TRENDING TAGS :
जेल में नही थम रहे अतीक के बेटे अली के आंसू! अबान की मौत से लगा गहरा धक्का, खाना-पीना छोड़ा
Atiq Ahmed Son Ali: अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को छोटे भाई अबान की मौत का गहरा सदमा लगा है। झांसी जेल लौटने के बाद अली भावुक होकर रो रहे हैं और जेल सूत्रों के मुताबिक उन्होंने खाना-पीना तक छोड़ दिया है।
Atiq Ahmed Son Ali: उत्तर प्रदेश की झांसी जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का अपने छोटे भाई की अचानक मौत के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क दुर्घटना में छोटे भाई अबान की जान जाने की खबर ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है। जेल सूत्रों के अनुसार, जब भी अली को अपने भाई की याद आती है, तो उसकी आंखों से लगातार आंसू बहने लगते हैं। वह कभी भाई की दी हुई पुरानी किताबों को देखता है तो कभी बैरक में गुमसुम बैठा रहता है। उसे इस बात का सबसे बड़ा मलाल है कि इस कठिन समय में वह अपने परिवार के साथ बाहर मौजूद नहीं रह सका।
जनाजे के बाद वापसी, मीडिया के सामने साधी चुप्पी
झांसी जेल में अपने भाई अली से मुलाकात करने जाते समय गुरुवार को हुए भयानक हादसे में अबान की असमय मौत हो गई थी। जनाजे की रस्मों में शामिल होने के बाद अली रविवार सुबह करीब 4 बजकर 38 मिनट पर वापस झांसी जेल लौट आया। जेल परिसर में दाखिल होते वक्त मीडियाकर्मियों ने उससे बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उसने पूरी तरह खामोशी बनाए रखी। वापस अपनी बैरक में पहुंचते ही अली फिर से गहरे सदमे में चला गया। भाई को खोने के बाद उसने जेल में खाना-पीना तक पूरी तरह त्याग दिया था।
कब्रिस्तान में भाइयों का छलका दर्द, गले लगकर रोए
प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में अबान को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद एक बेहद भावुक करने वाला दृश्य सामने आया। मिट्टी देने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतीक अहमद के तीनों बेटे- अली अहमद, मोहम्मद उमर और एहजम एक-दूसरे के गले लगकर काफी देर तक बिलखते रहे। पैरोल पर बाहर आए बड़े भाई अली ने हिम्मत दिखाते हुए अपने छोटे भाई एहजम को संभाला और उसे दिलासा दिया। छोटे भाई को हमेशा के लिए खो देने के गम में वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें पूरी तरह नम हो गईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
डॉक्टरों के विशेष पैनल ने झांसी में हुए इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 21 वर्षीय अबान और उसके साथी सोनू के शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट से पता चला है कि अबान के शरीर पर करीब 23 गंभीर चोटों के निशान मिले थे। दुर्घटना की भीषण टक्कर के कारण फेफड़े, लीवर और तिल्ली फटने के साथ-साथ पसलियों के टूटने से शरीर के अंदर भारी मात्रा में खून बह गया था, जो मौत का मुख्य कारण बना। वहीं, उसके साथी सोनू के दोनों हाथों में फ्रैक्चर और सिर की हड्डी टूटने की वजह से मौके पर ही सांसें थम गई थीं।


