TRENDING TAGS :
Lucknow News: अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले- महंगाई-बेरोजगारी से सरकार को मतलब नहीं
Lucknow News: अखिलेश यादव ने लखनऊ में शिक्षक अभ्यर्थियों से संवाद के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और विकास कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
Lucknow News (Image Credit-Social Media)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को लोहिया पार्क में आयोजित ‘संकल्प शिक्षक अभ्यर्थी संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने शिक्षकों, रोजगार, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने लोहिया पार्क का जिक्र करते हुए कहा कि बहुत से लोगों को शायद पता नहीं होगा कि इससे पहले वह यहां फेमस म्यूजिकल ग्रुप के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। उन्होंने पार्क के निर्माण का किस्सा बताते हुए कहा कि उस समय पार्क में लगे पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें बचाते हुए रास्तों और विकास का काम किया गया था।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा के लोगों को ऑक्सीजन की जरूरत होती है तो इसी शहर के पार्कों में आते हैं। तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि इनका पार्क इनके जैसा है, थोड़ा सा पानी क्या बरसा, पार्क में बाढ़ आ गई।
आगरा एक्सप्रेसवे को बताया बेहतर डिजाइन का उदाहरण
अखिलेश यादव ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि देश में अगर बेहतर डिजाइन और तकनीकी दृष्टि से कोई एक्सप्रेसवे है तो वह आगरा एक्सप्रेसवे है। उन्होंने दावा किया कि एक्सप्रेसवे की डिजाइन और निर्माण के तरीके को एनएचएआई ने भी स्वीकार किया था।
रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की नीयत और इरादा खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी छवि चमकाने के लिए जनता से टैक्स ले रही है। पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई जगह पुलिस की जगह होमगार्ड लगाए जा रहे हैं क्योंकि वे सस्ते पड़ते हैं।
उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने ‘पकौड़ा रोजगार’ वाले बयान का हवाला देते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री जब कह रहे थे कि पकौड़े बेचने वाला रोजगार है, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने रिक्शा चलाने के लिए कहा। ये आज की सरकार है।
2017 के बाद कितनी इंडस्ट्री और यूनिवर्सिटी लगीं?
सपा अध्यक्ष ने सरकार से सवाल किया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कितनी नई इंडस्ट्री लगाई गईं और कितनी यूनिवर्सिटी खोली गईं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के सवाल आज भी खड़े हैं। अखिलेश ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों से कोई मतलब नहीं है और आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष को लगता है कि हमारे हाथ में ज्ञानेश है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भी सवाल उठाए। कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने शिक्षक अभ्यर्थियों के मुद्दों पर संवाद किया और कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के उन सवालों को उठाती रहेगी, जिनकी ओर सत्ता में बैठे लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं।


