TRENDING TAGS :
महिला आरक्षण की आड़ में BJP का बड़ा खेल? परिसीमन बिल पर अखिलेश यादव ने खोला मोर्चा
अखिलेश यादव ने परिसीमन बिल को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। महिला आरक्षण, PDA महिलाओं के अधिकार, 850 लोकसभा सीटों और 2029 चुनाव को लेकर क्या बोले सपा प्रमुख?
Delimitation Bill: महिला आरक्षण के मुद्दे पर बीजेपी को घेरने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अब परिसीमन बिल के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है, लेकिन इसकी आड़ में लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलने और राजनीतिक समीकरण अपने पक्ष में करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेगी। अखिलेश ने विपक्षी दलों से भी परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की है। उनका आरोप है कि बीजेपी महिला आरक्षण को ढाल बनाकर ऐसा राजनीतिक ढांचा तैयार करना चाहती है, जिससे सत्ता में उसकी पकड़ लंबे समय तक बनी रहे। अखिलेश यादव ने आज तक से बातचीत में कहा कि महिला आरक्षण कानून पहले ही संसद से पारित हो चुका है। सरकार को इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए, लेकिन इसके बजाय परिसीमन का मुद्दा आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा सीटों की सीमाएं बदलने की क्या जरूरत है? सपा प्रमुख के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के पक्ष में है, लेकिन आरक्षण का लाभ PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं तक भी पहुंचना चाहिए। उन्होंने बीजेपी पर महिला आरक्षण के नाम पर राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि सभी दलों को परिसीमन बिल के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।
'देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं कर पा रहे, लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं'
परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय सुरक्षा का सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि जो सरकार देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही है, वह लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने चीन के साथ सीमा विवाद का जिक्र करते हुए बीजेपी से सवाल किया कि 2014 और 2026 के बीच देश की सीमाओं को लेकर क्या स्थिति रही है?
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी ऐसा लोकसभा चुनावी ढांचा चाहती है, जिससे उसे सत्ता से हटाना मुश्किल हो जाए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और असम में परिसीमन के उदाहरणों का हवाला देते हुए आशंका जताई कि इसी तरह का राजनीतिक बदलाव देशभर में करने की कोशिश की जा सकती है।
'यूपी में हार का डर, इसलिए परिसीमन का मुद्दा उठा रही BJP'
अखिलेश यादव ने परिसीमन की बहस को उत्तर प्रदेश की राजनीति से भी जोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है, इसलिए परिसीमन के जरिए नया राजनीतिक नैरेटिव तैयार किया जा रहा है। उनके मुताबिक, बीजेपी जनता के असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि वह 2011 की जनगणना के आधार पर सीटें बढ़ाने के लिए दूसरे राज्यों से समर्थन मांग रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि जनता खुद बीजेपी और मुख्यमंत्री के साथ है या नहीं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के पास अब कोई नया नैरेटिव नहीं बचा है।


