UP में वापसी के लिए Akhilesh Yadav का ‘टिकट मास्टर प्लान’ तैयार! 403 सीटों पर सर्वे, रिपोर्ट खराब तो नेताओं का भी कटेगा पत्ता

UP Election 2027: सपा प्रमुख अखिलेश यादव की रणनीति इस बार स्पष्ट रूप से जिताऊ उम्मीदवारों पर फोकस करने की है।

Priya Singh Bisen
Published on: 12 Aug 2026 3:00 PM IST
UP Election 2027
X

UP Election 2027

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने अपनी तैयारियों को और मजबूत कर लिया है। सत्ता में फिर से वापसी के लिए पार्टी अब केवल बड़े राजनीतिक दावों और गठबंधन के समीकरणों पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि हर विधानसभा सीट पर बेहद गंभीरता से होमवर्क किया जा रहा है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की रणनीति इस बार स्पष्ट रूप से जिताऊ उम्मीदवारों पर फोकस करने की है।

पार्टी की तरफ से प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों (403 Assembly Seats) पर जातीय समीकरण, संगठन के फीडबैक और अलग-अलग सर्वे के आधार पर संभावित उम्मीदवारों का आकलन किया जा रहा है। अखिलेश यादव कई बार यह बात दोहरा चुके हैं कि टिकट वितरण और गठबंधन में सीटों का बंटवारा सिर्फ दावे या भागीदारी के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता यानी ‘जिताऊ’ उम्मीदवार के आधार पर किया जाएगा।

403 सीटों पर चल रहा अंदरूनी सर्वे

सपा के लिए इस बार टिकट वितरण की प्रक्रिया बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पार्टी की तरफ से 403 विधानसभा सीटों पर एक आंतरिक सर्वे (Internal Survey) कराया जा रहा है। यह सर्वे दो एजेंसियों और एक पार्टी संगठन के ज़रिए से किया जा रहा है। यानी एक विधानसभा सीट को लेकर 3 अलग-अलग स्तरों से जानकारी इकठ्ठा की जा रही है।

इस सर्वे में यह भी पता लगाने का पूरा प्रयास किया जा है कि किसी विधानसभा क्षेत्र में कौन सा संभावित उम्मीदवार चुनाव जीतने की स्थिति में है। इसके साथ ही उम्मीदवार की स्थानीय पकड़, लोकप्रियता, सामाजिक समीकरण और संगठन में उसकी स्थिति को भी देखा जा रहा है। टिकट वितरण के लिहाज से इन सर्वे रिपोर्ट को बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बूथ स्तर तक हो रही माइक्रो मैपिंग

सपा का मानना है कि विधानसभा चुनाव (Assembly Election) का गणित लोकसभा चुनाव से बेहद अलग होता है। विधानसभा चुनाव में स्थानीय नेतृत्व, उम्मीदवार की व्यक्तिगत पकड़ और क्षेत्रीय सामाजिक समीकरण अधिक प्रभावी भूमिका निभाते हैं। इसी कारण से पार्टी एक-एक विधानसभा क्षेत्र की माइक्रो मैपिंग (Micro Mapping) कर रही है।

इसके अंतर्गत पिछले विधानसभा चुनाव के परिणामों, हार-जीत के अंतर, लोकसभा चुनाव में मिले वोट, सामाजिक समीकरण और संभावित जिताऊ चेहरों का अलग-अलग अध्ययन कराया जा रहा है। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक पहुंचने पर भी है। 403 विधानसभा सीटों के प्रत्येक बूथ पर किस जाति के कितने वोट हैं और कौन सा उम्मीदवार उस क्षेत्र में मुकाबला जीतने की स्थिति में हो सकता है, इसका आकलन किया जा रहा है।

पार्टी के अनुसार, सुरक्षित मानी जाने वाली सीटों समेत आधी से अधिक सीटों पर यह होमवर्क लगभग पूरा हो चुका है। जिन सीटों पर सर्वे और फीडबैक की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, वहां संभावित उम्मीदवारों को धीरे-धीरे चुनावी तैयारी के लिए क्षेत्र में सक्रिय होने की हरी झंडी भी दी जा रही है।

जातीय समीकरण पर विशेष निगाह

टिकट तय करने की प्रक्रिया में जातीय समीकरण (Caste Equation) को भी काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी हर विधानसभा सीट से जुड़े उपलब्ध जातीय आंकड़ों की दोबारा समीक्षा कर रही है। इसका उदेश्य उम्मीदवार के चयन में किसी तरह की गलती की गुंजाइश को कम करना है।

