TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में 20 मई को किसान दिवस, डीएम सुनेंगे समस्याएं; 22 मई को मंडलीय गोष्ठी
Aligarh News: अलीगढ़ में 20 मई को किसान दिवस आयोजित होगा जिसमें डीएम किसानों की समस्याएं सुनेंगे। 22 मई को मंडलीय खरीफ गोष्ठी भी होगी।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: अलीगढ़ न्यूज: जनपद के किसानों की समस्याओं के समाधान और खरीफ सीजन 2026-27 की बेहतर तैयारियों को लेकर कृषि विभाग सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में 20 मई, बुधवार को क्वार्सी फार्म परिसर स्थित किसान कल्याण केंद्र में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें किसानों की समस्याओं के निस्तारण के साथ कृषि विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी।
उप कृषि निदेशक चौधरी अरुण कुमार ने बताया कि किसान दिवस में किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, फसल सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किसान अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। उन्होंने जनपद के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
इसी बीच, खरीफ सीजन में अधिक उत्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 22 मई को बरेली स्थित आईवीआरआई के विवेकानंद ऑडिटोरियम में अलीगढ़, आगरा और बरेली मंडल की संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह गोष्ठी कृषि उत्पादन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में पूर्वाह्न 10:30 बजे से शुरू होगी। आयुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्य विकास अधिकारियों सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रत्येक जनपद से 20 प्रगतिशील किसानों और एक विशिष्ट महिला कृषक को भी इस गोष्ठी में शामिल किया जाएगा, ताकि आधुनिक कृषि तकनीकों और सफल प्रयोगों का आदान-प्रदान हो सके। गोष्ठी में खरीफ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए जनपदवार रणनीतियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, कीट नियंत्रण और कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह आयोजन किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश की कृषि व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।


