2027 से पहले अखिलेश का बड़ा सियासी दांव! सपा के मेनिफेस्टो में खुलने वाला है सौगातों का पिटारा?

SP Manifesto 2027: यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव का फोकस कर्मचारी, युवा और शिक्षकों पर है। सपा के प्रस्तावित घोषणापत्र में पुरानी पेंशन की बहाली, पक्की नौकरी, आउटसोर्सिंग खत्म करने और रिटायरमेंट की उम्र 65 साल करने जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं। जानिए पूरी तैयारी।

Shalni Kumari
Published on: 25 Nov 2026 3:24 PM IST
SP Manifesto 2027
X

Akhilesh Yadav

SP Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी कर्मचारियों, युवाओं, शिक्षकों और छात्रों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी कल अपना चुनावी मेनिफेस्टो जारी करने जा रही है। इसमें सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने, संविदा कर्मियों को नियमित करने और सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने जैसे अहम मुद्दे शामिल किए जा सकते हैं। इसके अलावा आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कामों से मुक्त रखने जैसे प्रस्तावों के जरिए सपा अलग-अलग वर्गों को अपने चुनावी एजेंडे से जोड़ने की कोशिश कर सकती है।

प्रस्तावित मेनिफेस्टो में सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाकर 60 से 65 साल करने का मुद्दा भी उठाया जा सकता है। इसके लिए जरूरी संवैधानिक संशोधन किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, इन सभी मुद्दों को पार्टी के प्रस्तावित चुनावी एजेंडे के तौर पर देखा जा रहा है। मेनिफेस्टो जारी होने के बाद ही इनके अंतिम स्वरूप की तस्वीर साफ होगी।

पुरानी पेंशन योजना की बहाली पर रहेगा जोर

समाजवादी पार्टी के चुनावी एजेंडे में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली प्रमुख मुद्दा हो सकती है। पार्टी सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था दोबारा लागू करने की मांग को अपने मेनिफेस्टो में जगह देने की तैयारी में है। यह मांग लंबे समय से कर्मचारी संगठनों की ओर से उठाई जाती रही है। ऐसे में सपा इस मुद्दे के जरिए सरकारी कर्मचारियों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।

आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने और कर्मचारियों को नियमित करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित चुनावी एजेंडे में आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त करने की बात भी शामिल है। सपा का तर्क है कि इस व्यवस्था के जरिए युवाओं का शोषण हो रहा है। पार्टी पहले से आउटसोर्सिंग के तहत विभिन्न विभागों में काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने का मुद्दा भी उठा सकती है।

इसके साथ ही संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को स्थायी करने का प्रस्ताव भी मेनिफेस्टो का हिस्सा हो सकता है। इस तरह पार्टी का जोर अस्थायी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को राहत देने पर दिखाई दे रहा है।

खाली सरकारी पद भरने का वादा

सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरना भी सपा के प्रस्तावित एजेंडे में शामिल है। पार्टी सरकारी नौकरियों में रिक्त पदों को भरने की बात उठा सकती है। इस मुद्दे के जरिए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया जा सकता है। चुनावी नजरिए से यह मुद्दा इसलिए भी अहम है, क्योंकि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच रिक्त पदों पर भर्ती एक बड़ा सवाल बना रहता है।

कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 65 साल करने की तैयारी

सपा के प्रस्तावित मेनिफेस्टो में कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने का मुद्दा भी चर्चा में है। इसके तहत रिटायरमेंट की मौजूदा उम्र 60 साल से बढ़ाकर 65 साल करने की बात कही गई है। इस बदलाव के लिए जरूरी संवैधानिक संशोधन किए जाने का प्रस्ताव भी सामने आया है। यदि इसे मेनिफेस्टो में शामिल किया जाता है तो कर्मचारियों से जुड़ा यह एक अहम चुनावी वादा हो सकता है।

शिक्षकों को सिर्फ पढ़ाने की जिम्मेदारी देने की बात

शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर भी सपा का फोकस रहने की संभावना है। प्रस्तावित एजेंडे में कहा गया है कि शिक्षकों को शिक्षण कार्य के अलावा दूसरे कामों में नहीं लगाया जाना चाहिए। उनकी जिम्मेदारी केवल पढ़ाने तक सीमित रखने की बात कही गई है। इसके जरिए पार्टी शिक्षकों की लंबे समय से उठती रही इस मांग को अपने चुनावी मुद्दे के रूप में सामने रख सकती है।

शिक्षक और छात्र संगठनों के चुनाव कराने का प्रस्ताव

सपा के चुनावी एजेंडे में शिक्षक संगठनों, छात्र संगठनों और गैर-शिक्षण कर्मचारी संगठनों के चुनाव कराने का मुद्दा भी शामिल हो सकता है। पार्टी इन संगठनों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव कराने की मांग उठा सकती है। इस प्रस्ताव के जरिए शिक्षण संस्थानों और उनसे जुड़े संगठनों में प्रतिनिधित्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की बात सामने रखी जा सकती है।

कुल मिलाकर, समाजवादी पार्टी का प्रस्तावित चुनावी मेनिफेस्टो सरकारी कर्मचारियों, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों, युवाओं, शिक्षकों और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित नजर आ रहा है। अब सबकी नजर कल जारी होने वाले मेनिफेस्टो पर है, जिसमें यह साफ होगा कि पार्टी इन प्रस्तावों को किस रूप में अपने चुनावी वादों में शामिल करती है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story