TRENDING TAGS :
योगी कुछ और बता रहे, आयोग कुछ और… अखिलेश का तंज- आखिर सच बोल कौन रहा है?
Akhilesh Yadav statement: अखिलेश यादव ने यूपी की मतदाता सूची को लेकर मुख्यमंत्री योगी और चुनाव आयोग के आंकड़ों पर सवाल उठाए। उन्होंने 1.27 करोड़ और ढाई करोड़ मतदाताओं के अंतर के साथ फॉर्म-6 में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया।
Akhilesh Yadav voter list statement
Akhilesh Yadav statement: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चुनाव आयोग के अधिकारियों की ओर से मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर दिए गए अलग-अलग आंकड़ों का हवाला देते हुए पूछा कि आखिर सच कौन बोल रहा है? अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की जा रही है और फर्जी मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश हो रही है।
आंकड़ों पर अखिलेश का सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कही है, जबकि चुनाव आयोग के अधिकारी ढाई करोड़ मतदाताओं के गायब होने की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब दोनों तरफ से अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं तो आखिर झूठ कौन बोल रहा है?
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग एक माहौल तैयार कर फर्जी वोटरों को मतदाता सूची में शामिल कराने का काम कर रहा है। उनके मुताबिक, रोजाना सामान्य से 22 गुना अधिक फॉर्म-6 भरे जा रहे हैं। जिन इलाकों में पहले वोट कम हुए थे, वहां अब अचानक मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी है। अखिलेश ने दावा किया कि 17 नवंबर तक 55,884 वोट दोबारा जुड़वाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी का असर खास तौर पर शहरी विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिला है, लेकिन अब ग्रामीण इलाकों में भी वोट बढ़ाए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग ट्रांसफर-पोस्टिंग पर ध्यान नहीं दे रहा
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग ट्रांसफर-पोस्टिंग के मामले को भी गंभीरता से नहीं देख रहा है। उन्होंने 15 नवंबर को हुए तबादलों का जिक्र करते हुए कहा कि डुप्लीकेट मतदाताओं को लेकर की गई शिकायतों पर भी अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल की तरह चुनाव लूटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बाहर से ऐसे लोग आए हैं, जो मतदाता के तौर पर पंजीकृत नहीं हैं। अखिलेश ने कहा कि अभी नंबरों का खेल चलने की चर्चा है और आने वाले समय में इसमें और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
परिसीमन को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना
परिसीमन के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा कि परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उनके मुताबिक, अब तक केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकारों ने जो बड़े फैसले लिए हैं, उनसे आम जनता को कोई फायदा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतने के मकसद से परिसीमन का मुद्दा आगे बढ़ा रही है।
अखिलेश ने कहा कि परिसीमन से जुड़े बिल पर कौन-सा राजनीतिक दल किसके साथ खड़ा होता है, यह भी जल्द साफ हो जाएगा।
इंडिया गठबंधन के 403 उम्मीदवारों पर क्या बोले अखिलेश?
आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन की रणनीति पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सीटों को लेकर सहयोगी दलों के साथ मिलकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के 403 प्रत्याशी होंगे। सपा बीजेपी की हर रणनीति पर नजर रख रही है। अखिलेश ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी इस समय चुनाव आयोग का काम कर रही है।
बुलडोजर को बताया मुख्यमंत्री का प्रिय खेल
प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद राजनीतिक प्रदूषण बढ़ा है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार उनके और उनके साथियों के खेल से परेशान है। मुख्यमंत्री कौन-सा खेल खेल रहे हैं? उनका प्रिय खेल तो बुलडोजर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग जनता को डरा रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपनी हार का अंदाजा हो गया है। अखिलेश ने गोरखपुर में हुई एक रैली का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वहां एक रैली देखकर ही घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें न छेड़े, क्योंकि वे लोग मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में जुटे हैं।
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के दरवाजे सेवा करने वाले लोगों के लिए खुले हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी जरूरी बताया और नोएडा को अर्बन डेवलपमेंट का उदाहरण बनाने की बात कही।


