट पर पार्टी की रणनीति और संभावित उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है।

2027 के लिए बसपा की रणनीति, दलित वोट बैंक से आगे सर्वसमाज पर नजर

बसपा की इस रैली को महज एक जनसभा नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की सक्रियता बढ़ाने के अभियान के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश अपने पारंपरिक दलित वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ मुस्लिम, ब्राह्मण और अन्य वर्गों के बीच भी राजनीतिक पैठ बढ़ाने की है।

आकाश आनंद की यूपी में लगातार प्रस्तावित जनसभाएं इसी रणनीति का हिस्सा हैं। अयोध्या के बाद आगरा और कानपुर में भी उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पार्टी नेतृत्व इन सभाओं के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, नए चेहरों को संगठन से जोड़ने और चुनाव से पहले संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन करने में जुटा है।

जितेंद्र सिंह बबलू की दावेदारी पर टिकी नजरें

बीकापुर विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह उर्फ बबलू की सक्रियता इस रैली को और अहम बना रही है। वह 2007 से 2012 तक इसी सीट से बसपा विधायक रह चुके हैं और अब एक बार फिर विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।

रैली में उनके नाम पर प्रत्याशी के रूप में मुहर लगने की चर्चा है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। बबलू सिंह अपने पुराने राजनीतिक अनुभव, क्षेत्र में संपर्क और विकास कार्यों के दावों के जरिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस जनसभा को उनके लिए अपनी ताकत दिखाने और पार्टी नेतृत्व के सामने राजनीतिक प्रभाव साबित करने के मौके के तौर पर भी देखा जा रहा है।

50 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य, 100 बसों की व्यवस्था

रैली को सफल बनाने के लिए बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ और सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। संगठन की ओर से करीब 50 हजार लोगों को जनसभा में जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगभग 100 बसों की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है।

बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 43 सेक्टर और 436 बूथ हैं। पार्टी की कोशिश प्रत्येक बूथ से अधिक से अधिक समर्थकों को जनसभा तक पहुंचाने की है। इसके अलावा अयोध्या जिले की अन्य विधानसभा सीटों और आसपास के जिलों से भी बसपा समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।

आकाश आनंद की रैली से क्या संदेश देना चाहती है बसपा?

अयोध्या में आकाश आनंद की जनसभा ऐसे समय हो रही है, जब यूपी की राजनीति में 2027 के चुनाव को लेकर सभी प्रमुख दलों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। बसपा इस रैली के जरिए यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि वह चुनावी मुकाबले में कमजोर पड़ने के बजाय नए सिरे से संगठन खड़ा कर रही है।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन के बजाय जनता के साथ गठबंधन की रणनीति पर आगे बढ़ेगी। जनसभा में नए लोगों के पार्टी से जुड़ने और बीकापुर समेत अयोध्या की विधानसभा सीटों को लेकर चुनावी संकेत मिलने की भी संभावना है।

अब सबकी निगाहें आकाश आनंद के संबोधन पर टिकी हैं। वह अयोध्या की इस रैली में 2027 के चुनाव को लेकर क्या संदेश देते हैं, बीकापुर से किस चेहरे पर दांव लगाने का संकेत देते हैं और बसपा के चुनावी अभियान की दिशा क्या तय करते हैं, यह जनसभा के बाद साफ हो सकता है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story