TRENDING TAGS :
योगी के गढ़ में अखिलेश का ब्राह्मण कार्ड! तिवारी के हाता जाकर क्या संदेश देना चाहते हैं सपा प्रमुख?
Akhilesh Yadav Gorakhpur Visit: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर से पूर्वांचल में चुनावी शंखनाद करेंगे। 20 किलोमीटर के रोडशो के बाद चौरीचौरा में जनसभा और तिवारी के हाता पहुंचकर पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी व पूर्व सांसद कुशल तिवारी से मुलाकात करेंगे। जानिए उनके दौरे का पूरा सियासी प्लान।
Image Source- Social Media
Akhilesh Yadav Gorakhpur Visit: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर से पूर्वांचल में चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं। इसके लिए सपा प्रमुख ने मेगा शो की तैयारी की है। चौरीचौरा में जनसभा करने के साथ ही वह करीब 20 किलोमीटर लंबा रोडशो भी करेंगे।
इस दौरान अखिलेश यादव समाजवादी पीडीए रथ (PDA Rath) पर सवार रहेंगे। उनके इस दौरे का सबसे खास हिस्सा तिवारी के हाता जाना माना जा रहा है। यूपी के पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के घर को गोरखपुर में तिवारी के हाता के नाम से जाना जाता है। कई दशकों तक यह जगह उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक प्रमुख केंद्र रही है।
योगी के गढ़ से अखिलेश का चुनावी संदेश
अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा सिर्फ जनसभा और रोडशो तक सीमित नहीं है। इसके जरिए सपा अध्यक्ष पूर्वांचल की राजनीति में अपनी सक्रियता का संदेश देने की कोशिश करेंगे। चौरीचौरा में जनसभा के साथ करीब 20 किलोमीटर का रोडशो रखा गया है। इसके लिए समाजवादी पीडीए रथ पहले से तैयार है।
अखिलेश यादव के इस कार्यक्रम में तिवारी के हाता जाने का फैसला भी खास सियासी मायने रखता है। हरिशंकर तिवारी कई सरकारों में मंत्री रहे थे। पूर्वांचल से लेकर अवध तक की राजनीति में उनके परिवार का प्रभाव माना जाता रहा है। तिवारी का हाता लंबे समय तक ब्राह्मण राजनीति और सत्ता के एक समानांतर केंद्र के रूप में पहचाना जाता रहा है।
'हाता नहीं भाता' के जरिए योगी पर निशाना
अखिलेश यादव अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए 'हाता नहीं भाता' का जिक्र कर चुके हैं। इसके जरिए वह यह संदेश देने की कोशिश करते रहे हैं कि मुख्यमंत्री योगी को हरिशंकर तिवारी और उनके परिवार का राजनीतिक वजूद और प्रभाव पसंद नहीं है।
दरअसल, 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के कुछ समय बाद ही पुलिस ने हरिशंकर तिवारी के हाता पर छापेमारी की थी। इसके बाद उनके बेटों पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी और पूर्व सांसद कुशल तिवारी के खिलाफ जांच एजेंसियों और प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई थी। सपा और तिवारी परिवार ने इन कार्रवाइयों को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया था।
बाद में हरिशंकर तिवारी का पूरा परिवार समाजवादी पार्टी में शामिल हो गया। अब अखिलेश यादव का तिवारी के हाता पहुंचना पूर्वांचल के ब्राह्मण समाज को राजनीतिक संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। सपा इस दौरे के जरिए यह बताना चाहती है कि तिवारी परिवार के साथ हुए कथित अपमान के मुद्दे पर वह उनके साथ खड़ी है।
एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक 20 किलोमीटर का रोडशो
अखिलेश यादव बुधवार सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह समाजवादी पीडीए रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक करीब 20 किलोमीटर का सफर तय करने में लगभग दो घंटे का समय लगेगा।
इस दौरान समाजवादी रथ गोरखपुर सदर, ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगा। रास्ते में हर 200 मीटर की दूरी पर सपा कार्यकर्ता अखिलेश यादव का स्वागत करेंगे। रोडशो के दौरान अखिलेश कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।
चौरीचौरा में जनसभा को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव तिवारी के हाता पहुंचेंगे। यहां वह पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, पूर्व सांसद कुशल तिवारी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात करेंगे। बताया गया है कि अखिलेश यादव तिवारी के हाता में करीब आधा घंटा रुकेंगे।
शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
चौरीचौरा दौरे के दौरान अखिलेश यादव देवकहिया गांव में अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके साथ ही वह विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इस कार्यक्रम के आयोजक अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू सिंह हैं। वह विनय कुमार सिंह के छोटे भाई हैं। प्रतिमा अनावरण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम को भी अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
अखिलेश के दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
सपा अध्यक्ष के गोरखपुर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिले की अलग-अलग विधानसभा सीटों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी है। पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव ने बताया कि समाजवादी रथ मंगलवार को ही गोरखपुर महानगर पहुंच गया था।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में सपा के वरिष्ठ नेता जफर अमीन डक्कू, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, चंद्रबली यादव, मुन्नीलाल यादव, धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, रामनाथ यादव, मारकंडेय यादव, श्याम मिलन यादव, दयानंद विद्रोही, बबलू अंसारी, अविनाश तिवारी, लालमोहन यादव और शत्रुजीत तिवारी शामिल हुए।
वहीं, सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के सपा के वरिष्ठ नेता विश्वजीत त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया जा रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव का यह दौरा जनसभा, रोडशो और तिवारी परिवार से मुलाकात के जरिए पूर्वांचल की राजनीति में सपा की सक्रियता दिखाने वाला कार्यक्रम होगा।


