TRENDING TAGS :
Aligarh News: 55 युवाओं को मिला 2 करोड़ का ऋण, बनेंगे उद्यमी
Aligarh News: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अलीगढ़ में मंडल स्तरीय शिविर लगा, अलीगढ़ समेत चार जिलों के लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए मिले ऋण के चेक।
55 युवाओं को मिला 2 करोड़ का ऋण, बनेंगे उद्यमी (Photo- Newstrack)
Aligarh News: युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अलीगढ़ में मंडल स्तरीय बृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। फॉर्च्यून होटल में आयोजित शिविर में अलीगढ़ मंडल के चार जिलों के 55 लाभार्थियों को करीब दो करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। आर्थिक सहायता मिलने से लाभार्थी अब अपने स्वरोजगार और व्यवसाय स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में अलीगढ़, कासगंज, हाथरस और एटा जनपदों से आए लाभार्थियों को चेक के माध्यम से ऋण प्रदान किया गया। योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना है। ऋण वितरण के दौरान लाभार्थियों को अपने व्यवसाय की शुरुआत करने, उसे आगे बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने अधिकारियों के साथ लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही आर्थिक सहायता का लाभ उठाकर अपने उद्यम को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से युवा न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, बल्कि दूसरे लोगों को भी रोजगार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश के युवाओं को उद्यमी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराकर युवाओं को अपने व्यवसायिक सपनों को साकार करने का अवसर दिया जा रहा है। इससे युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
शिविर में मंडल के चारों जिलों के लाभार्थियों और संबंधित अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी, उपायुक्त उद्योग अलीगढ़ एसपी यादव, मंडल के समस्त उपायुक्त उद्योग, संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक और लाभार्थी मौजूद रहे। करीब दो करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से 55 लाभार्थियों के स्वरोजगार की राह खुलने के साथ मंडल में उद्यमिता को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई गई।


