अखिलेश यादव के बयान से बढ़ी सियासी हलचल, अयोध्या जाने के सवाल पर मथुरा-वृंदावन का भी किया जिक्र

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संभावित अयोध्या दौरे को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भगवान सबके हैं। वहीं उन्होंने मथुरा-वृंदावन का भी जिक्र किया है।

Sawan Gupta
Published on: 11 Nov 2026 4:53 PM IST
Akhilesh Yadav News
X

Image Source – Social Media

Akhilesh Yadav News: उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को अयोध्या दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भगवान सबके हैं। वह सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि इटावा के केदारेश्वर और मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे। अखिलेश के इस बयान को यूपी चुनाव से पहले एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

'भगवान सबके हैं, अलग-अलग हैं रास्ते'

लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव से उनके अयोध्या दौरे को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, "भगवान सबके हैं। अलग-अलग धर्मों में अलग-अलग रीति-रिवाज होते हैं। भगवान तक पहुंचने और उन्हें याद करने के अलग-अलग रास्ते होते हैं। तो हम क्यों न जाएं? हम केदारेश्वर के साथ-साथ मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे।"उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले भी इन धार्मिक स्थलों पर जाते रहे हैं और आगे भी दर्शन करने जाएंगे।

PDA का बताया नया मतलब, बोले- पहले दर्शन फिर आशीर्वाद

अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक नारे PDA को लेकर भी दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने PDA का एक नया मतलब बताते हुए कहा कि इसका अर्थ 'पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद' भी है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी को इससे इतनी परेशानी क्यों हो रही है? उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं और धार्मिक स्थलों पर नेताओं की आवाजाही को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है।

शिवपाल और रामगोपाल यादव का भी किया जिक्र

सपा प्रमुख ने इस दौरान अपने परिवार के वरिष्ठ नेताओं शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "हमारे तो परिवार में ही पहले शिवपाल और रामगोपाल हैं। हमें उनका आशीर्वाद हमेशा से मिलता रहा है।" अखिलेश के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

12 दिसंबर को अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की चर्चा

दरअसल, सपा नेता पवन पांडेय ने इससे पहले जानकारी दी थी कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकते हैं। इस दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई थीं। बुधवार को मीडिया के सवाल पर अखिलेश ने केदारेश्वर और मथुरा-वृंदावन जाने की भी बात जरूर कही। ऐसे में उनके अयोध्या दौरे को लेकर सियासी उत्सुकता बनी हुई है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story