TRENDING TAGS :
जनेश्वर मिश्र का मिशन किसी परमिशन का मोहताज नहीं, PDA को जितना दबाओगे उतना मजबूत होगा: अखिलेश यादव
Akhilesh Yadav: जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा और PDA की ताकत लगातार मजबूत हो रही है।
Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी गई, जिसके कारण आयोजन पार्टी कार्यालय में करना पड़ा। हालांकि उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र का मिशन किसी भी परमिशन का मोहताज नहीं है और उनके विचार हमेशा आगे बढ़ते रहेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने समाजवादी आंदोलन को नई दिशा दी और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर बनाया गया पार्क उनकी विरासत का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियां उन्हें हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि जब इस पार्क का उद्घाटन हुआ था, तब भी उन्होंने कहा था कि यह देश के सबसे बड़े पार्कों में शामिल होकर जनेश्वर मिश्र के योगदान को अमर करेगा।
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने PDA को लेकर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार PDA की नई-नई परिभाषाएं गढ़ रहे हैं, लेकिन वे यह भूल रहे हैं कि इसमें सभी समाजों की भागीदारी है। उन्होंने कहा कि जितनी ज्यादा प्रताड़ना और पीड़ा दी जाएगी, PDA उतना ही मजबूत होकर सामने आएगा।
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई मौकों पर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय किया है। उन्होंने एक वाहन पलटने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि समय आने पर सच्चाई सामने आएगी और नई तकनीक से भी कई तथ्यों का खुलासा होगा।
अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर, बस्ती और संत कबीर नगर की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में न्याय मांगने वालों के साथ भी अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले समाजवादी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया और अब ब्राह्मण समाज भी सरकार की नीतियों से खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। कार्यक्रम में जनेश्वर मिश्र के परिजनों, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने जनेश्वर मिश्र के विचारों को आगे बढ़ाने और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।