संगठनात्मक स्तर पर सपा के युवा मोर्चा (Youth Organization) को भी आंकड़े इकठ्ठा करने की जिम्मेदारी दी गई है। युवा संगठन अपने स्तर पर भी अलग जानकारी जुटा रहा है। पार्टी यह समझने का प्रयास कर रही है कि किसी सीट पर कौन सा सामाजिक समीकरण किस उम्मीदवार के पक्ष में जा सकता है और किस चेहरे की जनता के बीच वास्तविक पकड़ है।

अखिलेश यादव खुद ले रहे फीडबैक

सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद अखिलेश यादव खुद भी उसका फीडबैक (Election Feedback) ले रहे हैं। वह जिले स्तर के नेताओं के साथ निरंतर बैठकें कर रहे हैं और संभावित उम्मीदवारों को लेकर स्थानीय नेताओं से जानकारी हासिल कर रहे हैं।

अखिलेश यादव संभावित उम्मीदवारों की मजबूती और कमजोरी दोनों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उम्मीदवार की लोकप्रियता कैसी है, जनता के बीच उसकी पकड़ कितनी है और चुनाव के दौरान वह पार्टी के लिए कितना मजबूत चेहरा साबित हो सकता है, इन सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।

सर्वे रिपोर्ट और स्थानीय नेताओं से मिले फीडबैक का आपस में मिलान करने के बाद टिकट को अंतिम रूप देने की रणनीति बनाई जा रही है।

साल 2022 की गलती दोहराना नहीं चाहती सपा

समाजवादी पार्टी के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) इसलिए भी बहुत अहम है, क्योंकि पार्टी 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर है। वह निरंतर दो विधानसभा चुनाव हार चुकी है। ऐसे में अखिलेश यादव इस बार उम्मीदवारों के चयन में किसी तरह की बड़ी गलती नहीं करना चाहते।

2024 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) में सपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद पार्टी को विधानसभा चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं, पार्टी के अंदर यह आकलन भी किया गया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण से जुड़ी कुछ गलतियों का प्रभाव चुनावी परिणामों पर पड़ा था। इसी अनुभव को खासतौर से ध्यान में रखते हुए 2027 के लिए सर्वे और फीडबैक को टिकट वितरण का आधार बनाया जा रहा है।

लोकप्रियता होगी टिकट की सबसे बड़ी कसौटी

अखिलेश यादव की मौजूदा रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा उम्मीदवार की जनता के बीच लोकप्रियता (Candidate Popularity) है। बताया जा रहा है कि इस बार सपा में टिकट पाने की पहली और सबसे बड़ी शर्त यही होगी कि उम्मीदवार जनता के बीच कितना मजबूत है।

किसी नेता का बड़ा राजनीतिक रसूख होना अपने आप में टिकट की गारंटी नहीं माना जाएगा। यदि किसी संभावित उम्मीदवार की सर्वे रिपोर्ट निगेटिव आती है और जिला स्तर पर स्थानीय नेताओं का फीडबैक भी कमजोर रहता है, तो उसका टिकट कट सकता है।

यानी कि अखिलेश यादव की कसौटी पर जो उम्मीदवार खरा उतरेगा, उसी को चुनावी मैदान में उतरने का अवसर मिलने की संभावना है। पार्टी अब उम्मीदवार की व्यक्तिगत रूप से लोकप्रियता, सामाजिक समीकरण, संगठनात्मक पकड़ और चुनाव जीतने की क्षमता को एक साथ देखकर निर्णय लेने की तैयारी में है।

2027 के लिए जिताऊ चेहरे पर दांव

समाजवादी पार्टी की पूरी रणनीति से स्पष्ट है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट वितरण को लेकर जोखिम कम करना चाहती है। 403 सीटों पर किए जा रहे सर्वे, बूथ स्तर के आंकड़े, जातीय समीकरण, संगठन की रिपोर्ट और स्थानीय नेताओं के फीडबैक को मिलाकर उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है।

अखिलेश यादव का मुख्य फोकस चुनाव जीतना है। जिन सीटों पर सर्वे और फीडबैक की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है, वहां संभावित उम्मीदवारों को क्षेत्र में तैयारी शुरू करने का संकेत दिया जा रहा है। ऐसे में आगामी वक़्त में सपा की तरफ से कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम धीरे-धीरे सामने आ सकते हैं।

कुल मिलाकर, समाजवादी पार्टी 2027 में सत्ता में दोबारा वापसी के लिए इस बार टिकट वितरण को सबसे अधिक गंभीरता से ले रही है। पार्टी का फॉर्मूला बेहद स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि नाम और रसूख से अधिक महत्व जनता के बीच पकड़ और चुनाव जीतने की क्षमता को दिया जाएगा। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव का यह ‘जिताऊ उम्मीदवार’ वाला फॉर्मूला 2027 के चुनाव में सपा के लिए कितना प्रभावशाली साबित होता है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story